CG NEWS : तहसीलदार की कुर्सी पर आ गिरा छत का प्लास्टर, टला बड़ा हादसा

CG NEWS/ दुर्ग। पाटन तहसील कार्यालय में देर रात छत का प्लास्टर और मलबा अचानक नीचे गिर गया। मलबा सीधे तहसीलदार की कुर्सी पर जा गिरा। गनीमत रही कि घटना कार्यालय समय के बाद हुई, जिससे किसी कर्मचारी या अधिकारी को चोट नहीं आई। यदि हादसा दिन में हुआ होता तो तहसीलदार, ऑपरेटर समेत कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और काम से पहुंचे लोगों के घायल होने की आशंका थी।
कुर्सी, टेबल का ग्लास और कंप्यूटर क्षतिग्रस्त
छत का प्लास्टर गिरने से तहसीलदार की कुर्सी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं टेबल का ग्लास टूट गया और पास रखा कंप्यूटर व प्रिंटर भी मलबे की चपेट में आकर खराब हो गया। घटना के बाद कार्यालय में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। (CG NEWS)
जर्जर भवन की मरम्मत की उठी मांग
बताया जा रहा है कि पाटन तहसील कार्यालय भवन की हालत लंबे समय से खराब है। कर्मचारियों की ओर से भवन की मरम्मत की मांग भी की जाती रही है। छत का प्लास्टर गिरने की घटना ने एक बार फिर भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि यदि छत का मलबा कार्यालयीन समय में गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। तहसील कार्यालय में रोजाना बड़ी संख्या में लोग अपने काम के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में भवन की तत्काल जांच कराकर जरूरी मरम्मत कराने की मांग की जा रही है। (CG NEWS)
यह भी पढ़े :- एकलव्य स्कूल में 10वीं के छात्र की मौत, कमरे में मिला शव



