Google Analytics —— Meta Pixel

Nepal Flood Updates : नेपाल में फिर मंडराया बाढ़ का खतरा, भोटेकोशी नदी का बढ़ा बहाव; 734 मौतों से मचा हाहाकार

Nepal Flood Updates : नेपाल में बुधवार को आई विनाशकारी बाढ़ के बाद हालात अब भी गंभीर बने हुए हैं। मध्य नेपाल के बाढ़ प्रभावित इलाकों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 734 हो गई है, जबकि 2,400 से अधिक लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। इस बीच नेपाल के मौसम विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में फिर बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी की चेतावनी जारी की है। भोटेकोशी नदी में जलस्तर और बहाव बढ़ने की सूचना के बाद बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है।

राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) के मुताबिक, रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी का बहाव फिर बढ़ा है। इसके मद्देनजर रसुवा, नुवाकोट, धादिङ और चितवन समेत प्रभावित इलाकों में तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तथा राहत और बचाव कार्य में जुटी टीमों को सतर्क रहने की अपील की गई है। (Nepal Flood Updates )

आठ जिलों में जारी है राहत और बचाव अभियान

बाढ़ प्रभावित आठ जिलों में राहत, बचाव और लापता लोगों की तलाश का अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों के अनुसार, अब तक 734 शव बरामद किए जा चुके हैं। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण के नेतृत्व में सुरक्षा बल और बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित निकालने तथा लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं।

बताया जा रहा है कि नेपाल-तिब्बत सीमा के पास ग्लेशियर टूटने के बाद बर्फ, चट्टानों और मलबे के साथ भारी मात्रा में पानी नीचे की ओर आया। तेज बहाव के कारण मध्य नेपाल के कई इलाकों में भारी तबाही हुई। कई गांव और बस्तियां प्रभावित हुईं, जबकि सड़कों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है। कई जलविद्युत परियोजनाओं के प्रभावित होने की भी जानकारी सामने आई है।

करीब 2,500 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

बचाव अभियान के दौरान अब तक करीब 2,500 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। इनमें 163 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। प्रभावित क्षेत्रों में रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण राहत और बचाव कार्य में लगातार चुनौतियां बनी हुई हैं।

नेपाल में 108 भारतीय नागरिकों का रेस्क्यू

भारत के विदेश मंत्रालय ने 29 अगस्त 2026 की रात 10:30 बजे तक नेपाल में प्रभावित भारतीय नागरिकों को लेकर जानकारी साझा की। मंत्रालय के अनुसार, नेपाल में 108 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला गया है, जबकि 50 भारतीय नागरिकों से दोबारा संपर्क स्थापित किया जा चुका है।

मंत्रालय के मुताबिक, 275 भारतीय नागरिक अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। इसके अलावा 128 भारतीय मूल के लोगों के भी लापता होने की जानकारी सामने आई है।

चीन से 598 भारतीय सुरक्षित नेपाल पहुंचे

विदेश मंत्रालय के अनुसार, चीन से 598 भारतीय नागरिक सुरक्षित नेपाल पहुंच चुके हैं, जबकि करीब 900 भारतीय नागरिक अभी चीन से रवाना नहीं हुए हैं। मंत्रालय ने बताया कि ये सभी सुरक्षित हैं और बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है।

भारत ने भेजी राहत सामग्री की चौथी खेप

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बताया कि भारत से 11 टन राहत सामग्री लेकर चौथी उड़ान नेपाल के लिए रवाना हो गई है। इसके अलावा 230 फीट लंबे सिंगल-लेन मॉड्यूलर स्टील ब्रिज के निर्माण के लिए 16 ट्रक उपकरण नेपाल पहुंच चुके हैं।

उन्होंने बताया कि सात और बेली ब्रिज के लिए जरूरी उपकरण भी जल्द भेजे जाएंगे। इन पुलों के निर्माण और स्थापना के लिए तकनीकी टीमें भी नेपाल भेजी जाएंगी।

भारत अब तक 68.5 टन राहत सामग्री काठमांडू पहुंचा चुका है। इसमें जरूरी दवाइयां, पोर्टेबल जनरेटर, खाद्य पैकेट, पानी शुद्ध करने वाली गोलियां और तकनीकी उपकरण शामिल हैं।

नेपाल से नागपुर लौटे भारतीय पर्यटक

नेपाल में बाढ़ के दौरान फंसे भारतीय पर्यटकों का एक समूह महाराष्ट्र के नागपुर लौट आया है। पर्यटकों के अनुसार, बाढ़ की घटना उनके ठिकाने से करीब 50 किलोमीटर दूर हुई थी और वे काठमांडू में फंस गए थे।

एक पर्यटक ने बताया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया और वापस नागपुर पहुंचाया गया।

फिलहाल नेपाल में राहत और बचाव अभियान जारी है। मौसम विभाग की ओर से फिर बारिश की चेतावनी के चलते प्रशासन ने नदी और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। (Nepal Flood Updates )

यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को तलाशने, तराशने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध – मुख्यमंत्री साय

Back to top button
error: Content is protected !!