Google Analytics —— Meta Pixel

बालार्जुन ताम्रपट्टिकाओं की भाषा पर सदन में घमासान, कांग्रेस विधायक के सवाल पर मंत्री ने जांच और कार्रवाई का दिया भरोसा

Balarjuna Copper Plates Language: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन ऐतिहासिक धरोहर मल्हार की बालार्जुन ताम्रपट्टिकाओं को लेकर सदन में जोरदार बहस हुई। कांग्रेस विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह ने सरकार से पूछा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इन ताम्रपट्टिकाओं की भाषा पाली और ब्राह्मी बताई थी, जबकि विधानसभा में सरकार की ओर से दिए गए लिखित जवाब में इसकी भाषा संस्कृत और लिपि पेटिकाशीर्ष ब्राह्मी बताई गई है। उन्होंने इसे गंभीर विरोधाभास बताते हुए सरकार से जवाब मांगा कि आखिर सही जानकारी कौन-सी है। बता दें कि विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह ने ‘ज्ञान भारतम् अभियान’ के तहत छत्तीसगढ़ की प्राचीन पांडुलिपियों और ताम्रपत्रों के सत्यापन से जुड़ा सवाल उठाया।

यह भी पढ़ें:- सेवाग्राम प्रोजेक्ट पर विधानसभा में गरमाया माहौल, बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर और पूर्व CM भूपेश बघेल के बीच तीखी नोकझोंक

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब पूरे देश के सामने किसी ऐतिहासिक तथ्य का उल्लेख करते हैं तो लोग उस पर भरोसा करते हैं। ऐसे में विभाग की ओर से सदन में अलग जानकारी देना पूरे सदन और जनता को भ्रमित करने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग के अधिकारियों ने गलत तथ्य तैयार किए, जिसके आधार पर मंत्री ने सदन में जवाब दिया। विधायक ने पूछा कि अगर अधिकारियों ने गलत जानकारी दी है तो उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी। संस्कृति और पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने मामले की गंभीरता स्वीकार करते हुए कहा कि वे पूरे विषय की दोबारा जांच कराएंगे। साथ ही उन्होंने सदन में आश्वस्त किया कि अगर किसी अधिकारी ने गलत जानकारी दी है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा कि पहले पूरे रिकॉर्ड की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। (Balarjuna Copper Plates Language)

जानिए क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, सरकार की ओर से दिए गए लिखित जवाब में बताया गया कि भारत सरकार के ‘ज्ञान भारतम् अभियान’ के तहत छत्तीसगढ़ से मोबाइल ऐप के माध्यम से 886 प्रविष्टियों में कुल 1,24,422 पांडुलिपियां पोर्टल पर दर्ज की गईं। इनमें से 12,040 पांडुलिपियां सत्यापित की गई हैं, जबकि 1,12,382 पांडुलिपियां तकनीकी या अन्य कारणों से अस्वीकृत हुई हैं। सरकार ने यह भी बताया कि बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र स्थित मल्हार से प्राप्त बालार्जुन की ताम्रपट्टिकाएं ज्ञान भारतम् पोर्टल की सत्यापित सूची में शामिल हैं। विभाग के मुताबिक इन ताम्रपट्टिकाओं की खोज 1987 में हुई थी। विभाग के रिकॉर्ड में इनकी लिपि पेटिकाशीर्ष ब्राह्मी और भाषा संस्कृत दर्ज है। वर्तमान में यह ऐतिहासिक ताम्रपत्र मल्हार निवासी संजीव पाण्डेय के आधिपत्य में सुरक्षित है। इसी जानकारी को लेकर कांग्रेस विधायक ने प्रधानमंत्री के पुराने वक्तव्य का हवाला देते हुए सरकार को घेरा और कहा कि दोनों जानकारियों में अंतर क्यों है।

मां चंद्रहासिनी मंदिर को पहले से मिला है पर्यटन स्थल का दर्जा

इसी दौरान कांग्रेस विधायक रामकुमार यादव ने चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित मां चंद्रहासिनी देवी मंदिर को पर्यटन स्थल का दर्जा और विकास कार्यों को लेकर सवाल पूछा। इसके जवाब में मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि मां चंद्रहासिनी देवी मंदिर को 9 जून 2004 को ही ऐतिहासिक और धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में चिन्हित किया जा चुका है। मंत्री ने बताया कि पिछले दो सालों में मंदिर परिसर के विकास के लिए अलग से कोई राशि स्वीकृत नहीं की गई है। हालांकि राज्य सरकार की शक्तिपीठ कॉरिडोर-सर्किट योजना में मां चंद्रहासिनी देवी मंदिर को शामिल किया गया है और इसके विकास की योजना तैयार की जा रही है। योजना पूरी होने के बाद विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। भाजपा विधायक चैतराम अटामी ने दंतेवाड़ा जिले के मंदिरों के जीर्णोद्धार, मरम्मत और सौंदर्यीकरण को लेकर सवाल पूछा। (Balarjuna Copper Plates Language)

कांकेर के पर्यटन स्थलों पर क्या बोली सरकार ?

इस पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि पिछले दो सालों में शासन की ओर से दंतेवाड़ा जिले में मंदिरों के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण या नए मंदिर निर्माण से संबंधित कोई कार्य स्वीकृत नहीं किया गया है। कांग्रेस विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने राज्य में पर्यटन स्थलों के विकास और विशेष रूप से कांकेर जिले में नए पर्यटन स्थलों की पहचान को लेकर सवाल उठाया। सरकार ने बताया कि पिछले तीन सालों में पर्यटन विभाग की ओर से 1 करोड़ 94 लाख 85 हजार रुपये स्वीकृत किए गए, जबकि कई कार्यों के लिए 10 करोड़ 75 लाख 84 हजार रुपए व्यय या जारी किए गए हैं। मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य के सभी पर्यटन स्थलों पर सड़क, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा जैसी सुविधाओं की जिलेवार अद्यतन जानकारी उपलब्ध नहीं है।

कांकेर की सांस्कृतिक धरोहरों पर भी उठा सवाल

कांकेर जिले में नए पर्यटन स्थलों के विकास के संबंध में सरकार ने बताया कि जिला प्रशासन से प्रस्ताव मांगे गए हैं। प्रस्ताव मिलने और निर्धारित मानकों के अनुसार परीक्षण के बाद नए पर्यटन स्थलों को चिन्हित कर उनके विकास की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने कांकेर जिले के संरक्षित स्मारकों, पुरातात्विक स्थलों और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को लेकर भी प्रश्न किया। इसके जवाब में संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि विभाग के पास इस संबंध में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। चौथे दिन की कार्यवाही में सबसे ज्यादा चर्चा मल्हार की ऐतिहासिक बालार्जुन ताम्रपट्टिकाओं की भाषा और लिपि को लेकर हुई। प्रधानमंत्री के पुराने बयान और विभाग के लिखित जवाब में अंतर का मुद्दा विपक्ष ने जोर-शोर से उठाया। वहीं सरकार ने मामले की जांच कर गलत जानकारी देने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई का भरोसा देकर विवाद को शांत करने की कोशिश की। (Balarjuna Copper Plates Language)

Back to top button
error: Content is protected !!