Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर के आरंग में बुजुर्ग दंपती की नृशंस हत्या, सिरकटी लाश मिलने से इलाके में फैली सनसनी

Double Murder in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे आरंग थाना क्षेत्र के बिरबिरा गांव से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात हमलावरों ने एक बुजुर्ग दंपती की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों के शवों को जंगल में फेंक दिया गया। इस वीभत्स घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतकों की पहचान सदासी राम साहू (65 साल) और उनकी पत्नी आसबती साहू (62 साल) के रूप में हुई है। दोनों बिरबिरा गांव के ही रहने वाले थे। घटना की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस तुरंत हरकत में आई और दल-बल के साथ मौके पर पहुंची।

यह भी पढ़ें:- साहू समाज के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर मीनल चौबे और निगम आयुक्त संबित मिश्रा से की मुलाकात, तेलीबांधा चौक को लेकर भ्रम दूर, नहीं बदलेगा नाम 

पुलिस की शुरुआती जांच और पहली नजर में हालात को देखकर यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने किसी धारदार और नुकीली वस्तु से वार कर इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया है। लोगों ने बुजुर्ग पति-पत्नी की सिरकटी लाश मिलने की बात कही है, जिससे वारदात की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तुरंत उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की विशेष टीमों को बुलाया गया। फॉरेंसिक और डॉग स्क्वाड के विशेषज्ञों ने घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से साक्ष्य जुटाए और जरूरी तकनीकी प्रक्रिया पूरी की। (Double Murder in Raipur)

हर एंगल से मामले की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल हत्या की असली वजह और इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के बारे में जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश कर रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश किया जाएगा। राजधानी रायपुर से सटे आरंग इलाके में हुई इस नृशंस डबल मर्डर की वारदात ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ की कानून व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती की हत्या किया जाना और उसके बाद शवों को जंगल तक ले जाकर फेंक देना यह साफ बयां करता है कि बेखौफ बदमाशों के दिलों में खाकी का खौफ किस हद तक खत्म हो चुका है। (Double Murder in Raipur)

बुजुर्गों के खिलाफ बढ़े अपराध

ग्रामीण इलाकों और सूने घरों को निशाना बनाकर इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया जाना आम नागरिकों की सुरक्षा पर एक बड़ा सवालिया निशान है। दिन-प्रतिदिन बढ़ते अपराध और अपराधियों के बुलंद हौसले इस बात की तस्दीक कर रहे हैं कि पुलिसिंग और खुफिया तंत्र को और ज्यादा मजबूत करने की सख्त जरूरत है। अब देखना यह होगा कि पुलिस महकमा इस अंधे कत्ल का खुलासा कर कब तक कानून के राज का भरोसा जनता के बीच कायम कर पाता है। आंकड़ों के मुताबिक छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों की तुलना में हत्या, लूट, अपहरण और महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में राजधानी रायपुर पहले पायदान पर है। शहरीकरण और आबादी बढ़ने के साथ यहां गंभीर अपराधों का ग्राफ सबसे ज्यादा चिंता का विषय बना हुआ है। NCRB की रिपोर्ट के अनुसार छत्तीसगढ़ में बुजुर्गों के खिलाफ अपराध के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है। राज्य में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बनी हुई है, जो आरंग में बुजुर्ग दंपती के साथ हुई नृशंस घटना से भी साबित होती है।

Back to top button
error: Content is protected !!