चीन में जलप्रलय के बीच नया खतरा, बाढ़ में बहकर निकले 900 कोबरा, घरों में घुस रहे जहरीले सांप, लोगों में दहशत

Snake Threat in China: चीन इस समय भीषण प्राकृतिक आपदा का सामना कर रहा है। लगातार हो रही चक्रवाती बारिश ने देश के कई हिस्सों में जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। दक्षिणी चीन से लेकर उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों तक मूसलाधार बारिश और बाढ़ ने तबाही मचा रखी है। हजारों घर जलमग्न हो चुके हैं, सड़कें नदी में तब्दील हो गई हैं, पुल क्षतिग्रस्त हैं और तेज बहाव में वाहन बहते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि इस बाढ़ ने सिर्फ लोगों की जिंदगी ही मुश्किल नहीं बनाई है, बल्कि अब एक नया और बेहद खतरनाक संकट भी सामने आ गया है। बाढ़ के पानी में सैकड़ों जहरीले कोबरा बहकर आबादी वाले इलाकों में पहुंच गए हैं, जिससे लोगों में भारी दहशत फैल गई है।
सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया में वायरल हो रहे फोटो-वीडियो इस भयावह स्थिति की तस्वीर बयां कर रहे हैं। कई वीडियो में उफनती बाढ़ के बीच कोबरा फन उठाए तैरते दिखाई दे रहे हैं। कहीं घरों के भीतर सांप घुस गए हैं, तो कहीं लोग लाठियों और डंडों की मदद से उन्हें बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। कई इलाकों में लोग कमर तक भरे पानी में बेहद सावधानी के साथ चलते नजर आ रहे हैं, क्योंकि उन्हें हर पल जहरीले सांपों के सामने आने का डर सता रहा है। जानकारी के मुताबिक यह स्थिति तब और गंभीर हो गई जब चीन के हेंगझोउ प्रांत में सोमवार रात आए आंधी-तूफान और बाढ़ के दौरान एक स्नेक फार्म पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। फार्म के टूटते ही वहां रखे गए करीब 900 कोबरा बाढ़ के तेज बहाव में बहकर आसपास के गांवों और रिहायशी इलाकों में फैल गए। इसके बाद लगातार कोबरा दिखाई देने की घटनाएं सामने आने लगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले कभी इतनी बड़ी संख्या में जहरीले सांप नहीं देखे गए थे। अब हालात ऐसे हैं कि लोग अपने घरों का दरवाजा खोलने से पहले भी सावधानी बरत रहे हैं। खेतों, गलियों और बाढ़ के पानी में कोबरा दिखाई देने की वजह से लोगों की चिंता और बढ़ गई है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक कई इलाकों में सांपों के काटने की घटनाएं भी सामने आई हैं। हालांकि प्रशासन ने आधिकारिक रूप से सभी मामलों की पुष्टि नहीं की है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में एंटी-वेनम का अतिरिक्त स्टॉक रखने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। बढ़ते खतरे को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। (Snake Threat in China)

अधिकारियों ने साफ कहा है कि अगर किसी घर, खेत या आसपास के इलाके में सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने की कोशिश न करें। तुरंत संबंधित वन्यजीव बचाव दल या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें। प्रशासन का कहना है कि बाढ़ के दौरान सांप घबराकर सुरक्षित स्थान तलाशते हैं और ऐसे में वे घरों या ऊंचे स्थानों की ओर चले जाते हैं। चीन में लगातार हो रही बारिश का असर देश की नदी व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दे रहा है। सरकारी एजेंसियों के मुताबिक 62 नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंच चुका है। कई जिलों में नदियां उफान पर हैं, जिससे नए इलाकों में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। कई गांवों का संपर्क टूट चुका है और राहत दल नावों तथा हेलीकॉप्टरों की मदद से लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
हजारों लोग सुरक्षित जगहों पर पहुंचाए गए
चक्रवाती प्रणाली ‘मेसाक’ के प्रभाव से हुई मूसलाधार बारिश ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक इस आपदा से 93,300 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि 54,460 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राहत शिविरों में भोजन, दवाइयों और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। आपदा राहत एजेंसियां, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल लगातार प्रभावित इलाकों में राहत कार्य चला रहे हैं। कई जगहों पर नावों के जरिए लोगों को निकाला जा रहा है, जबकि सड़क संपर्क टूटने वाले क्षेत्रों में हेलीकॉप्टरों की मदद से राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। (Snake Threat in China)
दोहरी मुसीबत से जूझ रहा चीन
चीन इस समय दोहरी चुनौती का सामना कर रहा है। एक तरफ बाढ़ ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है, वहीं दूसरी ओर बाढ़ के पानी में बहकर आए जहरीले कोबरा लोगों के लिए नई मुसीबत बन गए हैं। ऐसे हालात में राहत और बचाव कार्य भी चुनौतीपूर्ण हो गया है। प्रशासन का पूरा ध्यान लोगों की जान बचाने के साथ-साथ जहरीले सांपों से होने वाले खतरे को कम करने पर भी केंद्रित है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि अगर बारिश का सिलसिला जारी रहा तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। बता दें कि भारत में भी बारिश के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा रहा है। कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात है। कई जगह लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आ रही है। (Snake Threat in China)




