Google Analytics —— Meta Pixel

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में मंगलसूत्र और सामग्री की गुणवत्ता पर घिरी सरकार, कई विधायकों ने उठाए सवाल

CM Kanya Vivah Yojana: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के पांचवें और आखिरी दिन प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रमों के आयोजन, मंगलसूत्र की गुणवत्ता, सामग्री खरीदी और कथित अनियमितताओं का मुद्दा सदन में छाया रहा। सत्ता और विपक्ष दोनों पक्षों के विधायकों ने अलग-अलग सवालों के जरिए सरकार से जवाब मांगा। महिला और बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सभी सवालों का जवाब देते हुए कई महत्वपूर्ण जानकारियां सदन में रखीं। कांग्रेस विधायक और पूर्व महिला बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया ने बालोद जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत हुए सामूहिक विवाह कार्यक्रमों में कथित वित्तीय विसंगतियों और निम्न गुणवत्ता की सामग्री का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा कि अगर नकली या निम्न गुणवत्ता का मंगलसूत्र बांटा गया था तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

यह भी पढे़ं:- विधानसभा में गूंजा राशन और चावल वितरण का मुद्दा, विधायकों ने खाद्य मंत्री दयालदास बघेल पर की सवालों की बौछार

इस पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बालोद जिले से नकली मंगलसूत्र की कोई शिकायत विभाग को प्राप्त नहीं हुई है। इसलिए वहां किसी एजेंसी पर कार्रवाई का प्रश्न ही नहीं उठता। उन्होंने बताया कि पिछले दो सालों में बालोद जिले में 7 सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित हुए, जिन पर करीब 1 करोड़ 99 लाख 95 हजार रुपए खर्च किए गए। प्रति जोड़ा श्रृंगार सामग्री के लिए 7 हजार रुपए तक खर्च करने का प्रावधान है, जिसमें कपड़े, मंगलसूत्र, चुनरी, जूते-चप्पल समेत अन्य सामग्री शामिल होती है। हालांकि सिर्फ मंगलसूत्र या बिछिया के लिए अलग से कोई राशि तय नहीं है। मंत्री ने यह भी स्वीकार किया कि बालोद में न तो सामग्री की लैब टेस्टिंग कराई गई और न ही वित्तीय ऑडिट, लेकिन गंभीर शिकायत नहीं मिलने के कारण थर्ड पार्टी जांच की आवश्यकता नहीं समझी गई। (CM Kanya Vivah Yojana)

कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू ने भी उठाया मुद्दा 

कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू ने मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में 10 फरवरी 2026 को आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में बांटे गए मंगलसूत्रों के कुछ दिनों में काले पड़ने का मामला उठाया। इस पर मंत्री ने स्वीकार किया कि 184 जोड़ों को वितरित किए गए मंगलसूत्रों के संबंध में शिकायत मिली थी। सोशल मीडिया के जरिए मामला सामने आने के बाद कलेक्टर ने जांच कराई। जांच में पाया गया कि निर्धारित गुणवत्ता का मंगलसूत्र नहीं दिया गया था। इसके बाद आपूर्तिकर्ता के बिल से प्रति हितग्राही 1,000 रुपए की कटौती कर राशि लाभार्थियों के खातों में वापस जमा कराई गई। संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल ने पिछले तीन सालों में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत हुए विवाह, खर्च और सामग्री खरीदी में अनियमितताओं की जानकारी मांगी।

कांग्रेस विधायक मंडावी ने गुणवत्ता पर उठाया सवाल 

मंत्री राजवाड़े ने बताया कि तीन सालों में 23,159 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 23,153 जोड़ों का विवाह कराया गया। इसके लिए जिलों को 116.91 करोड़ रुपए आवंटित किए गए, जबकि 115.79 करोड़ रुपए खर्च हुए। मंत्री ने यह भी बताया कि सामग्री की खरीदी जिला और परियोजना स्तर पर गठित क्रय समितियों के माध्यम से की जाती है और जहां शिकायतें मिली हैं, वहां कार्रवाई की जा रही है। कांग्रेस विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने पूछा कि क्या साल 2026-27 में मंगलसूत्र की गुणवत्ता को लेकर शिकायत मिली है। मंत्री ने जवाब दिया कि 15 जून 2026 तक एक शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच जारी है। दोबारा मंगलसूत्र देने के बजाय संबंधित सप्लायर के भुगतान से 1,000 रुपए प्रति लाभार्थी काटकर महिलाओं के खातों में जमा किए गए। कांग्रेस विधायक ओंकार साहू ने साल 2024-25 और 2025-26 में योजना के क्रियान्वयन और शिकायतों की जानकारी मांगी। (CM Kanya Vivah Yojana)

कांग्रेस विधायक संगीता सिन्हा ने पूछा सवाल 

मंत्री ने बताया कि इस अवधि में 223 सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें 16,069 कन्याओं को लाभ मिला। इस दौरान योजना से जुड़ी 7 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। कांग्रेस विधायक संगीता सिन्हा ने पूछा कि योजना में प्रति जोड़े कितनी राशि खर्च होती है और क्या गिलेट या कृत्रिम मंगलसूत्र देने का मामला सामने आया है। मंत्री ने बताया कि प्रति जोड़े 50 हजार रुपए खर्च करने का प्रावधान है, जिसमें 7 हजार रुपए श्रृंगार सामग्री पर खर्च किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि बीते दो सालों में गिलेट मंगलसूत्र का मामला सामने नहीं आया, लेकिन मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले का एक मामला मई 2026 में सामने आया, जिस पर कार्रवाई जारी है। कांग्रेस विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने पूछा कि किन एजेंसियों ने सामग्री की आपूर्ति की और गुणवत्ताहीन सामग्री की शिकायतों पर क्या कार्रवाई हुई।

कांग्रेस विधायक भोलाराम साहू ने आभूषण पर पूछा सवाल

मंत्री ने बताया कि 18,137 जोड़ों का विवाह कराया गया, जिन पर 88.48 करोड़ रुपए खर्च हुए। शिकायतों की जांच जिलावार की जा रही है और जहां आवश्यक है वहां कार्रवाई की जा रही है। कांग्रेस विधायक भोलाराम साहू ने पूछा कि क्या सरकार ने कभी कृत्रिम आभूषण वितरित करने की अनुमति दी थी। इस पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य शासन ने कभी भी कृत्रिम आभूषण बांटने की अनुमति नहीं दी। सिर्फ साल 2013 में मंगलसूत्र में चांदी की अनिवार्यता समाप्त की गई थी। वर्तमान नियमों में भी मंगलसूत्र किस धातु का होगा, इसका अलग से उल्लेख नहीं है। कांग्रेस विधायक संदीप साहू ने खड़गवां विकासखंड में 184 जोड़ों को बांटे गए कथित नकली मंगलसूत्रों का मुद्दा उठाया। सरकार ने माना कि जांच में पहली नजर में कृत्रिम मंगलसूत्र वितरित किए जाने की बात सामने आई है। जांच में भंडार क्रय नियमों के पालन में प्रक्रियागत त्रुटियां भी मिली हैं। आपूर्तिकर्ता के बिल से प्रति हितग्राही 1,000 रुपए काटकर भुगतान किया गया है, जबकि कार्रवाई अभी प्रक्रियाधीन है।

बिलासपुर और सरगुजा संभाग की मांगी जानकारी 

कांग्रेस विधायक विद्यावती सिदार ने बिलासपुर और सरगुजा संभाग में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रमों और गुणवत्ता संबंधी शिकायतों की जानकारी मांगी। मंत्री ने बताया कि इन दोनों संभागों में केवल एक शिकायत गुणवत्ता को लेकर प्राप्त हुई, जिस पर कलेक्टर की जांच के आधार पर कार्रवाई जारी है। कांग्रेस विधायक लालजीत सिंह राठिया ने रायगढ़ जिले में हुए सामूहिक विवाह कार्यक्रमों और सामग्री पर खर्च की जानकारी मांगी। मंत्री ने बताया कि संबंधित अवधि में रायगढ़ जिले में 825 जोड़ों का विवाह कराया गया। प्रत्येक जोड़े पर अधिकतम 50 हजार रुपए खर्च करने का प्रावधान है और सामग्री की खरीदी नियमानुसार की जाती है। कांग्रेस विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूछा कि कन्या विवाह योजना और महतारी वंदन योजना के लिए एकीकृत ऑटो डैशबोर्ड क्यों नहीं है और क्या उपहार सामग्री की राशि सीधे बैंक खाते में दी जाएगी। (CM Kanya Vivah Yojana)

कांग्रेस विधायक राघवेंद्र ने भी उठाया गुणवत्ता का मुद्दा

मंत्री ने बताया कि कन्या विवाह योजना में उपहार सामग्री के लिए 35 हजार रुपए की राशि वधू के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से देने का प्रावधान लागू है। दोनों योजनाओं का कोई संयुक्त ऑटो डैशबोर्ड नहीं है। कांग्रेस विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह ने खड़गवां विकासखंड में वितरित मंगलसूत्रों की गुणवत्ता को लेकर सवाल पूछा। मंत्री ने स्वीकार किया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले में कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। पूरे प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की मंगलसूत्र गुणवत्ता, सामग्री खरीदी, भुगतान प्रक्रिया और शिकायतों पर कार्रवाई बड़े मुद्दों में शामिल रही। सरकार ने यह स्वीकार किया कि मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में गुणवत्ताहीन/कृत्रिम मंगलसूत्र का मामला सामने आया है, जिसमें सप्लायर के भुगतान से प्रति हितग्राही 1,000 रुपए की कटौती कर लाभार्थियों को राशि लौटाई गई है और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई अभी जारी है। वहीं सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि बालोद जिले में नकली मंगलसूत्र की कोई शिकायत विभाग को प्राप्त नहीं हुई, इसलिए वहां किसी एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई।

Back to top button
error: Content is protected !!