Google Analytics —— Meta Pixel

उज्जैन के महाकाल मंदिर में भगदड़ जैसे हालात, 13 श्रद्धालु घायल, नागचंद्रेश्वर के दर्शन के लिए लगी थी 40 हजार श्रद्धालुओं की कतार

Stampede in Mahakal Temple: उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर परिसर में नागपंचमी के मौके पर सोमवार को भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसे हालात बन गए। नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ के बीच करंट फैलने की अफवाह के बाद अचानक अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे। बैरिकेडिंग पर भीड़ का दबाव बढ़ने से कई श्रद्धालु नीचे गिर गए और कुछ लोग उसके नीचे दब गए, जिससे 13 श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें उज्जैन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद ज्यादाांश को छुट्टी दे दी गई। फिलहाल तीन श्रद्धालु अस्पताल में भर्ती है। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

यह भी पढ़ें:- भारत की अध्यक्षता में BRICS का पर्यावरण एजेंडा तय, जलवायु परिवर्तन पर महामंथन, 4 मुद्दों पर फोकस

पुलिस के मुताबिक नागचंद्रेश्वर भगवान के दर्शन के लिए करीब 40 हजार श्रद्धालु कतार में मौजूद थे। नागपंचमी और सावन के तीसरे सोमवार का पर्व एक साथ होने के कारण महाकाल मंदिर में भारी भीड़ उमड़ी। पुलिस के मुताबिक दोपहर तक करीब 6 लाख से ज्यादा श्रद्धालु नागचंद्रेश्वर के दर्शन कर चुके थे, जबकि 2 लाख से ज्यादा श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन कर चुके थे। नागचंद्रेश्वर मंदिर महाकालेश्वर मंदिर की तीसरी मंजिल पर स्थित है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि मंदिर के कपाट साल में सिर्फ एक बार नागपंचमी के दिन 24 घंटे के लिए खोले जाते हैं। इसी वजह से इस दिन यहां दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। (Stampede in Mahakal Temple)

बैरिकेडिंग पर बढ़ा दबाव, फिर बिगड़ी स्थिति

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दर्शन के लिए लंबी कतार में श्रद्धालु कई घंटे से खड़े थे। भीड़ बढ़ने के साथ बैरिकेडिंग पर दबाव बढ़ता गया। इसी दौरान बैरिकेडिंग का एक हिस्सा टूट गया और कुछ लोग नीचे गिर गए। पीछे से लगातार भीड़ का दबाव आने के कारण कई श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिरते चले गए। घटना से पहले करंट फैलने की अफवाह भीड़ में फैलने की बात सामने आई है। अफवाह के बाद लोगों में घबराहट बढ़ी और स्थिति और बिगड़ गई। घायल श्रद्धालु ने बताया कि वह महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए लाइन में लगा था। करीब 7-8 घंटे बाद वह हरसिद्धि चौराहे तक पहुंचा, जहां भीड़ के कारण श्रद्धालुओं को करीब दो घंटे तक रोका गया। इसके बाद अचानक बैरिकेड खोल दिए गए, जिसके बाद भीड़ का दबाव बढ़ा और भगदड़ जैसे हालात बन गए। (Stampede in Mahakal Temple)

इस दौरान टेंट और बैरिकेड गिर गए और उसके दोनों पैर बैरिकेड के नीचे फंस गए। घायल श्रद्धालु के मुताबिक एक पैर में फ्रैक्चर बताया गया है। उसने प्रशासन से मदद मिलने में देरी का भी आरोप लगाया। घायल ने VIP दर्शन व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उसका दावा है कि 300 रुपए की रसीद काटकर VIP दर्शन कराए जा रहे थे, जबकि आम श्रद्धालु घंटों तक लाइन में खड़े थे। एक महिला श्रद्धालु ने बताया कि भगदड़ जैसे हालात में उनकी बेटी भी घायल हो गई। उन्होंने बताया कि बच्ची को चक्कर आया और वह रेलिंग पर गिर गई। इसके बाद वह बेहोश हो गई। परिवार के मुताबिक बच्ची के दांत टूट गए हैं और वह घटना के बाद ठीक से बोल भी नहीं पा रही है। उसे एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।

कोई अप्रिय घटना नहीं हुई: प्रशासन

वहीं महाकाल मंदिर प्रशासन ने भगदड़ या अफरा-तफरी की बात से इनकार किया है। मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने कहा कि नागचंद्रेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं के दर्शन निर्बाध रूप से जारी हैं और मंदिर परिसर में किसी तरह की अफरा-तफरी या अप्रिय घटना नहीं हुई। प्रशासन के मुताबिक नागपंचमी और सावन का सोमवार एक साथ होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं और दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से चल रही है। प्रशासन के मुताबिक नागपंचमी और सावन सोमवार पर आने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पिछले एक हफ्ते से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही थी। इस बार पिछली बार की तुलना में ज्यादा पुलिस ज्यादाारी, कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। देर रात से ही चारधाम मंदिर क्षेत्र से बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी।

तीन बड़े आयोजनों के कारण भारी भीड़

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग को पिछले साल की तुलना में ज्यादा चौड़ा किया गया था, ताकि ज्यादा संख्या में श्रद्धालु एक साथ आगे बढ़ सकें। इसके बावजूद कई घंटे तक कतार में खड़े श्रद्धालुओं पर भीड़ का दबाव बढ़ने से कुछ लोग बेसुध हो गए। हरसिद्धि चौराहा और बड़े गणेश मंदिर के सामने कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बनी। SP प्रदीप शर्मा के मुताबिक सोमवार को शहर में तीन बड़े धार्मिक आयोजन एक साथ हो रहे हैं। नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट नागपंचमी पर 24 घंटे के लिए खुले हैं। इसके अलावा सावन का तीसरा सोमवार होने के कारण महाकाल मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। शाम को भगवान महाकाल की तीसरी सवारी भी निकाली जानी है। पुलिस के मुताबिक सवारी में करीब 4 से 4.5 लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में पूरे शहर में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन की चुनौती बढ़ गई है।

कैसे मचती है भगदड़ ?

भीड़ में भगदड़ की स्थिति आमतौर पर तब बनती है, जब लोगों की संख्या अचानक बढ़ जाती है और आगे बढ़ने की जगह सीमित हो जाती है। धक्का लगने से भीड़ का दबाव एक दिशा में तेजी से ट्रांसफर होता है। लोग अपना संतुलन खोकर गिरने लगते हैं और उनके पीछे मौजूद लोग भी गिरते चले जाते हैं। एक के ऊपर एक लोग गिरने से शरीर पर अत्यधिक दबाव पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में सांस लेने में परेशानी हो सकती है और गंभीर मामलों में दम घुटने से मौत तक हो सकती है।

नागचंद्रेश्वर मंदिर क्यों है खास ?

नागचंद्रेश्वर मंदिर महाकालेश्वर मंदिर परिसर की तीसरी मंजिल पर स्थित है। यहां भगवान शिव, माता पार्वती और भगवान गणेश के साथ दसफण नाग की शेष पर विराजमान प्रतिमा स्थापित है। मान्यता है कि नागराज तक्षक ने भगवान शिव की तपस्या की थी और उन्हें यहां वास का वरदान मिला था। मान्यता के अनुसार, तक्षक की तपस्या में कोई व्यवधान न हो, इसलिए मंदिर के कपाट साल में केवल एक बार नागपंचमी के दिन खोले जाते हैं। नागपंचमी के दिन यहां रात 12 बजे, दोपहर 12 बजे और शाम के समय विशेष पूजा-अर्चना की परंपरा है। श्रद्धालु यहां दर्शन और पूजन कर कालसर्प दोष तथा सर्प बाधाओं से मुक्ति की कामना भी करते हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से स्थिति नियंत्रण में होने की बात कही गई है। हालांकि श्रद्धालुओं के आरोप और प्रशासन के दावों में अंतर ने भीड़ प्रबंधन और दर्शन व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। खासकर ऐसे दिन, जब मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान पहले से था, घटना ने भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की प्रभावशीलता पर चर्चा छेड़ दी है।

Back to top button
error: Content is protected !!