Google Analytics —— Meta Pixel

93 साल का टूटा रिकॉर्ड, बिलासपुर में 24 घंटे की बारिश से बाढ़ जैसे हालात, पूरे छत्तीसगढ़ में हाई अलर्ट

Bilaspur Rain News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर ने मानसून के इतिहास की ऐसी बारिश देखी है, जिसने पिछले 93 सालों का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। महज 24 घंटे के भीतर 415.6 मिमी बारिश ने साल 1933 में दर्ज 14.93 इंच बारिश का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। लगातार हुई मूसलाधार बारिश से बिलासपुर शहर बाढ़ जैसे हालात में पहुंच गया। सड़कें नदियों में तब्दील हो गईं, कॉलोनियां और मोहल्ले जलमग्न हो गए, लोगों को मोटरबोट के जरिए सुरक्षित जगहों तक पहुंचाना पड़ा और पूरे शहर की रफ्तार थम गई। सबसे दुखद घटना सरकंडा के लिंगियाडीह इलाके में हुई, जहां तेज बहाव में बहने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। उसका शव बाद में झाड़ियों में मिला।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी, अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी

प्रशासन ने जिले में अलर्ट जारी कर राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटे तक मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी से अति भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं। बारिश का सबसे बड़ा असर परिवहन व्यवस्था पर पड़ा। रेलवे स्टेशन और यार्ड में ट्रैक जलमग्न होने के कारण कई ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं, जबकि कई ट्रेनों के रूट बदले गए। कुछ ट्रेनें चांपा और दाधापारा से ही वापस लौटीं। सड़क मार्ग भी बुरी तरह प्रभावित रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर चार से पांच फीट तक पानी भर गया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। कोटमीसोनार में लीलागर नदी के पुल के ऊपर पानी बहने के कारण मार्ग बंद कर दिया गया।

शिवरीनारायण, लगरा नाला, सीपत एनटीपीसी और खोडरी नाला सहित कई जगहों पर बसों का संचालन रोकना पड़ा। शहर के श्रीकांत वर्मा मार्ग, हंसा विहार, मित्र विहार, शिवम होम्स, सरकंडा, बंधवापारा, जोरापारा समेत कई इलाके पूरी तरह पानी में डूब गए। कई घरों में कमर तक पानी भर गया। कई परिवारों को रातभर घरों की छतों या ऊपरी मंजिलों में शरण लेनी पड़ी। प्रशासन ने कई जगहों पर मोटरबोट की मदद से लोगों को सुरक्षित निकाला। बारिश ने बिजली व्यवस्था को भी बुरी तरह प्रभावित किया। शनिचरी, व्यापार विहार और एसबीआर कॉलेज के तीन बड़े सब-स्टेशन में पानी भर गया, जबकि शहर के 17 ट्रांसफार्मर जलमग्न हो गए। सुरक्षा कारणों से कई इलाकों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इससे हजारों घर अंधेरे में डूब गए।

शिक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हुई। जिले के सभी स्कूल बंद कर दिए गए। एसबीआर कॉलेज में आयोजित सेमेस्टर परीक्षा का केंद्र बदलना पड़ा। पूरक परीक्षाओं में शामिल होने वाले कई छात्र जलभराव और बंद रास्तों के कारण परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच सके। मौसम विभाग के मुताबिक बिलासपुर में रिकॉर्डतोड़ बारिश के पीछे क्युमलोनिम्बस (सीबी) क्लाउड प्रमुख कारण रहे। पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तर ओडिशा के ऊपर बने मजबूत निम्न दबाव क्षेत्र ने बंगाल की खाड़ी से भारी मात्रा में नमी खींची। इससे बिलासपुर के ऊपर अत्यधिक जलवाष्प वाले बादल बने। रात 2:30 बजे से 4:30 बजे के बीच मात्र दो घंटे में लगभग 150 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिसने पूरे शहर को जलमग्न कर दिया।

Back to top button
error: Content is protected !!