Google Analytics —— Meta Pixel

आज दिल्ली में कांग्रेस की बड़ी बैठक, PCC चीफ दीपक बैज सौंपेंगे छत्तीसगढ़ की रिपोर्ट, BJP ने जमकर साधा निशाना

Congress Meeting in Delhi: कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति पर मंथन के लिए दिल्ली में आज पार्टी की बड़ी बैठक होने जा रही है। अलग-अलग राज्यों के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और संगठन के प्रमुख नेता इस बैठक में शामिल होंगे। बैठक की अध्यक्षता लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी करेंगे। PCC चीफ दीपक बैज भी बैठक में शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि दीपक बैज छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन के कामकाज, आगामी रणनीति और राज्य सरकार के खिलाफ पार्टी की तैयारियों को लेकर रिपोर्ट पेश करेंगे। इसके साथ ही जल, जंगल और जमीन के मुद्दों पर राहुल गांधी के सामने प्रेजेंटेशन भी देंगे। सूत्रों के मुताबिक दीपक बैज बैठक के दौरान राहुल गांधी को छत्तीसगढ़ दौरे का आमंत्रण भी दे सकते हैं। कांग्रेस प्रदेश संगठन की ओर से राज्य में पार्टी की गतिविधियों और जन मुद्दों को लेकर तैयार किए गए रोडमैप पर भी चर्चा होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें:- मां शिवा प्लांट में बड़ा हादसा: इंडक्शन फर्नेस में उफान आने से 5 श्रमिक गंभीर रूप से झुलसे

कांग्रेस की बैठक को लेकर छत्तीसगढ़ बीजेपी ने हमला बोला है। डिप्टी CM अरुण साव ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को विधानसभा और लोकसभा चुनाव में हुई हार की समीक्षा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दीपक बैज आलाकमान को बताएंगे कि चुनाव में हार क्यों हुई और पार्टी के अंदर क्या स्थिति है। साव ने कहा कि कांग्रेस में आपसी खींचतान चल रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर चल रहे विवाद और संगठन की स्थिति की रिपोर्ट ही दिल्ली तक जाएगी। साव ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में कैसे हार हुई उसकी रिपोर्ट देंगे। कांग्रेस पार्टी में सिर फुटव्वल हो रही है, यही सब दीपक बैज आलाकमान को सौंपेंगे और बताएंगे। वहीं पूर्व मंत्री और वरिष्क्ष विधायक अजय चंद्राकर ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में अब कोई स्पंदन नहीं है। कांग्रेस की प्रासंगिकता समाप्त हो गई है। दीपक बैज अपनी जान बचाने के लिए हाथ पैर मार रहे हैं। बैज डूबते हुए आदमी हैं। (Congress Meeting in Delhi)

PCC चीफ दीपक बैज का पलटवार

बीजेपी के आरोपों पर PCC चीफ दीपक बैज ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आयोजित बैठक में सरकार के खिलाफ पार्टी की रणनीति पर चर्चा होगी। बीजेपी पहले अपने घर को देखे। बीजेपी में सर फुटव्वल है। इनकी पार्टी से कार्यकर्ता जा रहे हैं। बीजेपी में भगदड़ मची हुई है। बीजेपी से लोग जुड़ कम रहे हैं और निकल ज्यादा रहे हैं। बीजेपी के खिलाफ माहौल है। इनके खुद के नेताओं को इन पर विश्वास नहीं है। इधर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी आज दिल्ली दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री रात करीब 9:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। CM साय ने अपने दिल्ली दौरे को लेकर बताया कि बस्तर क्षेत्र के मांझी, चालकी और मुड़िया समाज के प्रतिनिधियों से जुड़ा कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि बस्तर दशहरा विश्व प्रसिद्ध आयोजन है और इसमें मांझी, चालकी और मुड़िया समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इन प्रतिनिधियों से मुलाकात के लिए समय दिया है। इस दौरान मुख्यमंत्री खुद भी राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!