Google Analytics —— Meta Pixel

यूपी में 2027 का सियासी दंगल, सत्ता की हैट्रिक के लिए बीजेपी का मेगा प्लान तैयार, लखनऊ में शाह फूंकेंगे चुनावी बिगुल

BJP Uttar Pradesh Mission: उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में साल 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पारा अभी से चरम पर पहुंच गया है। राजनीतिक दलों की सरगर्मी के बीच भारतीय जनता पार्टी ने सूबे में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने के लिए अपने ‘सुपर एक्टिव मोड’ को ऑन कर दिया है। पार्टी की चुनावी तैयारियों को धार देने और रणनीति को अमलीजामा पहनाने के लिए खुद बीजेपी के मुख्य रणनीतिकार और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जल्द ही लखनऊ का दौरा करने वाले हैं। सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 30 और 31 अक्टूबर को दो दिवसीय दौरे पर राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे। इस दौरान वह बीजेपी की बेहद अहम प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्य रूप से शिरकत करेंगे।

यह भी पढ़ें:- हिंद महासागर में भारत का नया चक्रव्यूह, ₹2.41 लाख करोड़ के मेगा डिफेंस प्लान से ड्रैगन और पाकिस्तान में खलबली

इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्य के दोनों डिप्टी CM, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समेत पार्टी के तमाम दिग्गज और वरिष्ठ नेता एक मंच पर नजर आएंगे। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश में साल 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए जीत की ठोस रूपरेखा तैयार करना और पार्टी के भीतर चुनावी शंखनाद करना है। सिर्फ शीर्ष नेतृत्व स्तर पर ही नहीं, बल्कि इस बार जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए भी विशेष रणनीति बनाई गई है। तय कार्यक्रम के मुताबिक प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करने के बाद आने वाले हफ्तों में अमित शाह उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों का दौरा करेंगे। इस दौरान वह अलग-अलग क्षेत्रों के बूथ-स्तरीय कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों के साथ सीधे संवाद कर फीडबैक लेंगे। पार्टी का मानना है कि जमीनी कार्यकर्ताओं को सक्रिय किए बिना विजय रथ को आगे नहीं बढ़ाया जा सकता। (BJP Uttar Pradesh Mission)

विपक्ष की रणनीतियों के बीच बीजेपी की ‘हैट्रिक’ पर नजर

एक तरफ जहां विपक्षी दल अपनी सियासी जमीन मजबूत करने में जुटे हैं, वहीं दूसरी और अमित शाह का यह दौरा यह स्पष्ट करने के लिए काफी है कि बीजेपी चुनाव से काफी पहले ही मैदान में उतर चुकी है। शीर्ष नेतृत्व के इस सक्रिय दखल और बूथ प्रबंधन के पुराने सफल फॉर्मूलों के सहारे बीजेपी उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर इतिहास रचते हुए सत्ता की ‘हैट्रिक’ लगाने की पुरजोर कोशिश में जुटी है। आने वाले दिनों में गृह मंत्री के ये दौरे और संगठनात्मक बैठकें सूबे के सियासी समीकरणों को और ज्यादा रोचक बनाने वाली हैं। साल 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर उत्तर प्रदेश का सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। बीजेपी ने अपनी चुनावी तैयारियों को धार देने के लिए जिस तरह से केंद्रीय नेतृत्व को मैदान में उतारने का फैसला किया है, उससे साफ है कि पार्टी इस चुनाव को बेहद गंभीरता से ले रही है। शाह के 30 और 31 अक्टूबर के लखनऊ दौरे के साथ ही पार्टी के मेगा प्लान का आगाज हो जाएगा। (BJP Uttar Pradesh Mission)

अखिलेश यादव ने सरकार बनाने का किया दावा

इस बीच UP में सियासत भी शुरू हो गई है। सपा अध्यक्ष और लोकसभा सांसद अखिलेश यादव ने 2027 में सरकार बनाने के दावा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा बिना बेईमानी के चुनाव नहीं जीत सकती, बिना धांधली के भाजपा चुनाव नहीं जीत सकती, बिना हेराफेरी के चुनाव नहीं जीत सकती, जिस तरह से उन्होंने अधिकारियों, खासकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी है, उनके माध्यम से वे डराने और धमकाने का काम कर रहे हैं। पूरे प्रदेश में जितने भी BSA और DIOS हैं, चुनाव में ये लोग लगातार लोगों को धमका रहे हैं। मैं लगातार कह रहा हूं कि यही इन्हें जेल भेजने का आधार बनेगा। यह तथ्य और प्रमाण उनको जेल भेजने के लिए पर्याप्त होगा। हमारी चुनाव आयोग और उन अधिकारियों से अपील है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष रहे, हेराफेरी न करे और उन अधिकारियों से अपील है कि सिर्फ अधिकारी बनकर रहें, क्योंकि अगर वे नेता बनेंगे तो जेल जाने के लिए तैयार रहें। जब अयोध्या का चुनाव था, तब मैंने कहा था कि उन्हें कोई बचा ही नहीं सकता। आज नहीं तो कल, जब कोई बदलाव होगा तो कानून और न्याय उन्हें जेल भेजेगा, जो समाजवादी पार्टी का समाजवाद है, वही रामराज है। (BJP Uttar Pradesh Mission)

डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य का अखिलेश पर तंज

इस पर डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जो समाजवाद रामराज का पक्षधर था, वो राम मनोहर लोहिया और लोक नायक जय प्रकाश नारायण जैसे लोगों का था। गुंडों, अपराधियों और माफियाओं के सरदार अखिलेश यादव जैसे लोगों का नहीं है। रामराज की बात करने से पहले वे राम भक्तों पर जो उनके पिता द्वारा गोलियां चलवाई गईं, उसे लेकर माफी मांगें। उन्होंने शिव भक्तों पर जब लाठियां चलवाईं, भजन नहीं गाने दिया, उसका जवाब दें। उन्होंने हिंदू समाज का जो दमन किया, मुस्लिम तुष्टीकरण की घटिया राजनीति की, उसका जवाब दें। भाजपा सांसद जगदम्बिका पॉल ने कहा कि अखिलेश यादव कह रहे हैं कि जो समाजवादी पार्टी का समाजवाद है वही रामराज है। मैं नहीं जानता हूं कि उनका कौन सा समाजवाद है, लेकिन रामराज को तो सभी जानते हैं कि किसी सुशासन की अवधारणा ही रामराज है। प्रधानमंत्री सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास की बात करते हैं, जिस रामराज की तुलना अखिलेश यादव कर रहे हैं, लोग रोज उनसे पूछते हैं कि आज वहां जब राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा हुई तो आज तक वे कभी भी भगवान राम के दर्शन करने नहीं गए, जिस रामराज की वे दुहाई देते हैं, वहां वे दर्शन के लिए आज तक आए नहीं।

यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल का बीजेपी पर आरोप

उन्होंने कहा कि वे सिर्फ 2027 के चुनाव के लिए रामराज की बात कर रहे हैं, लेकिन जनता जानती है कि उनका समाजवाद क्या है। समाजवाद भाई-भतीजावाद, भ्रष्टाचार, अपराध की पराकाष्ठा है। इसलिए वे कुछ भी कह लें, लेकिन काठ की हांडी एक ही बार चढ़ती है, बार-बार नहीं चढ़ती। वहीं यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि हम आरोप नहीं लगा रहे हैं, बल्कि तथ्यों के साथ साबित कर रहे हैं। हमने पीलीभीत सदर की सीट को लेकर मीडिया के सामने तथ्यों के साथ बात रखी। फाइनल ड्राफ्ट लिस्ट आ गई और उसमें नाम भी आ गया तो लोग निश्चिंत हो गए कि मेरा नाम है और उसके बाद चुनाव आयोग के अधिकारियों के द्वारा यह खेल हुआ कि 13 हजार से ज्यादा लोगों के नाम बदल दिए गए। हम अगर इस चोरी को नहीं पकड़ते और फरवरी में यूपी के जो चुनाव आने वाले हैं, उसमें वो वोट डालने जाते तो उन्हें तो वोट डालने नहीं दिया जाता। अभी हम बाकी की भी जांच करवा रहे हैं। मुझे विश्वास है कि काफी विधानसभा में ऐसा खेल हुआ है। उसके भी जब आंकड़े आएंगे तो उसे भी साक्ष्यों के साथ रखेंगे। यूपी चुनाव में गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि बातचीत शुरू हो गई है और हमारी कोशिश है कि हम जल्द से जल्द अंतिम निर्णय पर पहुंचे। मुझे लगता है कि नवंबर के बीच तक हमारा समझौता हो जाएगा, सीटें साफ हो जाएंगी।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने SIR पर उठाए सवाल

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मोना मिश्रा ने कहा कि पीलीभीत जिले की सदर सीट से जिस तरह के आंकड़े कल सामने आए, जिसे हमने तथ्यों और सबूत के साथ पेश किया। 10 अप्रैल की SIR की प्रकाशित सूची में 13 हजार से ज्यादा नाम ऐसे थे जिनका EPIC नंबर एक था मगर उस पर नाम और पिता का नाम बदल गया। इसके अलावा बाकी सारी जानकारी वैसी ही थी। ये एक बहुत बड़ी गड़बड़ी है। यही चीज लगातार राहुल गांधी कहते आए कि SIR के नाम पर लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश की जा रही है। वही चीज उन्होंने तथ्यों के साथ पहले भी प्रस्तुत की और उत्तर प्रदेश में कल पीलीभीत के सदर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का डेटा हमने पेश किया। चुनाव आयोग ने उसका संज्ञान भी लिया, उसको स्वीकार भी किया और कार्यवाही भी सुनिश्चित की। ये एक गंभीर प्रश्न उठाता है कि जब एक विधानसभा में 13,000 से ज्यादा नाम के साथ गड़बड़ी की जा रही है तो पूरे प्रदेश में इसकी जांच होनी चाहिए। यही हमारी मांग रही है कि SIR की प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए और यह जो गड़बड़ियां हुई हैं, अब हर जिले में इसकी जांच हो। (BJP Uttar Pradesh Mission)

उत्तर प्रदेश में NDA का गठबंधन टूट जाएगा: प्रमोद 

वहीं कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि मैं दावा करता हूं कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में NDA का गठबंधन टूट जाएगा और बहुत से सहयोगी अलग हो जाएंगे, क्योंकि सब जानते हैं कि भारतीय जनता पार्टी की नाव डूब रही है। इनके साथ रहने का मतलब राजनीतिक रूप से नुकसान उठाना है। मेरा यह आकलन है कि यह गठबंधन कई टुकड़ों में खंड-खंड होगा। यूपी के वित्त और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि 2014 और 2017 में किसकी सरकार थी? उन्हीं के नेतृत्व में सरकार थी। उस समय वो इतने अनपॉपुलर हो गए थे। 224 सीटें जीतकर वो सत्ता में आए थे और जब पांच साल सत्ता उन्होंने चलाई तो वो 47 पर सिमट गए। उनको ये याद होना चाहिए। डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव हैं। 2027 में फिर भाजपा की प्रचंड बहुमत से प्रदेश में सरकार बनेगी। 2024 में हमारी कुछ सीटे जीतने से सपा को अहंकार हो गया था, इस बार उत्तर प्रदेश में इनका अहंकार चूर-चूर हो जाएगा। कमल खिलेगा, सुशासन है और यह कायम रहेगा। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि भगवान राम के जीवन से हमें बहुत कुछ सीखने को मिलता है। आज भारत में राम राज्य स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास हो रहे हैं। सरकार शानदार काम कर रही है। उत्तर प्रदेश खुद को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था पर ले जाने का प्रयास कर रहा है। यहां पहले के मुकाबले कानून व्यवस्था और बेहतर हुई है।

Back to top button
error: Content is protected !!