Google Analytics —— Meta Pixel

कर्ज उतारने के लिए प्रिंटर से छापे ₹12.50 लाख के नकली नोट, तिरछी कटिंग ने खोला राज, 3 गिरफ्तार

कवर्धा/बोड़ला। जिले में कर्ज चुकाने की होड़ में नकली नोट छापने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पोंडी पुलिस चौकी क्षेत्र में तीन शातिर दिमाग आरोपियों ने किराए का कमरा लेकर कलर प्रिंटर की मदद से ₹12.50 लाख मूल्य के ₹500-500 के जाली नोट तैयार कर डाले। हालांकि, ₹4.50 लाख की उधारी चुकाने पहुंचे आरोपियों की चालाकी उस वक्त धरी की धरी रह गई, जब नोटों की खराब क्वालिटी और तिरछी कटिंग ने पीड़ित को सतर्क कर दिया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से ₹12.50 लाख के जाली नोटों के अलावा एक कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन, मोबाइल फोन और एक टाटा पंच EV कार बरामद की गई है।

₹4.50 लाख की उधारी लौटाने पहुंचे तो खुली पोल

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कमराखोल निवासी दिनेश कुमार यादव ने अप्रैल 2026 में घुरवा राम को ₹3.75 लाख उधार दिए थे। जब दिनेश ने अपनी रकम वापस मांगी, तो घुरवा राम ने 9 अगस्त की रात सतीश कुमार के माध्यम से पैसे भिजवाने की बात कही।

दिनेश को ग्राम पोंडी स्थित शराब भट्टी के पास बुलाया गया। दिनेश अपने साथी कैलाश चंद्रवंशी के साथ वहां पहुंचा, जहां सतीश कुमार और उसका एक साथी काले बैग में रकम लेकर आए थे। बैग खोलने पर उसमें ₹500-500 के ₹4.50 लाख के नोट थे। दिनेश को नोटों का कागज, रंग और असमान कटिंग देखकर संदेह हुआ। जांच करने पर नोट नकली पाए गए, जिसके बाद दिनेश ने 10 अगस्त को पोंडी चौकी में शिकायत दर्ज कराई।

किराए के कमरे में चल रहा था जाली नोट का खेल

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सतीश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सतीश ने अपने साथियों—रामप्रसाद उर्फ रमऊ और मुख्य लेनदार घुरवा राम के साथ मिलकर जाली नोट छापने का जुर्म कबूल कर लिया।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने जुलाई 2026 में नया बस स्टैंड के पास एक कमरा किराए पर लिया था। 13 जुलाई को आरोपियों ने कलर प्रिंटर खरीदा और बिना किसी तकनीकी अनुभव के ही इंटरनेट व साधारण तकनीकों के जरिए नकली नोट छापना शुरू कर दिया।

बरामदगी और कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग जगहों से कुल ₹12.50 लाख के नकली नोट जब्त किए हैं:

  • रामप्रसाद उर्फ रमऊ: ₹4.50 लाख
  • सतीश कुमार: ₹2.00 लाख
  • घुरवा राम: ₹1.50 लाख
  • पीड़ित दिनेश से प्राप्त: ₹4.50 लाख

पोंडी चौकी (थाना बोड़ला) में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 101/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 178, 179, 180, 181 और 318(4) के तहत मामला कायम किया गया है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि क्या आरोपियों ने इससे पहले भी बाजार में नकली नोट खपाए हैं या इस गिरोह में कोई अन्य आरोपी शामिल है।

यह भी पढ़े :- संसद की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, आखिरी दिन सिर्फ 1 मिनट चली लोकसभा 

Back to top button
error: Content is protected !!