Google Analytics —— Meta Pixel

राज्योत्सव में वन्यजीव छायाकार हेमंत वर्मा का सम्मान, दुर्लभ प्रजाति की ऐतिहासिक खोज को मिली पहचान

पक्षी संरक्षण और प्रकृति जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए जिला प्रशासन ने किया सम्मानित | मालाबार जायंट स्क्विरल की खोज CG-PSC समसामयिकी और हाईकोर्ट DEO परीक्षा तक पहुंची

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के गौरवशाली अवसर पर जिले के प्रसिद्ध वन्यजीव छायाकार एवं पर्यावरण संरक्षक हेमंत वर्मा को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान पक्षी संरक्षण, प्रकृति जागरूकता और वन्यजीवों के संरक्षण की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया। देवपुर वन परिक्षेत्र में अत्यंत दुर्लभ प्रजाति की ‘मालाबार जायंट स्क्विरल’ (विशाल भारतीय गिलहरी) को कैमरे में कैद कर उसकी उपस्थिति को वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित करने में उनकी भूमिका को भी इस सम्मान का प्रमुख आधार माना गया।

200 से अधिक युवाओं को बनाया ‘प्रकृति प्रहरी’

पेशे से साइबर सिक्योरिटी रिस्क ऑडिटर हेमंत वर्मा ने अपने व्यस्त पेशेवर जीवन के साथ प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण को भी मिशन के रूप में अपनाया है। बर्ड ट्रेल्स, प्रकृति भ्रमण और ग्रामीणों के साथ संवाद के माध्यम से उन्होंने 200 से अधिक युवाओं को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक कर ‘प्रकृति प्रहरी’ के रूप में तैयार किया है। उनका प्रयास युवाओं में पक्षियों, वन्यजीवों और जैव विविधता के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

देवपुर में दुर्लभ मालाबार जायंट स्क्विरल की ऐतिहासिक खोज

देवपुर समर कैंप के दौरान हेमंत वर्मा द्वारा दुर्लभ मालाबार जायंट स्क्विरल को कैमरे में कैद करना वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हुआ। इस खोज ने बारनवापारा और देवपुर के समृद्ध वन्य पारिस्थितिकी तंत्र की ओर राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित करने का अवसर प्रदान किया। साथ ही क्षेत्र में प्रकृति आधारित पर्यटन और इको-टूरिज्म की संभावनाओं को भी नई पहचान मिली।

CG-PSC की समसामयिकी में दर्ज हुई उपलब्धि

हेमंत वर्मा की इस खोज का महत्व केवल वन्यजीव फोटोग्राफी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शैक्षणिक जगत में भी इसकी चर्चा हुई। मालाबार जायंट स्क्विरल की खोज से जुड़ी जानकारी छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CG-PSC) की समसामयिकी में शामिल हुई। इसके अलावा छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा आयोजित उच्च न्यायालय डाटा एंट्री ऑपरेटर (DEO) भर्ती परीक्षा में भी इस दुर्लभ वन्यजीव से संबंधित प्रश्न पूछा गया। यह उपलब्धि बताती है कि स्थानीय स्तर पर किया गया प्रकृति संरक्षण का कार्य किस तरह ज्ञान और प्रतियोगी परीक्षाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकता है।

पर्यावरण प्रेमियों में हर्ष, जिले के लिए गौरव का क्षण

बलौदाबाजार जिले के प्रतिष्ठित नागरिकों की अनुशंसा के बाद जिला प्रशासन द्वारा हेमंत वर्मा को प्रदान किए गए इस सम्मान से जिले के पर्यावरण प्रेमियों और नागरिकों में हर्ष का माहौल है। उनकी उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सम्मान है, बल्कि वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और प्रकृति के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाने वाले युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

Back to top button
error: Content is protected !!