Google Analytics —— Meta Pixel

कोरिया छात्रा आत्महत्या मामले ने पकड़ा तूल, IC मार्ट के तीन संचालकों पर 5-5 हजार का इनाम, आदिवासी समाज ने दिया अल्टीमेटम

Koriya Student Suicide Case: कोरिया जिले के बैकुंठपुर में 17 साल की छात्रा पूजा सिंह पैकरा की आत्महत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए फरार चल रहे IC मार्ट के तीन संचालक भाइयों पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया है। वहीं घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों का दबाव भी बढ़ गया है। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि सर्व आदिवासी समाज ने कलेक्टर और SP को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की भीतर गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के 15 नगरीय निकायों में दिसंबर में होगा चुनाव, दो नई नगर पंचायतों में भी होगी वोटिंग, निर्वाचन आयोग ने तैयारी की तेज

इधर, पुलिस परिवार और स्थानीय लोगों के विरोध-प्रदर्शन के बीच अंबिकापुर से पहुंची फॉरेंसिक और साइबर एक्सपर्ट टीम भी जांच में जुट गई है। SP रवि कुमार कुर्रे ने फरार आरोपियों विनोद बैद (50), जगत कुमार बैद (55) और दीपक बैद (30) को भगोड़ा घोषित करते हुए उन पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने लोगों से आरोपियों की सूचना देने की अपील की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पहले ही IC मार्ट को सील किया जा चुका है और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। (Koriya Student Suicide Case)

क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के मुताबिक बैकुंठपुर पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की बेटी पूजा सिंह पैकरा आत्मानंद स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा थी, जो 7 जुलाई को अपनी छोटी बहन के साथ बैकुंठपुर के संजय चौक स्थित IC मार्ट में खरीदारी करने गई थी। परिजनों के मुताबिक दुकान संचालकों ने दोनों बहनों पर करीब 1500 रुपए के कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाया। छात्रा और उसकी बहन दुकान से सामान लेकर बाहर भी नहीं निकली थी, इसके बावजूद उन्हें रोककर डांट-फटकार लगाई गई। परिवार का आरोप है कि दोनों के साथ मारपीट की गई। जातिसूचक अपशब्द कहे गए, लिखवाया गया कि दोनों ने चोरी की है। साथ ही दोनों से हस्ताक्षर भी कराए गए। इसके बाद उनकी स्कूटी अपने कब्जे में रख ली गई।

स्कूटी छोड़ने 50 हजार रुपए मांगने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि शुरुआत में स्कूटी छोड़ने के लिए 5 हजार रुपए मांगे गए। घटना से घबराई छात्रा ने अपने पिता को कुछ नहीं बताया और रिश्ते के मामा और ASI ए.के. दास को इसकी जानकारी दी। आरोप है कि जब ASI IC मार्ट पहुंचे तो उनसे 20 हजार रुपए की मांग की गई। अगले दिन जब छात्रा के पिता आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा खुद दुकान पहुंचे तो उनसे स्कूटी लौटाने के बदले 50 हजार रुपए की मांग की गई। पिता का कहना है कि उनके पास 20 हजार रुपए थे, लेकिन इसके बावजूद स्कूटी वापस नहीं की गई। परिजनों का आरोप है कि अपमान, मानसिक प्रताड़ना और लगातार ब्लैकमेलिंग के कारण पूजा गहरे तनाव में चली गई और 8 जुलाई को सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। (Koriya Student Suicide Case)

सुसाइड नोट में माता-पिता से माफी मांगी

घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पूजा ने लिखा है कि मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना। मेरी वजह से आप लोगों को बदनामी झेलनी पड़ रही है। पुलिस सुसाइड नोट सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। घटना के बाद परिजन और पुलिस परिवार के सदस्यों ने आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज होने तक पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार नहीं करने का फैसला लिया था। बाद में पुलिस ने विनोद बैद, जगत बैद और दीपक बैद के खिलाफ कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया। FIR के बाद पोस्टमार्टम कराया गया और गुरुवार देर शाम छात्रा का अंतिम संस्कार किया गया।

पुलिस परिवार का प्रदर्शन, हाईवे पर चक्काजाम

मामले को लेकर पुलिस परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए। बैकुंठपुर थाने का घेराव किया गया और नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई। IC मार्ट के सामने महिलाओं ने भी धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और पीड़ित परिवार को हरसंभव न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा। घटना को लेकर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कोरिया जिले में एक महीने के भीतर तीन बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस समय रहते प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है। इससे अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं और आम जनता का कानून व्यवस्था से विश्वास उठता जा रहा है।

सर्व आदिवासी समाज ने दिया अल्टीमेटम

कमरो ने आरोप लगाया कि IC मार्ट से जुड़े नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने दावा किया कि आरोपियों के भाजपा से जुड़े होने के कारण कार्रवाई में देरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में वास्तव में सुशासन की सरकार है तो आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। पूर्व विधायक ने यह भी मांग की कि अगर आरोपियों के अवैध निर्माण हैं तो सरकार उन पर भी बुलडोजर कार्रवाई करे, ताकि कानून का समान रूप से पालन होता हुआ दिखाई दे। घटना के विरोध में सर्व आदिवासी समाज ने पूर्व विधायक गुलाब कमरो के नेतृत्व में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। समाज ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। संगठन ने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि अगर निर्धारित समय में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

आरोपियों की तलाश जारी: SP

मामले की गंभीरता को देखते हुए अंबिकापुर से फॉरेंसिक और साइबर एक्सपर्ट टीम बैकुंठपुर पहुंची है। टीम IC मार्ट के सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि पूरे घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके। कोरिया के पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए IC मार्ट को सील कर दिया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है और जांच के दौरान सामने आने वाले सभी तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पूजा सिंह पैकरा की आत्महत्या का मामला अब सिर्फ एक आपराधिक जांच तक सीमित नहीं रह गया है। पुलिस परिवार के प्रदर्शन, आदिवासी समाज के आंदोलन की चेतावनी और पूर्व विधायक गुलाब कमरो के आरोपों के बाद यह मामला राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। अब प्रदेशभर की नजर पुलिस जांच, फॉरेंसिक रिपोर्ट और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई है।

Back to top button
error: Content is protected !!