न्यायधानी बिलासपुर में महिला की जलती चिता से छेड़छाड़, अघोरी बाबा की बेरहमी से पिटाई

Cremation Ground Controversy: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में श्मशान घाट पर तंत्र-मंत्र की साधना को लेकर जमकर हंगामा हो गया। कोनी थाना क्षेत्र में एक महिला की जलती चिता के पास तंत्र साधना करने और अस्थियों से छेड़छाड़ करने के आरोप में लोगों ने एक अघोरी बाबा की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोग बाबा को जमीन पर घसीटते, बाल पकड़कर खींचते और लात-घूंसों से पीटते नजर आए हैं। मारपीट के दौरान उनके मुंह से खून निकलता भी दिखाई दिया। घायल की पहचान शिवराम बाबा के रूप में हुई है, जिन्हें इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें:- पंडरिया के वनांचल में धर्मांतरण पर बवाल, 18 गांवों के ग्रामीण पहुंचे कलेक्ट्रेट, प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप
जानकारी के मुताबिक अनिता यादव ने 3 दिन पहले आत्महत्या कर ली थी। घटना के दिन ही शाम को परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार कर दिया था। आरोप है कि अंतिम संस्कार के बाद शिवराम बाबा श्मशान घाट पहुंचे और महिला की जलती चिता के पास तंत्र साधना करने लगे। इस दौरान चिता के साथ छेड़छाड़ किए जाने और अस्थियां गायब होने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि महिला की चिता से अस्थियां गायब होने की जानकारी मिलने के बाद परिजन और स्थानीय लोग नाराज हो गए। लोगों ने शिवराम बाबा को श्मशान घाट में ही पकड़ लिया। इसके बाद देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई और लोगों ने उन्हें घेरकर मारपीट शुरू कर दी। (Cremation Ground Controversy)
मृतिका के पति समेत दर्जनभर लोगों पर आरोप
आरोप है कि मृतिका के पति गुड्डा उर्फ राजकुमार यादव समेत करीब दर्जनभर लोगों ने बाबा के साथ मारपीट की। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक मामले में कुछ लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। हालांकि पुलिस इस घटना को आपसी रंजिश से जुड़ा मामला भी बता रही है। फिलहाल श्मशान घाट में तंत्र साधना, चिता से अस्थियां गायब होने के आरोप और बाबा के साथ हुई मारपीट के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। फिलहाल श्मशान घाट में तंत्र साधना और महिला की चिता से अस्थियां गायब होने के आरोपों ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है। एक ओर परिजन चिता से छेड़छाड़ का आरोप लगा रहे हैं तो दूसरी ओर बाबा के साथ हुई बर्बर मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। अब जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि श्मशान घाट में आखिर उस रात क्या हुआ था और इस पूरे विवाद की असली वजह क्या थी।



