CM हाउस बैठक पर गरमाई सियासत, अजय चंद्राकर ने कांग्रेस को दिया करारा जवाब
रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में हाल ही में हुई मंत्रियों की हाईलेवल बैठक को लेकर कांग्रेस द्वारा सरकार पर लगाए गए आरोपों पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर (Ajay Chandrakar) ने तीखा पलटवार किया है। कांग्रेस ने बैठक को सरकार के भीतर “विस्फोटक स्थिति” का संकेत बताया था, जिस पर अजय चंद्राकर ने कहा कि असली संकट भाजपा में नहीं, बल्कि कांग्रेस के भीतर है।
मीडिया से बातचीत में अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस में लगातार नेता पार्टी छोड़ रहे हैं, जिससे साफ है कि पार्टी आंतरिक संकट से गुजर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस अब राजनीतिक रूप से कमजोर हो चुकी है और जनता का भरोसा भी खो रही है।
मुख्यमंत्री स्तर पर हुई बैठक को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि यह सरकार और संगठन के बीच होने वाली एक सामान्य और नियमित समीक्षा बैठक थी। इसमें विभागीय कामकाज, योजनाओं की प्रगति और आगामी रणनीतियों पर चर्चा की गई। इसे राजनीतिक रंग देना पूरी तरह गलत है।
Rahul Gandhi के 21 जून को छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी अजय चंद्राकर ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को प्रशिक्षण शिविर की जरूरत क्यों पड़ रही है, यह समझ से परे है। उन्होंने कहा कि संभवतः राहुल गांधी पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel को बधाई देने आ रहे हैं।
भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए भाजपा विधायक ने कहा कि जहां-जहां वे जाते हैं, वहां पार्टी को हार का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी में अब गिने-चुने नेता ही बचे हैं और मौजूदा हालात लगातार पराजय की ओर इशारा कर रहे हैं।
शराब की ओवररेटिंग को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस को इस मुद्दे पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है, क्योंकि उसके शासनकाल में कई भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए थे।
इंडिया गठबंधन को लेकर भी उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि गठबंधन के भीतर अंदरूनी कलह और अस्थिरता बढ़ती जा रही है, जो राजनीतिक अराजकता का संकेत है। उन्होंने कांग्रेस से जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाने की अपील की।
वहीं NEET Examination परीक्षा विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि इस बार सरकार ने सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अक्सर ऐसे नैरेटिव गढ़ती है, जिनका उद्देश्य जनता को भ्रमित करना होता है।
यह भी पढ़े :- CM House High Level Meeting : रात 2 बजे तक चली हाई लेवल बैठक, भाजपा नेताओं ने कहा- सब सेफ है



