Google Analytics —— Meta Pixel

CM House High Level Meeting : रात 2 बजे तक चली हाई लेवल बैठक, भाजपा नेताओं ने कहा- सब सेफ है

CM House High Level Meeting :  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सरकारी निवास पर देर रात आयोजित हाई लेवल बैठक (CM House High Level Meeting) ने प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज कर दी। करीब पांच घंटे तक चली इस मैराथन बैठक में मुख्यमंत्री, राज्य मंत्रिपरिषद के सभी सदस्य और भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक देर रात करीब दो बजे समाप्त हुई।

बैठक को लेकर पूरे दिन राजनीतिक गलियारों में मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल की अटकलें लगाई जाती रहीं। सूत्रों के मुताबिक प्रदेश से बाहर या दौरे पर मौजूद कुछ मंत्रियों को भी तत्काल रायपुर बुलाया गया था, जिससे चर्चाओं को और बल मिला। हालांकि बैठक समाप्त होने के बाद नेताओं ने इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया।

बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री Vijay Sharma ने कहा कि सत्ता और संगठन के बीच इस तरह की बैठकें नियमित रूप से आयोजित होती हैं। उन्होंने बताया कि हर तीन महीने में समीक्षा बैठक होती है, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय की जाती है।

उन्होंने कहा कि बैठक में मंत्रियों और विधायकों के प्रभार क्षेत्रों के दौरे, जनसंपर्क अभियान और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। साथ ही जनप्रतिनिधियों की सक्रियता और जिम्मेदारियों को लेकर भी चर्चा हुई। विजय शर्मा ने स्पष्ट किया कि मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर बैठक में कोई चर्चा नहीं हुई।

वहीं उपमुख्यमंत्री Arun Sao ने भी इसे नियमित समीक्षा बैठक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर व्यापक चर्चा की गई।

बैठक के बाद मंत्री Ramvichar Netam ने मुस्कुराते हुए कहा, “सब मुस्कुराइए, सब सेफ है और छत्तीसगढ़ सेफ है।” उन्होंने कहा कि बैठक को लेकर लगाए जा रहे सभी राजनीतिक कयास निराधार साबित हुए हैं।

वन मंत्री Kedar Kashyap ने बताया कि बैठक में मंत्रियों और विधायकों के कार्यों की समीक्षा की गई। इसमें प्रभार क्षेत्रों के दौरे, केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार, प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रमों और जनसंपर्क गतिविधियों पर चर्चा हुई।

हालांकि बैठक को लेकर दिनभर राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं चलती रहीं, लेकिन बैठक खत्म होने के बाद भाजपा नेताओं ने इसे सत्ता और संगठन के बीच समन्वय और समीक्षा के लिए आयोजित नियमित बैठक (CM House High Level Meeting) बताया। इसके बावजूद देर रात तक चली इस बैठक ने प्रदेश की राजनीति में उत्सुकता और चर्चाओं का माहौल बनाए रखा।

यह भी पढ़े :- अब हर पात्र परिवार तक पहुंचेगा लाभ, छत्तीसगढ़ में शुरू होगा ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान

Back to top button
error: Content is protected !!