Google Analytics —— Meta Pixel

जादू-टोने के शक में बुजुर्ग की बोलेरो से कुचलकर हत्या, हादसा दिखाने की थी साजिश, आरोपी मृतक की पत्नी पर करते थे शक

Murder in Jashpur: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जादू-टोने के शक में एक बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है। बगीचा थाना क्षेत्र में 68 साल के जोयो राम को बोलेरो से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया गया। वारदात को इस तरह अंजाम दिया गया कि पहली नजर में मामला सड़क हादसा लगे। हालांकि पुलिस की जांच में हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हो गया। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी दीपक यादव (21) को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बोलेरो भी जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक दीपक ने अपने पिता कुरसों यादव और चाचा परमेश्वर राम के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। दोनों अभी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

खेत जा रहे बुजुर्ग को बनाया निशाना

घटना 29 सितंबर 2026 की बताई जा रही है। जोयो राम अपने मक्के के खेत की ओर गए थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें निशाना बनाया। पुलिस के मुताबिक दीपक यादव अपने चाचा की बोलेरो लेकर डाहीडांड़ की तरफ गया था। बताया गया है कि जोयो राम मेन रोड से करीब 5 से 10 मीटर दूर अपने मक्के के खेत के सामने खड़े थे। आरोप है कि दीपक ने पहले बोलेरो को आगे ले जाकर वापस मोड़ा और फिर तेज रफ्तार से वाहन जोयो राम की तरफ चलाकर उन्हें कुचल दिया। बोलेरो की चपेट में आने से जोयो राम के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। बहुत ज्यादा खून बहने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी बोलेरो लेकर मौके से फरार हो गया। (Murder in Jashpur)

मृतक की पत्नी पर था जादू-टोने का शक

पुलिस के मुताबिक हत्या को सामान्य सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई थी। मक्के के खेत में शव मिलने के बाद पुलिस ने शुरुआती तौर पर मामले में मर्ग कायम किया और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान मृतक के सिर, माथे और बाएं पैर पर चोट के निशान मिले। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव को मौत की वजह बताया गया। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को घटना सामान्य हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या होने के संकेत मिले। पुलिस जांच में हत्या के पीछे अंधविश्वास और पुरानी रंजिश की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दीपक यादव, उसके पिता कुरसों यादव और चाचा परमेश्वर राम मृतक जोयो राम की पत्नी पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते थे। (Murder in Jashpur)

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करों पर प्रहार, जशपुर में 2.40 करोड़ के गांजे के साथ दो गिरफ्तार, सारंगढ़ में एडवोकेट हाईकोर्ट लिखी कार से गांजा जब्त

आरोपियों को शक था कि जोयो राम की पत्नी के तंत्र-मंत्र के कारण उनके परिवार के कई सदस्य बीमार हुए हैं। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच पिछले दो से तीन साल से विवाद और रंजिश चल रही थी। पुलिस के अनुसार गांव के एक बैगा ने भी जोयो राम की पत्नी पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया था। इसके बाद परिवार में बीमारी और दूसरी परेशानियों के लिए भी उसे जिम्मेदार माना जाने लगा। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी पक्ष को जोयो राम के रोजाना खेत की तरफ जाने की जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर हत्या की योजना बनाई गई। पुलिस के मुताबिक 29 सितंबर की दोपहर दीपक, उसके पिता और चाचा ने जोयो राम को रास्ते में बोलेरो से कुचलकर हत्या करने की योजना बनाई। इसके बाद घटना को सड़क हादसा दिखाने की साजिश रची गई।

पुलिस ने जब्त की बोलेरो

शाम करीब 4 बजे दीपक बोलेरो लेकर डाहीडांड़ की तरफ पहुंचा। जोयो राम को खेत के पास देखकर उसने वाहन आगे ले जाकर वापस मोड़ा और फिर कथित तौर पर जानबूझकर उन्हें टक्कर मार दी। पूछताछ के दौरान पुलिस को दीपक पर शक गहराता गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मिले तथ्यों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या का मामला सामने आया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल बोलेरो क्रमांक CG 14 MC 5946 जब्त की गई है। गवाहों की मौजूदगी में वाहन की जब्ती की कार्रवाई की गई। मामले में बगीचा थाने में कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दीपक यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं उसके पिता कुरसों यादव, चाचा परमेश्वर राम और एक बैगा समेत अन्य आरोपियों की भूमिका भी जांच में सामने आई है।

SP बोले- अंधविश्वास के नाम पर हिंसा बर्दाश्त नहीं

पुलिस के मुताबिक इन सभी की पहचान कर ली गई है, लेकिन वे फिलहाल फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। जशपुर एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि शुरुआती तौर पर मामला सड़क दुर्घटना जैसा प्रतीत हो रहा था, लेकिन जांच के दौरान यह बात सामने आई कि बुजुर्ग की हत्या अंधविश्वास और जादू-टोने के शक में की गई थी। एसपी के मुताबिक मुख्य आरोपी को बोलेरो के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि जिले में अंधविश्वास के नाम पर किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अंधविश्वास और ओझा-बैगा के बहकावे में न आएं। किसी भी तरह के विवाद या संदेह की स्थिति में कानून का सहारा लें और खुद कानून हाथ में न लें। (Murder in Jashpur)

Back to top button
error: Content is protected !!