संसद में NEET पेपर लीक पर घमासान, राज्यसभा में वंदे मातरम् बिल पेश, हंगामे के चलते दोनों सदन 27 जुलाई तक स्थगित

Lok Rajya Sabha Adjourned: संसद के मानसून सत्र में शुक्रवार को भी NEET पेपर लीक मामले को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखा टकराव देखने को मिला। लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में विपक्ष ने केंद्र सरकार को घेरते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सदन में आकर बयान देने, माफी मांगने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। लगातार हंगामे के बीच दोनों सदनों की कार्यवाही 27 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी गई। इस बीच राज्यसभा में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने ‘राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026’ यानी वंदे मातरम् से जुड़ा बिल पेश किया। हालांकि सदन में जारी हंगामे के कारण इस पर चर्चा नहीं हो सकी और विधेयक अभी पारित नहीं हुआ है। लोकसभा में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार NEET पेपर लीक मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल से भी इस संबंध में बात की है और सभी दल इस बात पर सहमत हैं कि इस मुद्दे पर सदन में चर्चा होनी चाहिए।
यह भी पढे़ं:- आधी रात छात्रों के नाम PM मोदी का बड़ा संदेश, कहा- पेपर लीक पर बनाएंगे सख्त कानून, अगले हफ्ते संसद में पेश करने की तैयारी
रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री पहले ही देश को भरोसा दिला चुके हैं कि पेपर लीक जैसे मामलों पर सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने विपक्ष से अपील करते हुए कहा कि सदन को चलने दें और राहुल गांधी अपने सांसदों को समझाएं, ताकि महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो सके। रिजिजू ने कहा कि अगर संसद में चर्चा नहीं होगी तो देश में गलत संदेश जाएगा। वहीं लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जब वह अपना पक्ष रखना चाहते थे तो उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया गया और उनका माइक बंद कर दिया गया। राहुल गांधी ने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से नहीं हटाया जाता, तब तक विपक्ष किसी भी चर्चा में भाग नहीं लेगा। उन्होंने कहा कि अगर सरकार वास्तव में चर्चा चाहती है तो पहले जवाबदेही तय करनी होगी। (Lok Rajya Sabha Adjourned)
प्रधानमंत्री सदन में आएं, शिक्षा मंत्री हटें: विपक्ष
विपक्षी दलों ने सदन के भीतर और बाहर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। विपक्षी सांसदों ने लोकसभा में इस्तीफा-इस्तीफा के नारे लगाए और धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल हटाने की मांग दोहराई। संसद परिसर के मकर द्वार पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में विपक्षी सांसदों ने बारिश के बीच प्रदर्शन किया। सांसद हाथों में पोस्टर लेकर धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो के नारे लगाते रहे। खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देर रात वीडियो संदेश जारी करने के बजाय संसद में आकर बयान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री सदन में आकर जवाब देंगे, तभी विपक्ष उनकी बातों को गंभीरता से लेगा। वहीं तृणमूल कांग्रेस सांसद सौगत रॉय ने कहा कि सरकार चर्चा का प्रस्ताव लेकर आए, यह स्वागत योग्य है, लेकिन धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए।
राज्यसभा में पेश हुआ वंदे मातरम् बिल
राज्यसभा में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026 पेश किया। यह विधेयक राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम, 1971 में संशोधन से जुड़ा है। प्रस्तावित कानून के मुताबिक ‘वंदे मातरम्’ का अपमान करना या उसके गायन के दौरान जानबूझकर बाधा उत्पन्न करना दंडनीय अपराध माना जाएगा। दोषी पाए जाने पर अधिकतम तीन साल की जेल, जुर्माना या दोनों का प्रावधान किया गया है। अगर यह विधेयक संसद से पारित हो जाता है तो कानूनी संरक्षण के मामले में ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रीय गान ‘जन गण मन’ के समान दर्जा प्राप्त होगा। हालांकि सदन में जारी हंगामे के कारण इस विधेयक पर विस्तृत चर्चा नहीं हो सकी। NEET पेपर लीक मामले, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग और वंदे मातरम् विधेयक जैसे मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव इतना बढ़ गया कि संसद की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल सकी। (Lok Rajya Sabha Adjourned)

लगातार हंगामे के बाद दोनों सदन स्थगित
लगातार नारेबाजी और विरोध के चलते लोकसभा और राज्यसभा दोनों की कार्यवाही 27 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी गई। अब सभी की नजरें 27 जुलाई पर टिकी हैं, जब एक ओर सरकार NEET पेपर लीक पर चर्चा कराने की कोशिश करेगी, वहीं विपक्ष शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और प्रधानमंत्री के सदन में बयान देने की मांग पर अड़ा रहने के संकेत दे चुका है। ऐसे में संसद के अगले चरण में भी जोरदार राजनीतिक टकराव जारी रहने की संभावना है। फिलहाल NEET पेपर लीक को लेकर सरकार और विपक्ष आमने-सामने हैं। सरकार चर्चा के लिए तैयार होने का दावा कर रही है, जबकि विपक्ष शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और प्रधानमंत्री के सदन में बयान देने की मांग पर अड़ा है। इसी बीच वंदे मातरम् को कानूनी संरक्षण देने वाला विधेयक भी संसद में पेश हो चुका है। अब सोमवार को संसद की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर इन दोनों अहम मुद्दों पर सियासी टकराव और तेज होने के आसार हैं।



