बिलासपुर में पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या, फिर पति ने लगाई फांसी, कमरे में बंद मिले दो मासूम बच्चे

Murder Suicide in Bilaspur: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां तोरवा थाना क्षेत्र के एक किराए के मकान में पति-पत्नी की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति ने पहले अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या की और उसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय दंपती के दो मासूम बच्चे घर के दूसरे कमरे में बंद मिले, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला। मृतकों की पहचान अशोक देवांगन (52) और उनकी पत्नी धनेश्वरी देवांगन (49) के रूप में हुई है। शनिवार सुबह काफी देर तक घर के अंदर कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर पुलिस और मकान मालिक मौके पर पहुंचे। परिजनों की मौजूदगी में जब घर का दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए।
यह भी पढ़ें:- बारिश में बढ़ा करैत का खतरा, भारत के सबसे जहरीले सांपों में शामिल, समय पर इलाज ही बचा सकता है जान
एक कमरे में अशोक देवांगन का शव फंदे से लटका हुआ मिला, जबकि दूसरे कमरे में उनकी पत्नी धनेश्वरी का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे हत्या के बाद आत्महत्या का मामला माना है। घटना के दौरान दंपती के दो छोटे बच्चे घर के दूसरे कमरे में बंद थे। पुलिस ने दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद से दोनों बच्चे सदमे में हैं। पुलिस उनकी काउंसिलिंग कराने की तैयारी कर रही है, ताकि संवेदनशील तरीके से उनसे घटना के संबंध में जानकारी ली जा सके। पुलिस का मानना है कि बच्चों के बयान से घटना की परिस्थितियों को समझने में मदद मिल सकती है। (Murder Suicide in Bilaspur)
सब्जी बेचने का काम करता था अशोक
पुलिस जांच में पता चला है कि अशोक देवांगन सब्जी बेचने का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से काम पर नहीं जा रहा था और अधिकतर समय घर पर ही रह रहा था। ऐसे में पुलिस आर्थिक तंगी, व्यवसाय में नुकसान, पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। सीएसपी गगन कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि अशोक देवांगन ने पहले अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या की और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। (Murder Suicide in Bilaspur)
पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा लिए हैं और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। तोरवा थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और परिजनों समेत आसपास के लोगों के बयान के आधार पर ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। फिलहाल इस दोहरी मौत की गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुटी हुई है। शुरुआती जांच में मामला हत्या के बाद आत्महत्या का माना जा रहा है, लेकिन आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं कि एक ही परिवार उजड़ गया, इसका जवाब पोस्टमॉर्टम, फोरेंसिक रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगा। वहीं इस दर्दनाक घटना के बाद दो मासूम बच्चों का भविष्य भी सबसे बड़ा सवाल बन गया है।



