Google Analytics —— Meta Pixel

लगातार बारिश से फसलों में कीट-रोग का खतरा, किसानों को निगरानी और समय पर नियंत्रण की सलाह, धान में भूरा माहू और रोगों पर रखें नजर

Crop Pest Disease Alert: लगातार हो रही बारिश और वातावरण में बढ़ी नमी के कारण खेतों में फसलों पर कीट और रोगों का प्रकोप बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों को अपनी फसलों की नियमित निगरानी करने और कीट या रोग के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर समय रहते नियंत्रण के उपाय अपनाने की सलाह दी है। विभाग ने कहा कि बिना कीट या रोग की सही पहचान के अनावश्यक रूप से कीटनाशी और फफूंदनाशी दवाओं का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए। विशेषज्ञों के मुताबिक लगातार बारिश के कारण खेतों में नमी और आद्र्रता बढ़ने से कई फफूंदजनित रोगों के साथ-साथ कुछ प्रमुख कीटों का प्रकोप बढ़ सकता है। वर्तमान मौसम में धान, सोयाबीन, अरहर, उड़द, मूंग और कपास जैसी प्रमुख फसलों पर विशेष निगरानी की आवश्यकता है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में बारिश-बाढ़ का कहर, मंत्रियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा, राहत-बचाव कार्य तेज

धान की फसल इस समय दाना भरने की शुरुआती अवस्था में पहुंच रही है। इस अवस्था में भूरा माहू, पैनिकल माइट, गंधी बग, तना छेदक और पत्ती लपेटक जैसे कीटों के साथ ब्लास्ट, भूरा धब्बा और शीथ ब्लाइट जैसे रोगों की निगरानी जरूरी है। भूरा माहू पौधे के निचले हिस्से में दिखाई देता है। छोटे भूरे कीटों का समूह नजर आना इसका प्रमुख लक्षण है। ज्यादा प्रकोप होने पर पौधे पीले पड़कर सूखने लगते हैं। ऐसी स्थिति में इमिडाक्लोप्रिड 17.8 प्रतिशत एसएल 100 मिली प्रति एकड़ या डाइनोटेफ्यूरान 10 प्रतिशत + पाइमेट्रोजीन 40 प्रतिशत डब्ल्यूजी 100 ग्राम प्रति एकड़ का उपयोग संबंधित अनुशंसा और लेबल के अनुसार किया जा सकता है। कृषि विभाग ने भूरा माहू वाले खेतों में बार-बार कीटनाशी का प्रयोग नहीं करने और यूरिया का अनावश्यक ज्यादा उपयोग न करने की सलाह दी है। (Crop Pest Disease Alert)

पैनिकल माइट से दानों के विकास पर असर

बालियों और दानों के विकास के समय पैनिकल माइट का प्रकोप होने पर दाने ठीक से विकसित नहीं हो पाते। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर पहले कृषि विशेषज्ञ से इसकी पुष्टि करानी चाहिए। नियंत्रण के लिए डायफेन्थियूरॉन 50 प्रतिशत डब्ल्यूपी 1 से 2 ग्राम प्रति लीटर पानी या प्रोपिकोनाजोल 1 मिली प्रति लीटर पानी का उपयोग संबंधित उत्पाद की लेबल अनुशंसा के अनुसार किया जा सकता है। गंधी बग दूधिया दानों से रस चूसता है, जिससे दाने अधभरे और खराब हो सकते हैं। प्रकोप की स्थिति में लैम्ब्डा-साइहेलोथ्रिन 5 प्रतिशत ईसी 100 मिली प्रति एकड़ का प्रयोग किया जा सकता है। तना छेदक के प्रकोप में बीच की पत्ती सूखने लगती है। ज्यादा प्रकोप होने पर सफेद बालियां दिखाई दे सकती हैं। वहीं पत्ती लपेटक कीट के कारण पत्तियां मुड़कर नली जैसी हो जाती हैं। ऐसी स्थिति में प्रोफेनोफॉस 40 प्रतिशत + साइपरमेथ्रिन 4 प्रतिशत ईसी 400 मिली प्रति एकड़ या क्लोरेंट्रानिलिप्रोल 9.3 प्रतिशत + लैम्ब्डा-साइहेलोथ्रिन 4.6 प्रतिशत जेडसी 100 मिली प्रति एकड़ का प्रयोग प्रकोप की स्थिति में अनुशंसित मात्रा के अनुसार किया जा सकता है।

धान में ब्लास्ट, भूरा धब्बा और शीथ ब्लाइट की निगरानी

ब्लास्ट रोग में पत्तियों पर नाव के आकार के भूरे धब्बे दिखाई देते हैं। बाली की गर्दन पर काले-भूरे घाव भी इसके प्रमुख लक्षण हैं। इसके नियंत्रण के लिए ट्राइसाइक्लाजोल 75 प्रतिशत डब्ल्यूपी 120 ग्राम प्रति एकड़ का प्रयोग किया जा सकता है। भूरा धब्बा रोग में पत्तियों पर गोल या अंडाकार भूरे धब्बे दिखाई देते हैं। ऐसी स्थिति में मैनकोजेब 75 प्रतिशत डब्ल्यूपी 1.5 से 2 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर का उपयोग अनुशंसित मात्रा में किया जा सकता है। शीथ ब्लाइट में पत्ती की खोल पर हरे-धूसर या भूरे रंग के अंडाकार धब्बे दिखाई देते हैं। रोग की स्थिति में हेक्साकोनाजोल 5 प्रतिशत एससी 350 मिली प्रति एकड़ का प्रयोग किया जा सकता है। सोयाबीन की फसल में इस समय फली बनने और दाना विकसित होने की अवस्था है। लगातार नमी के कारण तना मक्खी, गर्डल बीटल, पत्ती खाने वाली इल्लियों, तंबाकू की इल्ली और सफेद मक्खी की निगरानी करना जरूरी है। (Crop Pest Disease Alert)

अरहर में फली छेदक और रस चूसक कीटों की निगरानी

रोगों में रस्ट, पत्ती धब्बा और एन्थ्रेक्नोज के लक्षणों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है। पत्तियों पर पीले-भूरे धब्बे, पत्तियों का झड़ना या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई देने पर रोग की सही पहचान के बाद अनुशंसित फफूंदनाशी का प्रयोग करें। रोग की स्थिति में मैनकोजेब 75 प्रतिशत डब्ल्यूपी 1.5 से 2 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर का उपयोग किया जा सकता है। सोयाबीन में पीला मोजेक दिखाई देने पर रोगग्रस्त पौधों को खेत से निकालकर नष्ट करने और सफेद मक्खी के नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है। अरहर की फसल में शाखा विकास और फूल आने की शुरुआती अवस्था में फली छेदक, पत्ती खाने वाली इल्लियों और रस चूसने वाले कीटों की निगरानी जरूरी है। कीटों की निगरानी और नियंत्रण के लिए खेत में पक्षियों के बैठने के लिए पक्षी बैठका लगाने और फेरोमोन ट्रैप का उपयोग करने की सलाह दी गई है। प्रकोप बढ़ने पर पंजीकृत और अनुशंसित कीटनाशी का निर्धारित मात्रा में प्रयोग किया जाना चाहिए।

उड़द और मूंग में पीला मोजेक से सावधानी

उड़द और मूंग की फसल इस समय फूल के साथ फली बनने की अवस्था में है। इस दौरान फली छेदक, तंबाकू की इल्ली, सफेद मक्खी, माहू और थ्रिप्स की नियमित निगरानी करनी चाहिए। इन फसलों में पीला मोजेक और पत्ती धब्बा रोग के लक्षणों पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है। पीला मोजेक से प्रभावित पौधों को खेत से निकालकर नष्ट करने और सफेद मक्खी के नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है। कपास की फसल में फूल और टिंडे बनने की अवस्था के दौरान माहू, जेसिड, सफेद मक्खी, थ्रिप्स और गुलाबी सुंडी की नियमित निगरानी जरूरी है। गुलाबी सुंडी की निगरानी के लिए फेरोमोन ट्रैप लगाने की सलाह दी गई है। साथ ही फूल और टिंडों को खोलकर अंदर सुंडी की मौजूदगी की जांच करनी चाहिए। प्रकोप की पुष्टि होने के बाद ही अनुशंसित कीटनाशी का प्रयोग किया जाना चाहिए। (Crop Pest Disease Alert)

बारिश के दौरान दवा का छिड़काव न करें

किसान फसलों में कीट और रोग के शुरुआती प्रकोप की स्थिति में जैविक उपायों का भी उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए ट्राइकोडर्मा विरिडी, स्यूडोमोनास फ्लोरेसेंस, ब्यूवेरिया बेसियाना, मेटाराइजियम एनीसोप्ली, बैसिलस थुरिन्जिएन्सिस (बीटी) और नीम आधारित उत्पाद और अजाडिरैक्टिन का उपयोग संबंधित उत्पाद के लेबल पर दी गई मात्रा और विधि के अनुसार किया जा सकता है। कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि बारिश के दौरान फसलों पर किसी भी दवा का छिड़काव न करें। बारिश रुकने और पत्तियां सूखने के बाद ही आवश्यकता के अनुसार छिड़काव करें। किसानों को यह भी सलाह दी गई है कि बिना कीट या रोग की पहचान के अनावश्यक दवा का प्रयोग न करें। अलग-अलग कीटनाशी और फफूंदनाशी को बिना अनुशंसा के आपस में मिलाकर छिड़काव करने से भी बचें। धान की दाना भरने की वर्तमान अवस्था को देखते हुए दवा के प्रयोग से पहले कटाई से पूर्व प्रतीक्षा अवधि का ध्यान रखना जरूरी है। खेतों में जलभराव न होने दें और आवश्यकता के अनुसार जल निकासी की व्यवस्था करें। यूरिया और अन्य नत्रजनयुक्त उर्वरकों का जरूरत से ज्यादा प्रयोग भी न करें।

फसल की नियमित निगरानी सबसे जरूरी

दवा का प्रयोग हमेशा उसके सक्रिय तत्व, सांद्रता और संबंधित फसल में पंजीकृत उपयोग के अनुसार ही किया जाना चाहिए। छिड़काव के दौरान किसान मास्क, दस्ताने और अन्य सुरक्षात्मक कपड़ों का उपयोग करें। कृषि विभाग ने किसानों से लगातार बारिश के बाद खेतों का नियमित निरीक्षण करने की अपील की है। फसल में कीट या रोग के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर संबंधित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, कृषि अधिकारी या कृषि विज्ञान केंद्र से संपर्क कर सही पहचान और अनुशंसा प्राप्त करने के बाद ही दवा का प्रयोग करें।वर्तमान मौसम में खास तौर पर धान में भूरा माहू, पैनिकल माइट, ब्लास्ट और भूरा धब्बा और अन्य फसलों में शुरुआती कीट और रोग के लक्षणों की पहचान समय पर करना जरूरी है। समय रहते निगरानी और उचित नियंत्रण उपाय अपनाने से फसल को होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है।

Back to top button
error: Content is protected !!