राजीव भवन घेराव विवाद पर सियासत तेज, कांग्रेस ने कहा- भाजपा के दबाव में पुलिस कर रही एकतरफा कार्रवाई, साव बोले- कांग्रेस पुलिस को धमका रही, कोई डरने वाला नहीं
Politics on Gherao Controversy: राजधानी रायपुर के कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन के बाहर सियासत का ऐसा संग्राम हुआ, जिसने पूरे प्रदेश की राजनीति का तापमान बढ़ा दिया। भाजपा कांग्रेस भवन का घेराव करने पहुंची। जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ता भी सड़क पर उतर आए। बैरिकेडिंग के दोनों ओर नारे गूंजे। फिर धक्का-मुक्की हुई। हालात बिगड़े और देखते ही देखते पत्थर, कांच की बोतलें, लकड़ी और जूते चलने लगे। पुलिस ने हालात संभालने के लिए वाटर कैनन चलाया। आंसू गैस के गोले छोड़े, लेकिन तब तक कई पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी घायल हो चुके थे। घटना के बाद पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया। खम्हारडीह थाने में कांग्रेस के 12 नेताओं समेत अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की अलग-अलग धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई।
यह भी पढे़ं:- रायपुर में राजीव भवन घेराव के दौरान बवाल, पुलिस पर पथराव, 16 जवान घायल, कांग्रेस के 12 नेताओं समेत अन्य पर FIR
पुलिस का दावा है कि प्रदर्शनकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल पर हमला किया, जिसमें एक प्रशिक्षु उप निरीक्षक, एक महिला आरक्षक समेत कुल 16 पुलिसकर्मी घायल हुए। देर रात पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला अस्पताल पहुंचे। घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली, लेकिन इस कार्रवाई के बाद सियासी घमासान और तेज हो गया। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि पूरे देश में बीजेपी सरकार के खिलाफ गुस्सा है। बीजेपी के लोग क्या करे, उन्हें खुद समझ नहीं आ रहा है। बीजेपी के कार्यकर्ताओं के दिमाग में घास चर गया है। विपक्ष के कार्यालय को घेरने का क्या औचित्य है। ईश्वर से प्रार्थना करूंगा कि ये दिन आए हम सरकार में रहे और बीजेपी के लोग कार्यालय घेराव करने आए।
बीजेपी के सोचने-समझने की बुद्धि खत्म हो गई: BJP
भगत ने कहा कि ऐसे प्रदर्शन में सरकार के मंत्री शामिल हो रहे, इसका मतलब सरकार खत्म हो गई है, जो विपक्ष में होता है, वो असहमति को लेकर प्रदर्शन करता है। सरकार में रहकर प्रदर्शन कर रहे तो उससे हास्यास्पद क्या हो सकता है। बीजेपी के सोचने-समझने की बुद्धि खत्म हो गई है, जो घायल है, वो कहां एडमिट है उनका नाम बताए। हम खुद देखने जाएंगे और पूरा इलाज कराएंगे। वहीं कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने पुलिस कार्रवाई को पक्षपातपूर्ण बताया। कल सरकार के साथ बीजेपी के कांग्रेस भवन पर हमला किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पत्थर फेंके गए, सरकार के दबाव में पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आंसू गैस और लाठी भांजी। घायल कांग्रेस कार्यकर्ता हुए और FIR भी कांग्रेस पर ही कर दी गई। पुलिस पक्षपातपूर्ण कार्रवाई कर रही है। पुलिस ये बात न भूले, आज उनकी सरकार कल हमारी सरकार आएगी। हम इस मामले को लेकर राज्यपाल के पास जाएंगे।
कांग्रेस ने कल जो रवैया अपनाया, वो दुर्भाग्यजनक: साव
डिप्टी CM अरुण साव ने पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया, लेकिन कांग्रेस ने कल जो रवैया अपनाया, वो दुर्भाग्यजनक है। बीजेपी के आंदोलन के दौरान कांग्रेसियों ने डंडे लहराए। कांग्रेस पुलिस को धमकाने का काम कर रही है। इनकी धमकियों से कोई डरने वाला नहीं है। गुंडे किस पार्टी में है हमने बखूबी देखा है। हर अपराधों के पीछे कांग्रेस के लोग मिलते हैं। सड़क हो या सदन कांग्रेसियों का आचरण ऐसा ही है। सबके आंखों के सामने दिखा कि कल कांग्रेसियों ने कैसी हरकत की। छत्तीसगढ़ शांति और सद्भावना का गढ़ है। कांग्रेसियों के आचरण की सजा छत्तीसगढ़ की जनता जरूर देगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से पत्थरबाजी की गई, जबकि भाजपा की ओर से एक भी पत्थर नहीं फेंका गया। कांग्रेस ने जानबूझकर माहौल बिगाड़ने और भाजपा कार्यकर्ताओं को उकसाने का प्रयास किया। (Politics on Gherao Controversy)
भाजपा ने लोकतांत्रिक प्रदर्शन किया: पुरंदर मिश्रा
भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने भी कांग्रेस के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि भाजपा ने लोकतांत्रिक प्रदर्शन किया। कांग्रेस को सिर्फ राजनीतिक मिर्ची लगी है। एक ही घटना के दो अलग-अलग दावे सामने आए हैं। पुलिस कह रही है कि उस पर हमला हुआ और 16 जवान घायल हुए। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा और पुलिस ने मिलकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला किया। भाजपा का दावा है कि कांग्रेस ने लोकतांत्रिक आंदोलन को हिंसक बना दिया। अब इस पूरे मामले की जांच वीडियो फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आगे बढ़ रही है, लेकिन इस घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि लोकतांत्रिक विरोध की सीमा क्या है और जब राजनीति सड़क पर टकराती है तो कानून किसके साथ खड़ा दिखाई देता है।
राजीव भवन घेराव विवाद पर सियासत
राजीव भवन के बाहर हुई यह भिड़ंत अब सिर्फ एक प्रदर्शन की कहानी नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सियासत का नया अखाड़ा बन चुकी है। एक तरफ पुलिस की एफआईआर और कानून का दावा है, तो दूसरी ओर कांग्रेस सरकार और पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगा रही है। भाजपा इसे कानून-व्यवस्था पर हमला बता रही है, जबकि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन की बात कर रही है। अब जांच आगे बढ़ेगी, राजनीतिक बयानबाजी भी तेज होगी और इस पूरे घटनाक्रम पर प्रदेश की नजर बनी रहेगी। सवाल यही है कि सच किसके दावों में है और जवाब जांच से कब तक सामने आएगा। राजीव भवन का बवाल अब सड़क से निकलकर सियासत, पुलिस और कानून तीनों के बीच बड़ी लड़ाई बन चुका है। (Politics on Gherao Controversy)



