आतंकवाद के पूरे इकोसिस्टम का सामूहिक रूप से समाप्त करना होगा: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Defence Minister Rajnath Singh: आतंकवाद के खिलाफ भारत ने एक बार फिर वैश्विक मंच से कड़ा संदेश दिया है। ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में SCO की 25वीं बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सदस्य देशों से आतंकवाद के पूरे तंत्र को सामूहिक रूप से खत्म करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद को किसी भी कीमत पर सही नहीं ठहराया जा सकता और इसके खिलाफ दोहरे मापदंड की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। वहीं बदलते वैश्विक आर्थिक हालात के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मजबूत सप्लाई चेन, व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के साथ तकनीक आधारित विकास पर भी जोर दिया। भारत ने SCO मंच से क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और समावेशी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
यह भी पढ़ें:- आतंकवाद को किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता, इनके समर्थकों के लिए कोई स्थान नहीं: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
SCO काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ गवर्नमेंट की बैठक में रक्षा मंत्री ने कहा कि बदलते ग्लोबल इकोनॉमिक एनवायरनमेंट में SCO देशों को रेजिलिएंट सप्लाई चेन्स, बेहतर ट्रेड और इन्वेस्टमेंट तथा टेक्नोलॉजी-ड्रिवन डेवलपमेंट पर मिलकर काम करना होगा। भारत का दृष्टिकोण स्पष्ट है- सिक्योरिटी, कनेक्टिविटी और ऑपर्च्युनिटी के माध्यम से सभी सदस्य देशों के लिए समावेशी विकास सुनिश्चित करना। भारत का विकास अनुभव, प्रौद्योगिकी और नवाचार के माध्यम से व्यापक बदलाव लाने का उदाहरण है। डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना से लेकर महिला-नेतृत्व विकास और स्वच्छ ऊर्जा तक भारत SCO सदस्यों के साथ अपना अनुभव साझा करने और मिलकर काम करने के लिए तैयार है। (Defence Minister Rajnath Singh)

उन्होंने कहा कि आतंकवाद शांति और विकास के लिए गंभीर खतरा है। यह निर्दोष लोगों की जान लेने के साथ-साथ निवेश, वाणिज्य और युवाओं के भविष्य को भी प्रभावित करता है। आतंकवाद के खिलाफ न कोई दोहरा मापदंड हो सकता है, न कोई औचित्य। इसके पूरे इकोसिस्टम को सामूहिक रूप से समाप्त करना होगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि आज हम एक अनिश्चित वैश्विक आर्थिक माहौल में हैं। संघर्ष और भू-राजनीतिक तनाव व्यापार और आपूर्ति श्रृंखलाओं को बाधित कर रहे हैं। ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा हमारे लिए चिंता का विषय बन गई हैं। नई तकनीकें अर्थव्यवस्थाओं को बदल रही हैं, लेकिन साथ ही ये नए विभाजन भी पैदा कर रही हैं। इस संदर्भ में SCO का मूल्यांकन इस आधार पर किया जाएगा कि वह आम सहमति बनाने और उस पर कदम उठाने में कितना सक्षम है। भारत का मानना है कि हमारा आर्थिक जुड़ाव समावेशी होना चाहिए और इससे सभी सदस्य देशों को लाभ मिलना चाहिए।

रक्षा मंत्री ने कहा कि हमें ज्यादा मजबूत आपूर्ति श्रृंखलाएं बनाने, व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने और विकास के लिए तकनीक का उपयोग करने की दिशा में काम करना चाहिए। हमें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि आर्थिक सहयोग का लाभ हमारे समाज के सभी वर्गों तक पहुंचे। भारत 2026-2030 की अवधि के लिए बहुपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग के लिए एक कार्य योजना को अपनाने का समर्थन करता है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आतंकवाद शांति और विकास के लिए सबसे गंभीर खतरों में से एक बना हुआ है। इससे न सिर्फ निर्दोष लोगों की जान जाती है, बल्कि निवेश और व्यापार पर भी बुरा असर पड़ता है। आतंकवाद समाजों में कट्टरता फैलाता है और हमारे युवाओं को उन अवसरों से वंचित करता है, जिनके वे हकदार हैं। इसलिए आतंकवाद को किसी भी तरह से सही नहीं ठहराया जा सकता। इससे निपटने में कोई दोहरा मापदंड नहीं होना चाहिए और जो लोग आतंकवादियों को आर्थिक मदद देते हैं, उनका समर्थन करते हैं या उन्हें सुरक्षित पनाहगाह मुहैया कराते हैं, उनके लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। (Defence Minister Rajnath Singh)

उन्होंने कहा कि आतंकवाद के पूरे तंत्र को मजबूती से और सामूहिक रूप से खत्म किया जाना चाहिए। रक्षा मंत्री राजनाथ ने ट्वीट कर कहा कि आज ताजिकिस्तान के दुशान्बे में आयोजित SCO शासनाध्यक्षों की परिषद की 25वीं बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करके खुशी हुई। यह बैठक बहुत ही सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। भारत ने इस मंच पर क्षेत्रीय शांति, सतत विकास और स्थायी स्थिरता के प्रति अपनी पूर्ण प्रतिबद्धता दोहराई। इसके बाद रक्षा मंत्री ने ताजिकिस्तान के दुशान्बे में भारतीय समुदाय को संबोधित भी किया। बता दें कि दुशांबे में SCO की 25वीं बैठक 19 और 20 अक्टूबर को आयोजित किया गया, जिसमें भारत, चीन, रूस, पाकिस्तान, ईरान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, बेलारूस, उज्बेकिस्तान और मेजबान देश ताजिकिस्तान के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। (Defence Minister Rajnath Singh)
बैठक में ये हुए शामिल
बैठक में भारत की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हुए, जबकि चीन का प्रतिनिधित्व प्रधानमंत्री ली छ्यांग, रूस का प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्तिन, पाकिस्तान का उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इशाक डार, ईरान के पहले उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा आरिफ और बेलारूस का प्रधानमंत्री अलेक्जेंडर तुर्चिन ने किया। इसके अलावा कजाकिस्तान के प्रधानमंत्री ओल्झास बेक्टेनोव, किर्गिस्तान के मंत्रिमंडल के पहले उपाध्यक्ष दानियार अमांगेलदियेव, ताजिकिस्तान के प्रधानमंत्री कोहिर रसूलज़ोदा और उज्बेकिस्तान के प्रधानमंत्री अब्दुल्ला अरिपोव भी बैठक में शामिल हुए। SCO के महासचिव नूरलान येरमेकबायेव और क्षेत्रीय आतंकवाद-रोधी ढांचे (RATS) के कार्यकारी समिति के निदेशक उलारबेक शारशीव ने भी इसमें भाग लिया। बैठक के विस्तारित सत्र में मंगोलिया और तुर्कमेनिस्तान के प्रतिनिधियों के साथ SCO बिजनेस काउंसिल और इंटरबैंक कंसोर्टियम के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।



