Google Analytics —— Meta Pixel

लखनऊ अग्निकांड के बाद देशभर में खुली कोचिंग सेंटरों की पोल, कहीं फायर एनओसी नहीं तो कहीं बंद मिले इमरजेंसी गेट

Coaching Center Fire Safety: लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस हादसे में 15 छात्रों की मौत के बाद अब अलग-अलग राज्यों के कोचिंग संस्थानों में रियलिटी चेक किया गया, जिसमें यह पता चला कि देश के कई हिस्सों में हजारों छात्र आज भी मौत के साए में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। दिल्ली के लक्ष्मी नगर और मधु विहार क्षेत्र में संचालित कई कोचिंग और लाइब्रेरी संस्थानों में गंभीर खामियां सामने आईं। कई जगहों पर प्रवेश और निकास के लिए सिर्फ एक ही संकरा रास्ता मिला। कुछ संस्थानों के पास फायर विभाग की एनओसी तक नहीं थी। भवनों में आग लगने की स्थिति में छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले।

यह भी पढ़ें:- नारायणपुर से उठी धर्मांतरण की बहस, नेताओं के बयान से बढ़ा सियासी तापमान, जानिए क्यों बढ़ रहे हैं धर्मांतरण को लेकर विवाद ?

संगम नगरी प्रयागराज में कई लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर बेसमेंट में संचालित होते मिले। यहां सुरक्षा मानकों का खुलेआम उल्लंघन सामने आया। आपातकालीन निकास और फायर सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था कई स्थानों पर नहीं मिली, जिस अलीगंज इलाके में हादसा हुआ, वहीं किए गए निरीक्षण में कई कोचिंग सेंटरों में संकरे रास्ते, एक ही एंट्री-एग्जिट पॉइंट और खराब पड़े अग्निशमन उपकरण मिले। कई संस्थान घटना के बाद एहतियातन बंद दिखाई दिए, लेकिन सुरक्षा कमियों को लेकर सवाल बरकरार हैं। मुंबई के कांदिवली स्थित एक व्यावसायिक भवन में संचालित ट्यूटोरियल क्लासेज और ऑफिसों के निरीक्षण में चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई। भवन में कई इमरजेंसी गेट होने के बावजूद अधिकांश पर ताले लगे मिले। कई मंजिलों पर अग्निशमन यंत्र नहीं पाए गए। आग जैसी स्थिति में बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

वाराणसी में कार्रवाई के डर से बंद हुआ कोचिंग सेंटर

वाराणसी के दुर्गाकुंड क्षेत्र में एक प्रमुख कोचिंग संस्थान ने लखनऊ हादसे के बाद तीन दिन तक अपनी गतिविधियां बंद रखी। जानकारी के मुताबिक संस्थान सालों से बिना पर्याप्त फायर सुरक्षा इंतजामों के संचालित हो रहा था। अब वहां अग्निशमन उपकरण लगाए जा रहे हैं। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कई कोचिंग सेंटरों में इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था नहीं मिली। कुछ स्थानों पर सिर्फ औपचारिकता निभाने के लिए इमरजेंसी गेट बनाए गए थे, जिनका वास्तविक उपयोग संदिग्ध पाया गया। लखनऊ हादसे के बाद कानपुर विकास प्राधिकरण ने बड़ा अभियान चलाते हुए 30 इमारतों को सील कर दिया है। काकादेव क्षेत्र में संचालित कई कोचिंग संस्थान जांच के दायरे में आए हैं। प्रशासन लगातार अवैध और मानकविहीन इमारतों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। (Coaching Center Fire Safety)

वडोदरा में भी मंडरा रहा खतरा

गुजरात के वडोदरा में किए गए निरीक्षण में कई कोचिंग संस्थान ऐसे भवनों में संचालित मिले जहां सुरक्षा इंतजाम बेहद कमजोर हैं। संकरे रास्ते, अपर्याप्त निकास व्यवस्था और फायर सुरक्षा की कमी भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका को बढ़ा रही है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में हादसे के बाद कोचिंग संचालकों ने सुरक्षा व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का दावा किया है। संस्थानों में आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए छात्रों को जागरूक करने की पहल भी शुरू की गई है। राजस्थान की राजधानी जयपुर में प्रशासन ने कई कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई शुरू की है। गोपालपुरा क्षेत्र समेत कई इलाकों में बिना फायर एनओसी संचालित संस्थानों को नोटिस और सीलिंग की कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। जांच में यह भी सामने आया कि कई जगह कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरण चलाना तक नहीं आता। (Coaching Center Fire Safety)

गाजियाबाद में अधिकांश संस्थान मानकों पर फेल

गोरखपुर में मेडिकल और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। प्रशासन अब फायर सेफ्टी मानकों के पालन की समीक्षा कर रहा है। गाजियाबाद में दमकल विभाग की जांच में कई नामी कोचिंग संस्थानों के पास फायर एनओसी नहीं मिली। कई जगह अग्निशमन यंत्र, हौज पाइप, अलार्म सिस्टम और सुरक्षित निकास मार्ग तक नहीं पाए गए। कुछ भवनों में छत तक जाने के रास्ते भी बंद मिले। संभल जिले के चंदौसी में कई कोचिंग सेंटर और ई-लाइब्रेरी बेहद तंग कमरों में संचालित होती मिलीं। संकरे प्रवेश द्वार, बिजली के झूलते तार और फायर सुरक्षा के अभाव ने गंभीर खतरे की तस्वीर पेश की। बलिया में अग्निशमन विभाग ने कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण शुरू किया है। वहीं प्रतापगढ़ में औचक जांच के दौरान फायर एक्सटिंग्विशर और अलार्म सिस्टम खराब मिले। अधिकारियों ने उपकरणों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं।

सवालों के घेरे में पूरा सिस्टम

लखनऊ की त्रासदी ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर सुरक्षा मानकों की नियमित निगरानी क्यों नहीं होती। अधिकांश शहरों में निरीक्षण के दौरान एक जैसी खामियां सामने आई हैं। बिना फायर एनओसी संचालन, संकरे रास्ते, बंद इमरजेंसी गेट, खराब अग्निशमन उपकरण और क्षमता से ज्यादा छात्रों की मौजूदगी। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर समय-समय पर प्रभावी निरीक्षण और नियमों का सख्ती से पालन कराया जाता, तो ऐसे हादसों की आशंका काफी हद तक कम की जा सकती थी। फिलहाल लखनऊ हादसे के बाद शुरू हुई कार्रवाई ने देशभर में कोचिंग उद्योग की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ी बहस छेड़ दी है और अब निगाहें इस बात पर हैं कि यह सख्ती कितने दिन तक जारी रहती है। लखनऊ का हादसा सिर्फ एक शहर की त्रासदी नहीं, बल्कि देशभर के कोचिंग सिस्टम में छिपी उस लापरवाही की चेतावनी है, जो हर दिन लाखों छात्रों की जिंदगी को खतरे में डाल रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!