महतारी वंदन योजना पर विधानसभा में घमासान, 1.55 लाख नाम कटने पर कांग्रेस का हंगामा, सरकार बोली- E-KYC, मृत्यु और अपात्रता बनी वजह

Mahtari Vandan Yojana: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के पांचवें और आखिरी दिन प्रश्नकाल के दौरान महतारी वंदन योजना सबसे बड़ा मुद्दा बनकर उभरी। योजना से बड़ी संख्या में महिलाओं के नाम हटने, लाभार्थियों की संख्या घटने और नए आवेदनों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने योजना से महिलाओं के नाम काटे जाने का मुद्दा उठाया, जबकि भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह ने नए पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ कब मिलेगा, इसे लेकर सवाल पूछा। महिला और बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दोनों सवालों के जवाब देते हुए सरकार का पक्ष रखा। पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने पूछा कि महतारी वंदन योजना शुरू होने के समय कितनी महिलाओं को लाभ दिया गया था और जून 2026 तक कितनी महिलाएं योजना का लाभ ले रही हैं।
यह भी पढ़ें:- महतारी वंदन योजना में कटे 1.55 लाख से ज्यादा महिलाओं के नाम, रायपुर में सबसे ज्यादा, फर्जीवाड़े ने खड़े किए सवाल
उन्होंने यह भी पूछा कि कितनी महिलाओं को अपात्र घोषित किया गया और इसके पीछे क्या कारण हैं। साथ ही उन्होंने ई-केवाईसी को लेकर भी सवाल उठाया। इस पर महिला और बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि योजना की शुरुआत में 70 लाख 9 हजार 658 पात्र महिलाओं को पहली किस्त जारी की गई थी। जून 2026 तक यह संख्या घटकर 68 लाख 54 हजार 3 रह गई है। मंत्री ने बताया कि मार्च 2024 के बाद करीब 1 लाख 55 हजार 655 हितग्राही अलग-अलग कारणों से योजना से बाहर हुए हैं। इनमें प्रमुख कारण हितग्राही की मृत्यु, आयकरदाता होना, शासकीय सेवक या उनके परिवार का सदस्य होना, दोहरे आवेदन, स्थानीय निवास संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराना और अन्य अपात्रता की श्रेणी में आना हैं। (Mahtari Vandan Yojana)
पूर्व मंत्री ने की पोर्टल दोबारा खोलने की मांग
मंत्री ने सदन में बताया कि अब तक किसी भी हितग्राही को सिर्फ ई-केवाईसी नहीं होने के कारण अपात्र घोषित नहीं किया गया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि करीब एक लाख महिलाओं का भुगतान ई-केवाईसी और आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण फिलहाल रुका हुआ है। प्रक्रिया पूरी होते ही उन्हें लाभ दिया जाएगा। जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने कहा कि बड़ी संख्या में पात्र महिलाएं आज भी योजना के लाभ से वंचित हैं। उन्होंने पूछा कि नए आवेदन के लिए पोर्टल आखिर कब खोला जाएगा। इस पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि विष्णु का सुशासन है, जल्द ही पोर्टल खोला जाएगा और पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिया जाएगा, लेकिन मंत्री के जवाब से कांग्रेस संतुष्ट नहीं हुई। विपक्षी विधायकों ने सदन में नारेबाजी की और बाद में वॉकआउट कर दिया। (Mahtari Vandan Yojana)

भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह ने पूछा कब होगा नया पंजीयन
प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह ने महतारी वंदन योजना में अब तक हुए पंजीयन और लाभ से वंचित महिलाओं को लेकर सवाल पूछा। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि जून 2026 तक 70 लाख 17 हजार 428 पात्र महिलाओं का पंजीयन किया गया है। इनमें से 68 लाख 54 हजार 3 महिलाओं को नियमित रूप से लाभ मिल रहा है। 35 हजार 930 हितग्राहियों का भुगतान लंबित है। इसके पीछे ई-केवाईसी, आवश्यक दस्तावेज और स्थानीय निवास प्रमाण पत्र जैसे कारण हैं। दस्तावेज पूरे होने पर उन्हें भी योजना का लाभ मिलेगा। नए पंजीयन के सवाल पर मंत्री ने कहा कि जिन महिलाओं ने तय समय तक आवेदन नहीं किया था या बाद में पात्र हुई हैं, उनके लिए पोर्टल दोबारा खोला जाएगा। पात्रता पूरी होने पर उन्हें भी योजना का लाभ दिया जाएगा, हालांकि फिलहाल इसकी निश्चित तारीख तय नहीं है।
बस्तर संभाग को लेकर भी सवाल
कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने बस्तर संभाग में महतारी वंदन योजना की स्थिति पर सवाल उठाया। मंत्री ने बताया कि जून 2026 तक बस्तर संभाग में 6 लाख 86 हजार 270 पात्र हितग्राही हैं। इनमें से 6 लाख 71 हजार 490 महिलाओं को नियमित रूप से योजना का लाभ मिल रहा है। सभी भुगतान डीबीटी के जरिए आधार से जुड़े बैंक खातों में किए जा रहे हैं। किसी भी हितग्राही को नकद भुगतान नहीं किया जाता। कांग्रेस विधायक कविता प्राण लहरे ने पूछा कि राज्य में कितनी महिलाओं को प्रति माह सहायता राशि मिल रही है और कितनी पात्र महिलाएं अब भी योजना से बाहर हैं। मंत्री ने बताया कि जून 2026 तक 68 लाख 54 हजार 3 महिलाओं को सहायता राशि दी जा रही है। इनमें 59 लाख 93 हजार 307 महिलाओं को 1000 हजार प्रतिमाह, 8 लाख 54 हजार 849 महिलाओं को 500 और 5 हजार 847 महिलाओं को ₹350 प्रतिमाह मिल रहा है।
भाजपा विधायक शुक्ला ने उठाया भुगतान और वसूली का मुद्दा
मंत्री ने बताया कि अब तक 70 लाख 34 हजार 935 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 68 लाख 84 हजार 22 आवेदन स्वीकृत, 1 लाख 45 हजार 2 निरस्त और 5 हजार 911 आवेदन लंबित हैं। वहीं भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने योजना के तहत अब तक हुए भुगतान, अपात्र हितग्राहियों और वसूली की जानकारी मांगी। इस पर मंत्री ने बताया कि मार्च 2024 में 70 लाख 9 हजार 658 हितग्राही थे। जून 2026 तक 68 लाख 54 हजार 3 हितग्राही लाभ ले रहे हैं। योजना के तहत अब तक 18,122.52 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। इस अवधि में 19 हजार 964 अपात्र हितग्राहियों को 18.15 करोड़ रुपए का भुगतान हुआ। इनमें से 6.13 करोड़ रुपए की वसूली/समायोजन हो चुका है, जबकि करीब 10.12 करोड़ रुपए की वसूली की प्रक्रिया जारी है।
20 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी: मंत्री
कार्रवाई के तहत एक परियोजना अधिकारी और एक पर्यवेक्षक को निलंबित, एक कार्यकर्ता की सेवा समाप्त समेत 20 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। महतारी वंदन योजना को लेकर अंतिम दिन का प्रश्नकाल पूरी तरह इसी मुद्दे पर केंद्रित रहा। कांग्रेस ने योजना से नाम कटने और पात्र महिलाओं को लाभ नहीं मिलने का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया, जबकि सरकार ने साफ किया कि अधिकांश नाम मृत्यु, अपात्रता, आयकरदाता बनने, दोहरे आवेदन और दस्तावेजी कारणों से हटाए गए हैं। सरकार ने यह भी भरोसा दिलाया कि नए पात्र हितग्राहियों के लिए भविष्य में पोर्टल दोबारा खोला जाएगा, हालांकि इसकी तारीख फिलहाल तय नहीं है। वहीं मंत्री के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस ने नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट किया। (Mahtari Vandan Yojana)




