Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में युवाओं के पास नौकरी पाने का अवसर, 8 हजार से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती, रायपुर में 7-8 अक्टूबर को रोजगार मेला

Job Fair in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार पाने का बड़ा मौका है। दरअसल, राज्य सरकार के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और रोजगार विभाग की ओर से 7 और 8 अक्टूबर 2026 को रायपुर में राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में आयोजित होगा। इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कंपनियों और प्लेसमेंट संस्थाओं की ओर से 8 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती की जाएगी। अब तक 36 नियोजकों और प्लेसमेंट संस्थाओं से 8,720 रिक्त पदों की जानकारी विभाग को मिल चुकी है। अन्य कंपनियों से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है, इसलिए मेले में उपलब्ध पदों की संख्या आगे और बढ़ सकती है। रोजगार मेले में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध होंगे। 

यह भी पढ़ें:- CEC विवाद पर विपक्ष का हल्लाबोल, BJP पर चुनाव आयोग को प्रभावित करने के आरोप, कई नेताओं ने बोला हमला

10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, बीई/बीटेक, सामान्य स्नातक, बीएससी एग्रीकल्चर और एमबीए/एमसीए सहित स्नातकोत्तर योग्यता रखने वाले युवा अपनी योग्यता के अनुसार पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे। भर्ती में मैन्युफैक्चरिंग, टेक्निकल, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोबाइल, सेल्स एंड मार्केटिंग, बैंकिंग-फाइनेंस, ऑफिस वर्क, कस्टमर सर्विस, हेल्थ एंड केयर, सिक्योरिटी, लॉजिस्टिक्स और डिलीवरी जैसे कई क्षेत्रों में नौकरियां शामिल हैं। इनमें मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, मीटर टेक्नीशियन, मैकेनिकल इंजीनियर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, नर्सिंग स्टाफ, केयरटेकर, सुरक्षा गार्ड, ड्राइवर, डिलीवरी बॉय और पिकर-पैकर जैसे पद शामिल हैं। अप्रेंटिस और ट्रेनी के लिए भी अवसर उपलब्ध होंगे। (Job Fair in Chhattisgarh)

इन कंपनियों में मिल सकते हैं रोजगार के अवसर

रोजगार मेले के लिए अब तक क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलुज टेक्सटाइल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट बैंक, इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट सहित कई संस्थाओं ने रिक्तियां उपलब्ध कराई हैं। इन कंपनियों में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ देश के दूसरे राज्यों में भी रोजगार के अवसर शामिल हैं। रोजगार मेले की आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा दी गई है। युवा घर बैठे उपलब्ध नौकरियों की जानकारी देख सकते हैं और अपनी योग्यता और पसंद के अनुसार पद के लिए आवेदन कर सकते हैं। ई-रोजगार पोर्टल https://www.erojgar.cg.gov.in/ पर अभ्यर्थियों की प्रोफाइल और आवेदन के आधार पर कंपनियां उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग और प्रारंभिक चयन भी कर सकती हैं।

रोजगार मेले में पहुंचना भी जरूरी

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे पोर्टल पर अपना पंजीयन कर प्रोफाइल को अपडेट रखें, जिन युवाओं का आधार और मोबाइल नंबर संबंधी विवरण अपडेट नहीं है, उन्हें आवेदन से पहले जरूरी जानकारी अपडेट करनी होगी। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को रोजगार मेले के निर्धारित जगह पर उपस्थित होना होगा। सिर्फ ऑनलाइन आवेदन करने से चयन प्रक्रिया पूरी नहीं होगी। रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क है। अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, पहचान पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज लेकर जाना होगा। 8 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कौशल विकास और रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की अध्यक्षता में चयनित युवाओं को ऑफर लेटर दिए जाने का प्रस्ताव है।

रायगढ़ में 29 सितंबर को जिला स्तरीय रोजगार मेला

रायगढ़ में भी युवाओं के लिए रोजगार का अवसर है। 29 सितंबर 2026 को जिला रोजगार और स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। इस मेले में निजी कंपनियों की ओर से 161 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को पद और योग्यता के अनुसार 10 हजार से 25 हजार रुपए प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा। यहां फिटर, वेल्डर, मैकेनिकल ट्रेनी, कस्टमर रिलेशनशिप ऑफिसर, क्रेन ऑपरेटर समेत कई तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती होगी। अलग-अलग पदों के लिए 10वीं, 12वीं और आईटीआई जैसी योग्यताएं निर्धारित की गई हैं। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए ई-रोजगार पोर्टल पर पंजीयन जरूरी है, जिन युवाओं ने पहले पंजीयन नहीं कराया है, उनके लिए मेला स्थल पर भी पंजीयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। (Job Fair in Chhattisgarh)

जशपुर में 30 सितंबर को 2 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती

इसके अलावा 30 सितंबर 2026 को जशपुर के लाइवलीहुड कॉलेज, डोड़का चौरा में संभाग स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। यह मेला सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इसमें बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के पात्र महिला और पुरुष अभ्यर्थी भी शामिल हो सकेंगे। इस मेले में 2,089 से ज्यादा पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। इनमें भारी वाहन चालक के 1,000, सुरक्षा गार्ड और सुपरवाइजर के 310, लाइफ मित्र और बीमा सखी के 250, इलेक्ट्रीशियन और मीटर टेक्नीशियन के 115, क्वालिटी इंस्पेक्टर और ट्रेनी के 100, नर्सिंग असिस्टेंट और केयरटेकर के 100, फील्ड ऑफिसर और सीआरओ के 90 और बैंक असिस्टेंट और मैनेजर के 28 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए चयनित युवाओं को 8 हजार से 40 हजार रुपए तक प्रतिमाह वेतन मिलने की जानकारी दी गई है। रोजगार के लिए बलरामपुर-रामानुजगंज, जशपुर, अंबिकापुर, रायपुर, भिलाई, रायगढ़ के साथ-साथ रांची, पुणे और बेंगलुरु जैसे शहरों में काम करने के अवसर भी शामिल हैं। (Job Fair in Chhattisgarh)

युवाओं के लिए जरूरी बात

जशपुर रोजगार मेले में शामिल होने के लिए आधार अपडेट और जीवित रोजगार पंजीयन जरूरी बताया गया है। अभ्यर्थियों को अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट साइज फोटो, जीवित पंजीयन पर्ची और बायोडाटा साथ लेकर जाना होगा। इस तरह सितंबर के अंत से लेकर अक्टूबर की शुरुआत तक छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार के कई बड़े अवसर उपलब्ध हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार संबंधित रोजगार मेले में पंजीयन कर आवेदन कर सकते हैं और निर्धारित तारीख पर जरूरी दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार के कई बड़े अवसर सामने हैं। रायपुर में 7 और 8 अक्टूबर को होने वाले राज्यस्तरीय रोजगार मेले में फिलहाल 8 हजार 720 पदों पर भर्ती की तैयारी है। वहीं रायगढ़ और जशपुर में भी अलग-अलग रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं। ऐसे में इच्छुक युवा समय पर ई-रोजगार पोर्टल पर पंजीयन कर अपनी योग्यता के मुताबिक पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं और तय तारीख पर जरूरी दस्तावेजों के साथ रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!