छत्तीसगढ़ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर फिर घमासान, उमेश पटेल के समर्थन में पोस्ट करने पर कांग्रेस नेता को नोटिस, साव बोले- लड़ाई का मजा ले रही जनता
Chhattisgarh PCC President Post: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। दिल्ली दौरे से वरिष्ठ नेताओं के लौटने के बाद प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब संगठन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष और कांग्रेस नेता अरुण मालाकार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस की वजह उनका सोशल मीडिया पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता और रायगढ़ के खरसिया विधायक उमेश पटेल के समर्थन में किया गया फेसबुक पोस्ट बना है। अरुण मालाकार ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए उमेश पटेल को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने का समर्थन किया था।
यह भी पढ़ें:- जंतर-मंतर विवाद पर बोले PM मोदी, कहा- मुझे और मेरी मां को गालियां दी गईं, लेकिन ये गुमराह बच्चे हैं, इन्हें माफ करना चाहता हूं
यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस संगठन ने इसे गंभीरता से लेते हुए पार्टी अनुशासन का मामला माना और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर प्रभारी महामंत्री की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कहना है कि संगठन के आंतरिक विषयों को सार्वजनिक मंच पर इस तरह उठाना पार्टी अनुशासन के खिलाफ है। नोटिस में कहा गया है कि इस तरह की सार्वजनिक पोस्ट से पार्टी की छवि धूमिल होती है और संगठनात्मक प्रक्रिया प्रभावित होती है। मालाकार को तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। कांग्रेस संगठन ने स्पष्ट किया है कि अगर तय समय सीमा में जवाब नहीं दिया गया या स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया तो पार्टी संविधान के प्रावधानों के तहत उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

PCC अध्यक्ष को लेकर तेज हुई सियासी चर्चा
प्रदेश कांग्रेस में नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार अटकलें चल रही हैं। अलग-अलग नेताओं के समर्थक सोशल मीडिया पर अपने-अपने नेताओं के पक्ष में अभियान चला रहे हैं। इसी कड़ी में अरुण मालाकार की पोस्ट भी चर्चा का विषय बनी। अब नोटिस जारी होने के बाद इसे कांग्रेस संगठन का स्पष्ट संदेश माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व के फैसले से पहले सार्वजनिक रूप से किसी नेता के समर्थन में अभियान चलाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में अगर इस तरह की गतिविधियां जारी रहीं तो संगठन और सख्त कदम उठा सकता है। इस पर डिप्टी CM अरुण साव ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में लड़ाई-झगड़ा चलता ही रहता है। कभी कुर्सी के लिए लड़ाई होती है तो कभी नेता आपस में ही भिड़ते रहते हैं। कांग्रेस जनता के मुद्दों पर संघर्ष करने के बजाय अंदरूनी खींचतान में उलझी हुई है और यही वजह है कि पार्टी लगातार कमजोर होती जा रही है।

साव ने कहा कि कांग्रेस को न जनहित से मतलब है और न ही प्रदेश के विकास से। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में लड़ाई झगड़ा चलते ही रहने वाला है। कभी कुर्सी के लिए लड़ेंगे, कभी आपस में लड़ेंगे। कांग्रेस ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जो जनता के लिए लड़ने के बजाय आपस में ही लड़ते रहते हैं। आपस में लड़कर कांग्रेस खत्म हो रही है। छत्तीसगढ़ और देश की जनता इनकी लड़ाई का मजा लेती है। कांग्रेस को न जनहित से मतलब और न प्रदेश से। इसलिए कांग्रेस समाप्ति की ओर बढ़ रही है। संगठन में निष्क्रिय पदाधिकारियों पर कांग्रेस की संभावित कार्रवाई के सवाल पर भी डिप्टी CM ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ मीडिया में दिखाई देने के लिए बयान देती है, जमीन पर उसका कोई काम नहीं दिखता। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अगर इसी तरह कार्रवाई होती रही तो कांग्रेस के अधिकांश पदाधिकारी बाहर हो जाएंगे और शायद प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ही अकेले बचेंगे। (Chhattisgarh PCC President Post)
अब संगठन के अगले कदम पर सबकी नजर
अरुण मालाकार को जारी नोटिस के बाद प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक अनुशासन और नए PCC अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अरुण मालाकार अपने स्पष्टीकरण में क्या जवाब देते हैं और कांग्रेस संगठन इस मामले में आगे क्या निर्णय लेता है। साथ ही नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर भी राजनीतिक सरगर्मियां लगातार बनी हुई हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर शुरू हुई सियासी हलचल अब अनुशासन की कार्रवाई तक पहुंच गई है। उमेश पटेल के समर्थन में पोस्ट करने वाले अरुण मालाकार को नोटिस जारी कर कांग्रेस ने साफ संकेत दे दिए हैं कि संगठन से जुड़े फैसलों पर सार्वजनिक बयानबाजी को लेकर पार्टी सख्त रुख अपना सकती है। वहीं बीजेपी इस पूरे मामले को कांग्रेस की अंदरूनी कलह से जोड़कर निशाना साध रही है। अब नजर रहेगी कि नोटिस के जवाब के बाद कांग्रेस संगठन क्या कदम उठाता है और PCC अध्यक्ष पद को लेकर चल रही अटकलों पर कब विराम लगता है।



