चरित्र शंका में पति बना हैवान, पत्नी का सिर मुंडाया, कपड़े फाड़े, कालिख पोती और बच्चों का पिलाया पेशाब

Husband Cruelty to Wife: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से मानवता और पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति ने चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी पर क्रूरता की सारी सीमाएं पार कर दी। आरोपी ने पत्नी के हाथ-पैर बांधकर उसकी बेरहमी से पिटाई की, कपड़े फाड़ दिए, सिर मुंडवा दिया, चेहरे पर कालिख पोत दी। इतना ही नहीं उसे बच्चों और अपना पेशाब पीने तक के लिए भी मजबूर किया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश है। वहीं पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि इतने गंभीर आरोपों के बावजूद पहले मामूली धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के स्कूलों में नई प्रार्थना व्यवस्था लागू, मंत्रोच्चार से लेकर राष्ट्रगीत तक अनिवार्य, सियासी पारा भी हाई
जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिले के रूनियाडीह के रहने वाले जितेंद्र घसिया ने 2006 में करंजी क्षेत्र की रहने वाली महिला से लव मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों के चार बच्चे हुए। हालांकि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था और करीब एक साल से दोनों अलग रह रहे थे। पीड़िता अपने बच्चों का पालन-पोषण करने के लिए लोगों के घरों में काम कर रही थी और कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र अंतर्गत पंडोपारा इलाके में रह रही थी। बताया जा रहा है कि आरोपी पति रायपुर में मजदूरी का काम करता है।पीड़िता के मुताबिक 11 जून को वह पंडोपारा स्थित एक परिचित के घर गई थी। 14 जून को उसका पति उसे खोजते हुए वहां पहुंच गया। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने पत्नी के साथ बर्बरता शुरू कर दी।

आरोप है कि पति ने पहले पत्नी के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए। इसके बाद उसके कपड़े फाड़े, जूते और हाथों से बेरहमी से पीटा, बाल खींचे और लगातार थप्पड़ मारे। इतना ही नहीं, कैंची से बाल काटने के बाद रेजर से उसका सिर पूरी तरह मुंडवा दिया और चेहरे पर कालिख पोत दी। आरोपी ने यह सब बच्चों के सामने किया। आरोप है कि पिता के कहने पर बच्चों से भी उनकी मां को थप्पड़ मरवाए गए। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि इसके बाद आरोपी ने बच्चे का पेशाब उसे पिलाया और बाद में अपना पेशाब भी पीने के लिए मजबूर किया। आरोपी ने पत्नी पर दूसरे पुरुषों के साथ संबंध रखने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि उसकी पत्नी पहले उसके जीजा और बाद में भांजे के साथ भाग गई थी।

आरोपी का कहना है कि पत्नी बच्चों को छोड़कर दूसरे व्यक्ति के साथ रह रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। पीड़िता ने बाद में पटना थाना पहुंचकर आरोपी पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। मामले में शुरुआत में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 351(2) और 85 के तहत अपराध दर्ज किया। हालांकि वीडियो सामने आने और पीड़िता के बयान के बाद पुलिस ने संकेत दिए हैं कि मामले में और गंभीर धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।पटना थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय के मुताबिक शुरुआती शिकायत में पेशाब पिलाने जैसी बात का उल्लेख नहीं था। बाद में वायरल वीडियो और पीड़िता के बयान में यह तथ्य सामने आया, जिसके आधार पर कानूनी पहलुओं की दोबारा समीक्षा की जा रही है।
महिला आयोग, DGP और मुख्यमंत्री से शिकायत
पुलिस का कहना है कि आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस ने मामले की गंभीरता के अनुरूप तत्काल कार्रवाई नहीं की। कार्रवाई में देरी और हल्की धाराएं लगाए जाने से नाराज पीड़िता स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता और नेता पंकज तिवारी के पास पहुंची। बताया जा रहा है कि मामले की शिकायत राज्य महिला आयोग, छत्तीसगढ़ के डीजीपी और मुख्यमंत्री को भी भेजी गई है। शिकायत में आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की गई है। इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा, घरेलू हिंसा और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिस तरह से एक महिला को सार्वजनिक रूप से अपमानित कर उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया और उसका वीडियो वायरल किया गया, उसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। अब सभी की नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी है कि आरोपी को कब गिरफ्तार किया जाता है और इस जघन्य मामले में उसे कितनी कड़ी सजा दिलाई जा सकेगी।



