Google Analytics —— Meta Pixel

संसद की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, आखिरी दिन सिर्फ 1 मिनट चली लोकसभा 

Parliament Proceedings Adjourned: संसद का मानसून सत्र गुरुवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गया। सत्र के आखिरी दिन लोकसभा की कार्यवाही महज 1 मिनट चली, जबकि राज्यसभा करीब 1 घंटे 6 मिनट तक चली। लोकसभा में कार्यवाही शुरू होते ही वंदे मातरम् का गान हुआ और इसके बाद स्पीकर ओम बिड़ला ने सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, पूरी केंद्रीय कैबिनेट और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सदन में मौजूद रहे। राज्यसभा में आखिरी दिन माइंस एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) अमेंडमेंट बिल, 2026 को मंजूरी दी गई। विधेयक पारित होने के बाद सदन में वंदे मातरम् का गान हुआ और राज्यसभा की कार्यवाही भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। सत्र के आखिरी दिन संसद परिसर में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। विपक्षी सांसदों ने प्रदर्शन किया और हाथों में मंकी टॉय लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। 

यह भी पढ़ें:- मानसून पर अल नीनो का असर, देश में 12% कम बारिश, कई राज्यों में बढ़ा सूखे का संकट, इन राज्यों में बारिश की भारी कमी

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में प्रियंका गांधी, सुप्रिया सुले समेत कई विपक्षी सांसद मौजूद रहे। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसद संसद परिसर में आमने-सामने भी आए। इससे पहले पूरे मानसून सत्र के दौरान कई मुद्दों को लेकर दोनों पक्षों के बीच लगातार टकराव देखने को मिला। राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी में उनके कार्यक्रम के बाद किए गए शुद्धिकरण का मुद्दा उठाया। खड़गे ने सरकार पर विपक्ष की बात सुनने और चर्चा कराने से बचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह चर्चा करना नहीं चाहते। वहीं कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि उन्होंने पहली बार ऐसा देखा है कि सत्ता पक्ष ही विरोध कर रहा है। मानसून सत्र में लोकसभा की कुल 19 बैठकें हुईं। सामान्य तौर पर एक दिन में लंच ब्रेक को छोड़कर करीब 6 घंटे सदन की कार्यवाही के लिए निर्धारित होते हैं। इस हिसाब से 19 बैठकों में करीब 114 घंटे कार्यवाही होनी थी, लेकिन लोकसभा करीब 17 घंटे 30 मिनट ही चली। यानी निर्धारित समय में से करीब 96 घंटे 30 मिनट कार्यवाही नहीं हो सकी। (Parliament Proceedings Adjourned)

सत्र के आखिरी दिनों में भी जारी रहा टकराव

इस दौरान विधायी कामकाज करीब 12 घंटे 12 मिनट, अन्य कामकाज 4 घंटे 42 मिनट और गैर-विधायी कामकाज सिर्फ 18 मिनट हुआ। प्रश्नकाल करीब 12 मिनट और वित्तीय कामकाज करीब 6 मिनट रहा। मानसून सत्र के आखिरी दिनों में भी सरकार और विपक्ष के बीच कई मुद्दों को लेकर टकराव बना रहा। 10 अगस्त को संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में कहा था कि गृहमंत्री अमित शाह जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर सदन में जवाब देने के लिए तैयार हैं। विपक्ष लगातार इस मामले में अमित शाह के बयान की मांग कर रहा था। 11 अगस्त को संसद के मकर द्वार पर भाजपा और NDA के सांसद झारखंड में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। वहीं कांग्रेस समेत INDIA गठबंधन के सांसद राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। दोनों पक्षों की नारेबाजी के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई और संसद के सुरक्षाकर्मियों को मोर्चा संभालना पड़ा। (Parliament Proceedings Adjourned)

2025 के मानसून सत्र से भी कम रही कार्यवाही

12 अगस्त को गृहमंत्री अमित शाह ने लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला को पत्र लिखकर छात्रों के प्रदर्शन से जुड़े मुद्दे पर चर्चा के लिए समय तय करने की मांग की। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष को उनका लेक्चर नहीं सुनना है और पहले यह स्पष्ट होना चाहिए कि जंतर-मंतर पर छात्रों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश किसने दिया था। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि अगर अमित शाह ने आदेश नहीं दिया था तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। 2025 में मानसून सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्त तक चला था। उस दौरान लोकसभा और राज्यसभा की 21-21 बैठकें हुई थी। लोकसभा में कुल करीब 37 घंटे कार्यवाही हुई थी। इस साल भी विपक्ष और सरकार के बीच लगातार टकराव के कारण लोकसभा का निर्धारित समय बड़े पैमाने पर प्रभावित हुआ। सत्र के दौरान अलग-अलग मुद्दों पर विपक्ष ने सरकार को घेरने की कोशिश की, जबकि सरकार की ओर से भी विपक्ष पर सदन नहीं चलने देने के आरोप लगाए गए। कई मुद्दों पर चर्चा की मांग और सरकार के जवाब को लेकर दोनों पक्षों के बीच टकराव बना रहा। अब मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो चुका है। आखिरी दिन लोकसभा का सिर्फ 1 मिनट चलना और पूरे सत्र में निर्धारित समय के मुकाबले बेहद कम कार्यवाही होना इस सत्र की सबसे बड़ी तस्वीरों में शामिल रहा।

Back to top button
error: Content is protected !!