Google Analytics —— Meta Pixel

3 दिन में सर्पदंश से 6 मौतें, बलरामपुर में करैत ने दो मासूम भाइयों की ली जान, जशपुर की महिला की भी मौत, कोरबा में दिखा 14 फीट लंबा किंग कोबरा 

Death Due to Snakebite: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच सर्पदंश की घटनाओं में तेजी से इजाफा हो रहा है। पिछले तीन दिनों में प्रदेश में सांप के काटने से 6 लोगों की मौत हो चुकी है। ताजा मामला बलरामपुर जिले का है, जहां करैत सांप के डसने से दो सगे मासूम भाइयों की मौत हो गई, जबकि जशपुर की एक महिला ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीनों का इलाज अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा था। इधर, कोरबा जिले में शनिवार को मुख्य मार्ग के किनारे करीब 14 फीट लंबे विशालकाय किंग कोबरा के दिखाई देने से लोगों में दहशत फैल गई। वन विभाग और सर्प विशेषज्ञों की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उसका सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में चिंतन शिविर पर सियासी वार-पलटवार, कांग्रेस और BJP के बीच जुबानी जंग तेज

बलरामपुर जिले के पिपरसोत गांव में गुरुवार रात 9 साल के विकास नगेशिया और उसका 3 साल का भाई विक्रांत नगेशिया घर के बाहर खाट पर सो रहे थे। रात करीब 11:30 बजे विकास को शरीर में कुछ काटने का एहसास हुआ और उसने शोर मचाया। परिजन मौके पर पहुंचे तो खाट पर करैत सांप बैठा मिला। घबराए परिजन दोनों बच्चों को तत्काल पिपरसोत अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान पहले 9 साल के विकास की मौत हो गई। वहीं आईसीयू में भर्ती उसके छोटे भाई विक्रांत ने भी शुक्रवार शाम करीब 4 बजे दम तोड़ दिया। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। (Death Due to Snakebite)

जशपुर में जमीन पर सो रही महिला को डसा

जशपुर जिले के डोकड़ा गांव निवासी 43 साल की सेबेपितया को 30 जून की रात उस समय सांप ने डस लिया, जब वह घर में चटाई बिछाकर जमीन पर सो रही थीं। परिजन पहुंचे तो कमरे में करैत सांप दिखाई दिया। महिला को पहले फरसाबहार अस्पताल और बाद में गंभीर हालत में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बारिश शुरू होने के साथ ही प्रदेश में सर्पदंश की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे पहले भी पिछले तीन दिनों में तीन अन्य लोगों की मौत हो चुकी है। बलरामपुर जिले के डंभाटोली गांव में जमीन पर सो रहे पिता और बेटी को जहरीले सांप ने डस लिया था, जिससे दोनों की मौत हो गई। वहीं सरगुजा जिले के लखनपुर में 13 साल की नाबालिग की करैत सांप के काटने से जान चली गई। लगातार हो रही मौतों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

कोरबा में 14 फीट लंबे किंग कोबरा का रेस्क्यू

इधर, शनिवार को कोरबा जिले के पसरखेत वन परिक्षेत्र में कोरबा-हाटी मुख्य मार्ग के किनारे बहने वाले नाले के पास झाड़ियों में करीब 14 फीट लंबा विशालकाय किंग कोबरा सड़क पार करता दिखाई दिया। सांप को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए RCRS की टीम को बुलाया गया। भारी बारिश के बीच करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद किंग कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया गया। स्वास्थ्य परीक्षण में सांप पूरी तरह स्वस्थ पाया गया, जिसके बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास के पास सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। (Death Due to Snakebite)

बारिश में क्यों बढ़ते हैं सर्पदंश के मामले ?

विशेषज्ञों के मुताबिक मानसून के दौरान बिलों और गुफाओं में पानी भर जाने के कारण सांप बाहर निकल आते हैं। कई बार वे घरों, खेतों, झाड़ियों और लकड़ी या ईंट के ढेर में छिप जाते हैं। रात के समय करैत जैसे जहरीले सांप ज्यादा सक्रिय रहते हैं, जिससे सोते समय लोगों के सर्पदंश का खतरा बढ़ जाता है। सर्प विशेषज्ञों का कहना है कि सर्पदंश के अधिकांश मामलों में समय पर अस्पताल पहुंचने और सही इलाज मिलने पर मरीज की जान बचाई जा सकती है। पिछले तीन दिनों में छह लोगों की मौत इस बात का संकेत है कि मानसून के दौरान अतिरिक्त सतर्कता की जरूरत है। विशेषज्ञों का कहना है कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू इलाज के बजाय तुरंत एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध अस्पताल पहुंचना ही जान बचाने का सबसे प्रभावी तरीका है। वहीं लोगों से अपील की गई है कि बारिश के मौसम में रात के समय विशेष सावधानी बरतें और घरों-आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखें, ताकि सांपों के छिपने की संभावना कम हो सके।

Back to top button
error: Content is protected !!