डी-कॉलोनाइजेशन इतिहास मिटाना नहीं, भारतीय दृष्टिकोण से सत्य सामने लाना है: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

Home Minister Amit Shah: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुंबई में एक ही दिन दो अलग-अलग महत्वपूर्ण मंचों से भारत की ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक विरासत, आर्थिक विकास और वैश्विक औद्योगिक महत्वाकांक्षा को लेकर व्यापक संदेश दिया। उन्होंने एशियाटिक सोसाइटी ऑफ मुंबई की ओर से आयोजित ‘गणेश ज्ञानार्थी’ प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और बाद में 52वें इंडिया जेम्स एंड ज्वेलरी अवॉर्ड्स समारोह को संबोधित किया। शाह ने एक ओर भारत की प्राचीन ज्ञान-संपदा, पांडुलिपियों और सांस्कृतिक स्मृति को संरक्षित कर उसे आधुनिक शोध और डिजिटल माध्यमों से दुनिया तक पहुंचाने पर जोर दिया, वहीं दूसरी ओर रत्न और आभूषण उद्योग को भविष्य के लैब-ग्रोन डायमंड बाजार में भारत का नेतृत्व सुनिश्चित करने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, डिप्टी CM एकनाथ शिंदे, गुजरात के डिप्टी CM हर्ष संघवी समेत एशियाटिक सोसाइटी ऑफ मुंबई के अध्यक्ष डॉ. विनय सहस्रबुद्धे समेत कई लोग उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:- आयुर्वेद को वैश्विक मंच पर नई ताकत, ब्रिक्स में TCIM विशेषज्ञ समूह का स्वागत, वियतनाम से रक्षा संबंध भी मजबूत
एशियाटिक सोसाइटी के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि वे यहां सिर्फ गृहमंत्री के नाते नहीं आए हैं, बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा को हजारों सालों तक आगे ले जाने के आंदोलन के एक सहभागी के रूप में आए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में एशियाटिक सोसाइटी ऑफ मुंबई भारतीय ज्ञान परंपरा की मजबूत वाहक बनेगी और देशभर में इस ज्ञान को पहुंचाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार एशियाटिक सोसाइटी को हरसंभव सहयोग और समर्थन दे रही है और आगे भी देती रहेगी। शाह ने महाराष्ट्र को ज्ञान और विद्या की परंपरा से जुड़ी भूमि बताते हुए कहा कि महाराष्ट्र की भूमि की ऊर्जा में ही सरस्वती की ऊर्जा और प्राथमिकता निहित है। उन्होंने एशियाटिक सोसाइटी की नई टीम से अपेक्षा जताई कि वह संस्था में मौजूद ज्ञान के विशाल भंडार का विस्तार करेगी।

उन्होंने कहा कि यह विस्तार सिर्फ संस्था की सीमाओं तक नहीं रहना चाहिए, बल्कि देशभर के पुस्तकालयों, शोध संस्थानों, विद्यार्थियों और शोधार्थियों तक पहुंचना चाहिए। शाह ने सुझाव दिया कि एशियाटिक सोसाइटी में मौजूद ज्ञान-संपदा को डिजिटल रूप दिया जाए और देशभर के पुस्तकालयों के साथ साझा किया जाए। साथ ही, देश की ऐतिहासिक धरोहरों और ज्ञान-संपदा को संरक्षित करने वाली संस्थाओं और पुस्तकालयों का एक साझा मंच तैयार किया जाना चाहिए। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एशियाटिक सोसाइटी को केंद्र सरकार के ‘ज्ञान भारतम’ राष्ट्रीय पांडुलिपि मिशन से पूरी तरह जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के गांव-गांव, विद्वानों के घरों और परिवारों में पीढ़ियों से सुरक्षित दस्तावेजों और पांडुलिपियों को खोजकर सामने लाने का अभियान चलाया जाना चाहिए। इन पांडुलिपियों को राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण से जोड़कर उनके संरक्षण और वैज्ञानिक अध्ययन की व्यवस्था की जानी चाहिए।

शाह ने कहा कि भारत की प्राचीन पांडुलिपियों में ऐसा अथाह ज्ञान मौजूद है, जिस पर अभी व्यापक शोध किया जाना बाकी है। उन्होंने कहा कि भारत को आर्थिक और रक्षा के क्षेत्र में विश्व का सर्वश्रेष्ठ देश बनाने का बीज भी इन पांडुलिपियों में छिपा हो सकता है। उन्होंने भारत रत्न पंडित पांडुरंग वामन काणे के कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी कृतियों पर आधारित ‘काणे समग्र’ तैयार कर उसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना चाहिए। शाह ने कहा कि जो राष्ट्र अपनी स्मृति, इतिहास, संस्कार, भाषा, अभिलेख और परंपराओं की रक्षा नहीं कर सकता, वह कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, उसके पतन में देर नहीं लगती। इसके विपरीत जो राष्ट्र अपनी स्मृति, इतिहास, भाषा, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखता है, उसे लंबे समय तक गुलाम रखने के बावजूद उसकी आत्मा को समाप्त नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि विश्व का मार्गदर्शन करने के लिए खड़े हुए भारत के ओजस्वी ज्ञान को मिटाने के अनेक प्रयास हुए, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। शाह ने नालंदा का उदाहरण देते हुए कहा कि नालंदा का पुस्तकालय जलाया जा सकता है, उसकी इमारतों को नष्ट किया जा सकता है, लेकिन जो ज्ञान श्रुति और स्मृति के रूप में लोगों के चित्त में बस चुका है, उसे समाप्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने भारतीय सभ्यता की विशेषता बताते हुए कहा कि भारत जब पराजित होता है तो धैर्य रखकर आगे बढ़ता है और जब विजय प्राप्त करता है तो पराजित व्यक्ति या समाज की स्मृतियों को नष्ट करने के बजाय उसे अपनी परंपरा में जोड़ने का प्रयास करता है। शाह ने कहा कि सच्चा ज्ञान किसी विचारधारा का बंधक नहीं हो सकता। ज्ञान स्वयं एक विचारधारा है और उसे किसी भी बंधन में बांधने से उसका मूल स्वरूप बदल जाता है। ज्ञान मुक्त और उन्मुक्त होना चाहिए और उसकी अभिव्यक्ति भी मुक्त होनी चाहिए। (Home Minister Amit Shah)
इंडोलॉजी पर शाह का सवाल- अध्ययन या परिभाषित करने की कोशिश ?
गृहमंत्री अमित शाह ने एशियाटिक सोसाइटी के इतिहास को समझने के लिए इंडोलॉजी की अवधारणा को समझना जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि मुद्राशास्त्र, पुरालेखशास्त्र, रूपविज्ञान, इतिहास, पुरातत्व, भाषाविज्ञान, दर्शन, साहित्य, धर्मशास्त्र और व्याकरण जैसे विषयों के अध्ययन को मिलाकर इंडोलॉजी की अवधारणा विकसित हुई। किसी सभ्यता का अध्ययन करने और उसे परिभाषित करने में अंतर होता है। अध्ययन करने वाला व्यक्ति दूसरे की व्यवस्था को समझने के साथ स्वयं को भी बदल सकता है, लेकिन किसी सभ्यता को परिभाषित करने की कोशिश में यह सवाल महत्वपूर्ण हो जाता है कि उस परिभाषा का उद्देश्य क्या है। उन्होंने कहा कि औपनिवेशिक दौर में भारत के ज्ञान को भारत की अपनी आवाज में नहीं लिखा गया। उसे औपनिवेशिक दृष्टिकोण से परिभाषित किया गया, जिससे समाज में हीनभावना और आत्मविश्वास की कमी पैदा हुई।
डी-कॉलोनाइजेशन इतिहास मिटाना नहीं: शाह
शाह ने कहा कि आजादी के इतने सालों बाद अब भारत को अपने इतिहास और ज्ञान को भारतीय दृष्टिकोण से देखने की जरूरत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि डी-कॉलोनाइजेशन का मतलब इतिहास मिटाना नहीं है। इसका मतलब इतिहास को संपूर्ण, प्रामाणिक और भारतीय दृष्टिकोण के साथ फिर से लोगों के सामने रखना है। उन्होंने कहा कि एशियाटिक सोसाइटी में महाभारत के चित्र, जैन कल्पसूत्र और बौद्ध धर्म से जुड़े दुर्लभ ग्रंथ मौजूद हैं। ऐसे ज्ञान को बहुत पहले ही व्यापक समाज के सामने आना चाहिए था। शाह ने कहा कि अंग्रेजों ने ज्ञान और सत्ता को एक-दूसरे में गूंथ दिया था। आज भारत के सामने चुनौती है कि ज्ञान और सत्ता का पूर्ण विच्छेद हो और सत्ता की दिशा ज्ञान के आधार पर तय हो। उन्होंने कहा कि देश को ऐसी व्यवस्था की जरूरत है, जिसमें ज्ञान सत्ता का उपकरण न बने, बल्कि ज्ञान के आधार पर देश की नीतियां और सत्ता की दिशा तय हो।
जेम्स-ज्वेलरी उद्योग पर शाह का बड़ा संदेश
एशियाटिक सोसाइटी के कार्यक्रम के बाद अमित शाह ने मुंबई में 52वें इंडिया जेम्स एंड ज्वेलरी अवॉर्ड्स समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत विश्व का जेम्स एंड ज्वेलरी हब बनेगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है, उनमें निर्यातक, निर्माता, बैंकर और महिला उद्यमी शामिल हैं। इन सभी ने मिलकर भारत के विकास के नए मानक स्थापित किए हैं। शाह ने कहा कि 1975 में जब इस पुरस्कार की नींव रखी गई थी, तब शायद ही किसी ने कल्पना की होगी कि 50 साल बाद यह देश के रत्न और आभूषण उद्योग का इतना प्रतिष्ठित मंच बन जाएगा। उन्होंने कहा कि यह उद्योग देश की अर्थव्यवस्था, एमएसएमई क्षेत्र और रोजगार के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी लोगों को बधाई देते हुए कहा कि इस क्षेत्र ने निरंतरता, उत्कृष्टता और रोजगार सृजन के जरिए देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है।
छह हजार साल पुराना है भारत का रत्न कारोबार: शाह
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत में रत्न और आभूषण सिर्फ व्यापार नहीं, बल्कि सभ्यता और पहचान का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने कहा कि करीब छह हजार वर्ष पहले से भारत से रत्नों और आभूषणों का व्यापार दुनिया के विभिन्न हिस्सों में होता था। उन्होंने रोमन लेखक प्लिनी के उल्लेख का हवाला देते हुए कहा कि भारत के रत्न और मसालों के व्यापार के कारण रोम का धन भारत की ओर जाता था। शाह ने कहा कि समय के साथ भारतीय कारीगरों और जौहरियों ने इस क्षेत्र में नई तकनीक और कला जोड़ी। राजस्थान और कोलकाता की रियासतों के संरक्षण में कुंदन और मीनाकारी जैसी कलाओं ने नई ऊंचाइयां हासिल की और जयपुर आज भी रंगीन रत्नों के लिए दुनिया में अपनी अलग पहचान रखता है। शाह ने सूरत के योगदान को विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि दुनिया में तराशे जाने वाले हर 10 हीरों में से लगभग 9 सूरत में तराशे जाते हैं। उन्होंने कहा कि सूरत के व्यापारियों ने सिर्फ हीरे नहीं तराशे, बल्कि लाखों लोगों को रोजगार और आत्मनिर्भरता दी। साथ ही भारत के निर्यात और अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान दिया। (Home Minister Amit Shah)
मुंबई बनी रत्न-आभूषण निर्यात की धुरी: शाह
शाह ने सूरत के व्यापारियों के सामाजिक योगदान का भी जिक्र करते हुए कहा कि संकट के समय इस समुदाय ने समाज के साथ खड़े होकर अपनी जिम्मेदारी निभाई है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई ने भारत के रत्न और आभूषण व्यापार को निर्यात की धुरी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि भारत डायमंड बोर्ड भारत के वैश्विक रत्न और आभूषण कारोबार का महत्वपूर्ण प्रतीक बन चुका है। उन्होंने SEEPZ, मुंबई में भारत रत्नम् मेगा कॉमन फैसिलिटी सेंटर का भी जिक्र किया और कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस यह केंद्र उद्योग को नई क्षमता देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने इंडिया ज्वेलरी पार्क को भी महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए कहा कि इससे बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार के अवसर पैदा होंगे। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2047 तक भारत को विश्व में हर क्षेत्र में प्रथम राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है और देश की 140 करोड़ जनता ने भी इस संकल्प को स्वीकार किया है।

उन्होंने कहा कि पिछले सालों में बुनियादी ढांचे, उत्पादन, निर्यात और उद्योग के क्षेत्र में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। शाह ने कहा कि भारत अब दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और आर्थिक विकास के साथ-साथ रक्षा, बुनियादी ढांचे और तकनीकी क्षमता में भी देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार की पीएलआई योजनाओं और निर्यात को बढ़ावा देने वाली नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश का निर्यात लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। अमित शाह ने कहा कि सरकार बदलती वैश्विक परिस्थितियों के अनुरूप नीतियां तैयार कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से रफ डायमंड ट्रेडिंग को बढ़ावा देने के लिए उठाए गए कदमों का उल्लेख किया और कहा कि भारत को विश्व का रफ डायमंड ट्रेडिंग हब बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। भारत के पास अब वह बुनियादी ढांचा और व्यापारिक क्षमता है, जिसके आधार पर देश वैश्विक रत्न-आभूषण आपूर्ति शृंखला में अपनी भूमिका और मजबूत कर सकता है।
लैब-ग्रोन डायमंड पर शाह का बड़ा दांव
अमित शाह ने जेम्स एंड ज्वेलरी उद्योग के भविष्य को लेकर सबसे बड़ा संदेश लैब-ग्रोन डायमंड को लेकर दिया। उन्होंने कहा कि अब लैब-ग्रोन डायमंड का युग आने वाला है और इसका बाजार वर्तमान डायमंड बाजार की तुलना में लगभग 50 गुना बड़ा होने की संभावना है। उन्होंने उद्योग जगत से कहा कि भारत को सिर्फ लैब-ग्रोन डायमंड का निर्माण करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसकी पूरी पारिस्थितिकी और पूरी विनिर्माण शृंखला भारत के हाथ में होनी चाहिए। मशीन निर्माण से लेकर लैब-ग्रोन डायमंड बनाने, उससे आभूषण तैयार करने, ब्रांड विकसित करने और दुनिया के प्रमुख शहरों में भारतीय कंपनियों के शोरूम खोलने तक पूरी वैल्यू चेन भारत के पास होनी चाहिए। शाह ने कहा कि लैब-ग्रोन डायमंड की नई विधा में भारत को सिर्फ एक उत्पादक नहीं बल्कि संस्थापक उद्योग के रूप में उभरना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत सरकार इसके लिए हरसंभव सहायता देने को तैयार है। सूरत और मुंबई के व्यापारियों ने भी इस दिशा में कदम बढ़ाना शुरू किया है।
गुजरात और महाराष्ट्र सरकारों की नीतिगत पहलों का जिक्र
उन्होंने गुजरात और महाराष्ट्र सरकारों की नीतिगत पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार भी आवश्यक नीतिगत समर्थन देगी शाह ने उद्योग जगत से कहा कि अब सिर्फ तेजी से काम करना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि कारोबार का पैमाना बदलना होगा। उनका जोर इस बात पर रहा कि भारत मशीन से लेकर अंतिम उपभोक्ता तक पूरी श्रृंखला पर अपनी पकड़ बनाए और भारतीय कंपनियां वैश्विक ब्रांड के रूप में स्थापित हों। शाह ने कहा कि आज भारत दुनिया के 90 प्रतिशत से ज्यादा कटे और पॉलिश किए गए हीरों का प्रसंस्करण करता है। यह भारतीय आभूषण उद्योग के कौशल, क्षमता और उद्यमशीलता का बड़ा प्रमाण है। उन्होंने कहा कि अब इसी क्षमता का इस्तेमाल भविष्य के बाजारों पर कब्जा करने के लिए करना होगा। भारत को अमेरिका, मध्य पूर्व, हांगकांग और यूरोप जैसे बड़े बाजारों में अपनी स्थिति और मजबूत करनी होगी। मुक्त व्यापार समझौतों से मिलने वाले अवसरों का भी भारतीय उद्योग को लाभ उठाना चाहिए। (Home Minister Amit Shah)
संकट के समय देश के साथ खड़ा रहा जेम्स-ज्वेलरी उद्योग: शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रत्न और आभूषण उद्योग के सामाजिक योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि जब-जब गुजरात और भारत पर संकट आया, तब-तब आभूषण व्यापारी समाज और देश के साथ मजबूती से खड़े हुए। अकाल, बाढ़, चक्रवात, जल संरक्षण, वृक्षारोपण से लेकर कारीगरों और कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा तक, इस उद्योग ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाई है। उन्होंने उद्योग जगत से उम्मीद जताई कि आने वाले डायमंड युग में भारत सिर्फ उत्पादन का केंद्र नहीं, बल्कि पूरी वैश्विक वैल्यू चेन और मार्केटिंग नेटवर्क का नेतृत्व करेगा। मुंबई में शाह के दोनों संबोधनों को एक साथ देखा जाए तो उनका केंद्रीय संदेश भारत की ज्ञान-संपदा और आर्थिक क्षमता को आत्मविश्वास के साथ वैश्विक नेतृत्व में बदलने पर केंद्रित रहा।
वैश्विक बाजारों में भारत सिर्फ भागीदार नहीं: शाह
एशियाटिक सोसाइटी के मंच से उन्होंने प्राचीन पांडुलिपियों, इतिहास, भाषा और भारतीय ज्ञान परंपरा को संरक्षित कर उसे आधुनिक शोध और डिजिटल माध्यमों से दुनिया तक पहुंचाने की बात कही। वहीं जेम्स एंड ज्वेलरी अवॉर्ड्स में उन्होंने भारत के पारंपरिक कौशल, आधुनिक तकनीक, उद्यमिता और वैश्विक बाजार की क्षमता को जोड़कर भविष्य के उद्योग का नेतृत्व करने का आह्वान किया। एक ओर उनका जोर इस बात पर रहा कि भारत अपनी ज्ञान-स्मृति और इतिहास को अपनी दृष्टि से दुनिया के सामने रखे, वहीं दूसरी ओर उन्होंने उद्योग जगत को संदेश दिया कि भविष्य के वैश्विक बाजारों में भारत सिर्फ भागीदार नहीं, बल्कि नेतृत्वकर्ता बने। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के अनुसार भारत के पास अपनी प्राचीन ज्ञान परंपरा, विशाल मानव संसाधन, कौशल, पूंजी, तकनीकी क्षमता और उद्यमशीलता की ऐसी विरासत है, जिसके आधार पर देश 2047 तक विश्व के अग्रणी देशों में स्थान हासिल कर सकता है। (Home Minister Amit Shah)



