Dantewada Crime News : जादूटोना के शक में ग्रामीण की हत्या, फिर श्मशान घाट में जला दिया शव
पुलिस ने 6 संदिग्धों की पहचान की

Dantewada Crime News : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में जादूटोना के शक में एक ग्रामीण की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को श्मशान घाट ले जाकर जला दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले में पुलिस ने 6 संदिग्ध आरोपियों की पहचान की है।
घटना कुआकोंडा थाना क्षेत्र के पोरोपरिया पटेलपारा की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति की जादूटोना करने के शक में हत्या कर दी गई है। इसके बाद शव को श्मशान घाट ले जाकर जला दिया गया।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। (Dantewada Crime News )
कई धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 190, 191, 332(1), 238, 127(2), 115(2), 351 और 296 के तहत मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान पुलिस ने कोसा मंडावी, नंदा मंडावी, नंदा कोवासी, आयता कवासी, भीमा मंडावी और हिड़मा बारसे की संदिग्ध आरोपियों के रूप में पहचान की है।
हत्या की वजह और भूमिका की जांच जारी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक पर जादूटोना करने का शक किया जा रहा था। हालांकि, हत्या की पूरी वजह, वारदात में प्रत्येक संदिग्ध की भूमिका और शव को जलाने की परिस्थितियों को लेकर पुलिस विस्तृत जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद घटना के अन्य पहलुओं और आरोपियों की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। (Dantewada Crime News)
यह भी पढ़े :- CGPSC का बड़ा स्पष्टीकरण: राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 में 795 के बजाय 608 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए चिन्हित



