खाद चोरी के आरोप में दो युवकों को रस्सी से बांधा, गांव में निकाला जुलूस
ग्रामीणों ने खाद की बोरी कंधे पर रखवाकर निकाला जुलूस, पुलिस को शिकायत की पुष्टि नहीं

Gariaband News : गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लॉक में ओडिशा सीमा से लगे झोलाराव गांव में खाद चोरी के आरोप में दो युवकों को कथित तौर पर रस्सी से बांधकर गांव में घुमाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों पर एक किसान के घर से खाद की दो बोरियां चोरी करने का आरोप था। ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ने के बाद कंधे पर खाद की एक-एक बोरी रखवाई और कमर में रस्सी बांधकर ढोल-नगाड़ों के साथ गांव में जुलूस निकाला।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात एक किसान के घर से खाद की दो बोरियां चोरी होने की बात सामने आई थी। इसके बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई। बुधवार को प्रभु और कृष्णा नाम के दो युवकों को कथित चोरी के मामले में पकड़ लिया गया। ग्रामीणों का दावा है कि दोनों के पास से चोरी की गई खाद की बोरियां भी बरामद हुईं। (Gariaband News)
इसके बाद दोनों युवकों को कथित तौर पर सार्वजनिक रूप से गांव में घुमाया गया। उनके कंधों पर खाद की बोरियां रखी गईं और कमर में रस्सी बांधी गई। ढोल-नगाड़ों के साथ निकाले गए जुलूस को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना का वीडियो बनाए जाने और सोशल मीडिया व वॉट्सऐप ग्रुपों में साझा किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
सरपंच ने वीडियो देखने की बात कही
मामले को लेकर गौरगांव के सरपंच चिमन नेताम ने बताया कि उन्होंने वॉट्सऐप ग्रुप में घटना से संबंधित फोटो और वीडियो देखे हैं। वीडियो में कुछ लोगों को जुलूस के रूप में ले जाते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, उन्होंने घटना की प्रत्यक्ष जानकारी होने से इनकार किया है।
पुलिस को शिकायत की पुष्टि नहीं
वहीं, शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा ने भी मामले की जानकारी होने से इनकार किया है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस के पास खाद चोरी अथवा दोनों युवकों को रस्सी से बांधकर गांव में घुमाने के संबंध में शिकायत दर्ज हुई है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी थी। पुलिस ने दोनों युवकों पर लगे चोरी के आरोपों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल पूरे मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और आधिकारिक शिकायत के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। ग्रामीणों द्वारा कानून हाथ में लेकर कथित तौर पर युवकों को सार्वजनिक रूप से दंडित किए जाने की घटना चर्चा में है। (Gariaband News)
यह भी पढ़े :- पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर में लगी आग, चालक-कंडक्टर ने कूदकर बचाई जान, पढ़े पूरी खबर



