Google Analytics —— Meta Pixel

सोशल मीडिया पोस्ट से गरमाई छत्तीसगढ़ की राजनीति, टीएस सिंहदेव को PCC चीफ बनाने की मांग पर मचा घमासान

Politics on PCC President Post: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष को लेकर सोशल मीडिया पर शुरू हुई चर्चा ने सियासी हलचल तेज कर दी है। पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग वाले एक सोशल मीडिया पोस्ट के वायरल होने के बाद कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टियों के नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। फेसबुक पर ‘आदिबाबा फैंस क्लब सरगुजा’ नाम के हैंडल से एक पोस्ट साझा किया गया, जिसमें टीएस सिंहदेव को प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपने की अपील की गई। पोस्ट में लिखा गया- जिसने हर परिस्थिति में संगठन का साथ निभाया, अब समय है उनके अनुभव को नई जिम्मेदारी देने का। टीएस बाबा के नेतृत्व में मजबूत कांग्रेस। इस पोस्ट के सामने आने के बाद कांग्रेस के राजनीतिक गलियारों में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया।

यह भी पढे़ं:- तेलंगाना में दुष्कर्म के आरोपी ने जमानत पर छूटते ही 6 लोगों की ली जान, पहले की पत्नी-बच्चों की हत्या, फिर रेप पीड़िता और उसके परिवार को मौत के घाट उतारा

सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व डिप्टी CM सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा, इसका फैसला सिर्फ कांग्रेस हाईकमान करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का कोई निश्चित कार्यकाल नहीं होता। कौन क्या जिम्मेदारी निभाएगा, यह हाईकमान तय करता है। बहुत सारे लोग अपने मन की बात रोक नहीं पाते, लेकिन ऐसे पोस्ट से परहेज करना चाहिए। इस तरह की बातें स्थिति को गड़बड़ करती हैं। सोशल मीडिया पर यह भी दावा किया जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। हालांकि कांग्रेस ने इस दावे को गलत बताया है। PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का पद काम पर निर्भर करता है। काम नहीं करेंगे तो कुर्सी पर बैठने का अधिकार भी नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष बनाना या नहीं बनाना हाईकमान का निर्णय होता है। (Politics on PCC President Post)

कांग्रेस संचार प्रमुख ने बताया क्या है नियम

सोशल मीडिया पर चल रही चर्चा को लेकर डिप्टी CM अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में लड़ाई-झगड़े आम बात हैं। एक-दूसरे को निपटाने की राजनीति कांग्रेस में लगातार चलती रहती है। लड़ते-लड़ते कांग्रेस का क्या हाल हुआ, यह पूरे देश ने देखा है। इस पर बैज ने कहा कि बीजेपी के अंदर कितनी गुटबाजी है, यह प्रदेश की जनता देख रही है। भारतीय जनता पार्टी में आपसी द्वंद्व चल रहा है। बीजेपी में आने वाले दिनों में युद्ध होगा। वहीं कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को भ्रामक बताते हुए कहा कि AICC के अधिवेशन में प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकाल पांच साल तय किया गया है। बैज का कार्यकाल अभी समाप्त नहीं हुआ है। उनका लगभग दो साल का कार्यकाल अभी बाकी है। सोशल मीडिया पर गलत जानकारी के आधार पर प्रचार किया जा रहा है। (Politics on PCC President Post)

‘ढाई-ढाई साल’ की चर्चा फिर आई याद

टीएस सिंहदेव का नाम सामने आते ही 2018 के विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर चली ‘ढाई-ढाई साल’ वाली चर्चाएं भी एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। उस समय भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव के बीच मुख्यमंत्री पद के रोटेशन की राजनीतिक अटकलें लंबे समय तक चलती रही, लेकिन सिंहदेव मुख्यमंत्री नहीं बन सके। बाद में 2023 विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उन्हें छत्तीसगढ़ का पहला डिप्टी CM बनाया गया था, लेकिन इसके बाद भी उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी को भी सत्ता से हाथ धोना पड़ा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं भले तेज हों, लेकिन कांग्रेस संगठन की ओर से अब तक किसी बदलाव या नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में फिलहाल यह पूरा मामला सोशल मीडिया की चर्चाओं और राजनीतिक प्रतिक्रियाओं तक ही सीमित है, जबकि अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान के हाथ में है।

Back to top button
error: Content is protected !!