Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर की हवा में सुधार, सबसे साफ हवा वाले शहरों में छठवें नंबर पर राजधानी, हवा सुधारने की मुहिम लाई रंग 

Raipur Air Quality 2026: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की हवा में सुधार हुआ है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में 10 लाख से ज्यादा आबादी वाले देश के शहरों की श्रेणी में रायपुर को छठवां स्थान मिला है। रायपुर को सर्वेक्षण में कुल 189 अंक प्राप्त हुए हैं। खास बात यह है कि शहर में वायु प्रदूषण के प्रमुख मानकों में से एक PM-10 के स्तर में भी पिछले कुछ समय में कमी दर्ज की गई है। आंकड़ों के मुताबिक साल 2022-23 में रायपुर में PM-10 का स्तर 78 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था, जो साल 2025-26 में घटकर 64 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रह गया। इस तरह करीब तीन वर्षों में PM-10 के स्तर में लगभग 18 फीसदी की कमी दर्ज की गई है। इससे शहर में वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आने की बात कही जा रही है।

यह भी पढ़ें:- गुवाहाटी में श्रद्धा हत्याकांड जैसी वारदात, पत्नी का सिर काटकर फ्रिज में रखा, धड़ फर्श पर छोड़ा, उंगलियां भी काटी, पति की हैवानियत से सनसनी

रायपुर में PM-10 के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले कुछ सालों में प्रदूषण का स्तर उतार-चढ़ाव वाला रहा है। साल 2017-18 में PM-10 का स्तर 70 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था। इसके बाद इसमें धीरे-धीरे कमी आई और 2020-21 में यह 55 तक पहुंच गया था। हालांकि इसके बाद प्रदूषण के स्तर में फिर बढ़ोतरी देखने को मिली। साल 2021-22 में PM-10 का स्तर 61 रहा, जबकि 2022-23 में बढ़कर 78 तक पहुंच गया। इसके बाद लगातार इसमें गिरावट दर्ज की गई। 2023-24 में यह 76, 2024-25 में 75 और 2025-26 में घटकर 64 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रह गया। शहर की हवा में मौजूद प्रदूषण को कम करने के लिए सड़क की धूल को नियंत्रित करने पर भी काम किया जा रहा है। 

साल-दर-साल का पूरा रिकॉर्ड

नगर निगम के मुताबिक शहर में करीब 100 किलोमीटर सड़कों पर पैच रिपेयर का काम कराया गया है। इसके अलावा सड़क से धूल हटाने के लिए 7 मशीनों के जरिए रोजाना करीब 150 किलोमीटर सड़क की मैकेनिकल स्वीपिंग की जा रही है। इसका उद्देश्य सड़कों पर जमा धूल को हटाना और उसके हवा में घुलने की मात्रा को कम करना है। शहर में PM-10 के स्तर को कम करने में सड़क की धूल पर नियंत्रण को अहम कदम माना जा रहा है। वायु प्रदूषण कम करने के लिए शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक रायपुर में फिलहाल करीब 26,254 ई-वाहन हैं। (Raipur Air Quality 2026)

इन इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को आसान बनाने के लिए शहर में 30 ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन भी उपलब्ध हैं। पेट्रोल और डीजल वाहनों की जगह इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने से भविष्य में वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। रायपुर में वायु गुणवत्ता सुधारने के साथ-साथ शहर की हरियाली बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। वर्ष 2025-26 में शहर में करीब 42 हजार पौधे लगाए गए हैं। इनमें खास तौर पर 3 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया गया मियावाकी प्लांटेशन भी शामिल है। इस क्षेत्र में करीब 23 हजार पौधे लगाए गए हैं। नगर निगम के मुताबिक इस मियावाकी प्लांटेशन में लगाए गए पौधों में से 91.30 फीसदी पौधे जीवित हैं।

वार्ड स्तर पर भी रायपुर की मौजूदगी

मियावाकी पद्धति में कम जगह में ज्यादा संख्या में पौधे लगाकर तेजी से हरित क्षेत्र विकसित करने का प्रयास किया जाता है। ऐसे हरित क्षेत्र शहर के वातावरण को बेहतर बनाने और धूल-कणों को नियंत्रित करने में भी उपयोगी माने जाते हैं। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में केवल शहर की रैंकिंग ही नहीं, बल्कि वार्ड स्तर पर भी रायपुर के दो वार्डों ने अपनी जगह बनाई है। वार्ड नंबर 46 को 30 हजार से अधिक आबादी वाले वार्डों की श्रेणी में स्थान मिला है। वहीं वार्ड नंबर 30 को 10 हजार से 30 हजार आबादी वाले वार्डों की श्रेणी में जगह मिली है। इस तरह शहर की ओवरऑल रैंकिंग के साथ-साथ वार्ड स्तर पर भी रायपुर की मौजूदगी दर्ज हुई है। (Raipur Air Quality 2026)

प्रदूषण कम करने के प्रयासों का असर

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में रायपुर का छठवें स्थान पर आना और PM-10 के स्तर में करीब 18 फीसदी की कमी शहर के लिए सकारात्मक संकेत माना जा सकता है। सड़क की धूल कम करने के लिए मैकेनिकल स्वीपिंग, सड़कों की मरम्मत, इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के साथ बड़े पैमाने पर पौधरोपण जैसे कदमों को वायु गुणवत्ता सुधारने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि रायपुर में प्रदूषण का स्तर पूरी तरह नियंत्रित करने के लिए इन प्रयासों को लगातार जारी रखना चुनौती होगी। खासकर बढ़ते ट्रैफिक, निर्माण कार्य और सड़क की धूल पर नियंत्रण के साथ शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने पर लगातार काम करने की जरूरत बनी रहेगी। (Raipur Air Quality 2026)

Back to top button
error: Content is protected !!