Google Analytics —— Meta Pixel

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर सियासत तेज, अखिलेश बोले- धर्म नहीं, धन से प्यार, भाजपा ने आरोपों पर किया पलटवार

Ram Mandir Chadhava Controversy: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे और दान राशि में कथित अनियमितताओं के आरोपों को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। विपक्ष जहां मामले में FIR और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है, वहीं भाजपा का कहना है कि जांच चल रही है और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई होगी। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने राम मंदिर चढ़ावे में कथित हेराफेरी पर कहा कि जो खबरें आ रही हैं वह दुखद हैं। भगवान राम के प्रति लोगों की श्रद्धा और लगाव की तुलना किसी और चीज से नहीं की जा सकती। लोग यह स्वीकार नहीं कर सकते थे कि उनके चढ़ावे को लेकर भी ऐसी खबरें आएंगी। सरकार ने SIT जरूर गठित की है, लेकिन क्या SIT को निष्पक्ष काम करने देंगे, यह भी बड़ा सवाल है। भाजपा ने यह साबित कर दिया कि धर्म से ज्यादा उन्हें धन से प्यार है और सनातन परंपरा को इतनी बड़ी ठेस पहुंचाना, इसकी कोई कल्पना नहीं कर सकता था। हमें उम्मीद है कि सच्चाई सामने आएगी।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून कमजोर, सामान्य से 61% कम बारिश, गर्मी का असर बरकरार

कांग्रेस नेता तारीक अनवर ने कहा कि जब तक कोई कड़ी कार्रवाई नहीं होती है, तब तक ऐसा लगता है कि लीपापोती हो रही है, जो लोग इस पूरे गबन में शामिल हैं उन्हें बचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसमें FIR करनी चाहिए थी, जिन पर आरोप लगते उन्हें गिरप्तार करना चाहिए था, पूछताछ करनी चाहिए थी, लेकिन यह नहीं किया गया। कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने कहा कि भगवान के घर चोरी हुई है। भगवान के घर हुई इस चोरी, डकैती का पता जरूर लगाना चाहिए। यह लोगों की आस्था पर चोट है। सरकार जानती है कि वह क्या कर रही है। बिना FIR के SIT बनाने का क्या मतलब है और इसमें क्या कानूनी पहलू हैं, यह वही बता सकते हैं। सरकार जिस राह पर चल रही है, उस पर जवाब सरकार दे सकती है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा हिंदू देवी-देवताओं, मठों, मंदिरों और सनातन का अपमान किया है। सब जानते हैं कि समाजवादी पार्टी की सरकार में कैसे निहत्थे कारसेवकों पर गोलियां चलाई गईं और समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने लगातार भगवान श्री राम के भव्य मंदिर के निर्माण को रोकने की कोशिश की। 

उन्हें मंदिर और उसमें लोगों की आस्था पच नहीं रही: मंत्री भूपेंद्र 

मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने आगे कहा कि उन्हें मंदिर और उसमें लोगों की आस्था पच नहीं रही, इसलिए वे बेवजह आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कभी दरगाहों और मस्जिदों के चंदे की बात नहीं की, वे आज किस मुंह से राम मंदिर के चंदे की बात कर रहे हैं? मुख्यमंत्री ने इसका संज्ञान लिया है, SIT जांच कर रही है। इसकी रिपोर्ट जल्द आएगी। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने साफ कहा है कि 15 दिन का समय दें। पूरी जांच होगी और जो दोषी पाए जाएंगे, उन्हें जनता के सामने लाया जाएगा। एक SIT का गठन हुआ है। भाजपा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने राम मंदिर चंदा मामले में अखिलेश यादव के बयान पर कहा कि वे लोग आज आरोप लगा रहे हैं, जिनके दल के इसारे पर कारसेवकों पर गोलियां चली थी, जिनके पास सबूत है वो तथ्यों के साथ SIT के सामने पेश करें। आरोप पर आपत्ति नहीं है। आरोप के पीछे के तथ्य प्रस्तुत करने चाहिए। (Ram Mandir Chadhava Controversy)

क्या है पूरा मामला ?

अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे और दान राशि के प्रबंधन को लेकर हाल के दिनों में विवाद खड़ा हुआ। विपक्षी दलों और कुछ सामाजिक संगठनों ने आरोप लगाया कि मंदिर के दानपात्रों और चढ़ावे की राशि के प्रबंधन में अनियमितताएं हुई हैं। साथ ही करोड़ों रुपए का गबन किया गया। कुछ रिपोर्ट्स में चांदी की ईंटों, दानपात्रों की खरीद और वित्तीय प्रक्रियाओं में गड़बड़ी के आरोप भी सामने आए हैं। विवाद बढ़ने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने तीन सदस्यीय विशेष जांच दल यानी SIT का गठन किया। SIT को सात दिन में प्रारंभिक और 15 दिन में अंतिम रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। जांच टीम में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक मंदिर ट्रस्ट ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी, ताकि आरोपों की सच्चाई सामने आ सके और मंदिर की छवि पर उठ रहे सवालों का जवाब मिल सके। फिलहाल SIT जांच जारी है और अंतिम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपों की सत्यता और संभावित कार्रवाई की तस्वीर साफ हो सकेगी। (Ram Mandir Chadhava Controversy)

Back to top button
error: Content is protected !!