Google Analytics —— Meta Pixel

खाद-बीज के मुद्दे पर गरमाया सदन, विपक्ष ने सरकार को घेरा, सदन में जमकर हुआ हंगामा, विपक्ष ने किया वॉकआउट

Uproar on Fertilizers Seeds: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र में मंगलवार को किसानों के मुद्दे पर जमकर हंगामा देखने को मिला। शून्यकाल के दौरान कांग्रेस ने खरीफ सीजन में किसानों को खाद, उन्नत बीज और बिजली की समस्या का मुद्दा उठाते हुए स्थगन प्रस्ताव पेश किया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सरकार पर किसानों की अनदेखी, खाद की कमी और कालाबाजारी को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। वहीं कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने विपक्ष के सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रदेश में खाद और बीज की कोई कमी नहीं है और सरकार ने पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया है। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने सदन में जोरदार नारेबाजी की। कांग्रेस विधायक गर्भगृह में पहुंच गए, जिसके बाद विधानसभा के नियमों के तहत वे स्वतः निलंबित हो गए। 

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का दूसरा दिन, जल जीवन मिशन और रायपुर की जलापूर्ति पर अपनी ही सरकार से सत्ता पक्ष के विधायकों ने मांगा जवाब

निलंबन के बाद विपक्षी विधायक नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर निकल गए और विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। हंगामे के बीच विधानसभा की कार्यवाही दोपहर 3 बजे भोजनावकाश तक के लिए स्थगित कर दी गई। स्थगन प्रस्ताव की सूचना देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश का किसान खाद के लिए भटक रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने खाद का कोटा कम कर दिया है। कम बारिश के कारण बोनी पहले ही पिछड़ चुकी है, ऐसे में किसान खाद के लिए सहकारी समितियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन वहां खाद उपलब्ध नहीं है। दूसरी ओर निजी व्यापारियों के पास खाद आसानी से मिल रही है, जिससे कालाबाजारी और किसानों के शोषण की स्थिति बन गई है।

नेता प्रतिपक्ष ने उठाया कुप्रबंधन का मुद्दा

पूर्व CM भूपेश बघेल ने यह भी आरोप लगाया कि किसानों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है, जिससे खेती-किसानी का काम प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि प्रदेश में डीएपी, पोटाश जैसे महत्वपूर्ण उर्वरक उपलब्ध नहीं हैं और किसान कृषि विभाग के कुप्रबंधन का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई व्यापारियों ने खाद की आपूर्ति को लेकर दलाली शुरू कर दी है, जिससे किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। उनके मुताबिक किसान कम बारिश, खाद की कमी और बिजली संकट जैसी समस्याओं से एक साथ जूझ रहे हैं। (Uproar on Fertilizers Seeds)

खाद-बीज की कोई कमी नहीं: कृषि मंत्री 

विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि प्रदेश में खाद और बीज की कोई कमी नहीं है। उन्होंने सदन को बताया कि राज्य में 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक के लक्ष्य के मुकाबले लगभग 14 लाख मीट्रिक टन से अधिक यानी करीब 90 प्रतिशत उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। उन्होंने कहा कि मांग के मुकाबले 96 प्रतिशत बीजों का भंडारण किया जा चुका है। साथ ही डीएपी के विकल्प के रूप में एनपीके और सिंगल सुपर फॉस्फेट की भी पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। कृषि मंत्री ने यह भी कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 96 हजार मीट्रिक टन अधिक उर्वरक उपलब्ध कराया गया है। वहीं अमानक खाद के 94 नमूनों के मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई है। (Uproar on Fertilizers Seeds)

मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष, सदन में हंगामा

कृषि मंत्री के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने सदन में जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। विपक्षी विधायक गर्भगृह में पहुंच गए। विधानसभा के नियमों के अनुसार गर्भगृह में पहुंचने पर विपक्ष के विधायक स्वतः निलंबित हो गए। इसके बाद निलंबित विधायक नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर निकल गए और विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। लगातार हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 3 बजे भोजनावकाश तक स्थगित कर दी। इससे पहले विधानसभा परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, वन मंत्री केदार कश्यप समेत मंत्रिमंडल के सदस्य और विधायक शामिल हुए। सभी जनप्रतिनिधियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया।

Back to top button
error: Content is protected !!