Google Analytics —— Meta Pixel

2019 से 2026 तक कैसे फैला करोड़ों का नेटवर्क, महादेव सट्टा ऐप केस में सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल पर कब-कब हुई कार्रवाई ?

Mahadev Betting App Timeline: छत्तीसगढ़ से शुरू हुआ महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप का मामला अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में है। इस मामले के प्रमुख आरोपी और ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाया जा चुका है, जबकि उसके कारोबारी साझेदार रवि उप्पल की दुबई में दोबारा गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है। दोनों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध कमाई और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED), केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और अन्य जांच एजेंसियां इस पूरे सिंडिकेट की परतें खोलने में जुटी हैं। 2019-20 में महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप की शुरुआत भिलाई के रहने वाले सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल ने की थी। दोनों ने मिलकर ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क तैयार किया। 

यह भी पढ़ें:- महादेव सट्टा ऐप का को-प्रमोटर रवि उप्पल दुबई में गिरफ्तार, भारत लाने की तैयारी तेज, सौरभ चंद्राकर के बाद दूसरी बड़ी कार्रवाई

कोरोना महामारी और लॉकडाउन के दौरान ऑनलाइन गतिविधियों में बढ़ोतरी के बीच इस नेटवर्क का विस्तार तेजी से होने का आरोप है। धीरे-धीरे यह प्लेटफॉर्म देश के अलग-अलग हिस्सों में एजेंटों और पैनल के माध्यम से संचालित होने लगा। जांच एजेंसियों के अनुसार इस नेटवर्क के जरिए क्रिकेट सहित कई खेलों और अन्य गतिविधियों पर ऑनलाइन सट्टा लगाया जाता था। 2022-23 में महादेव ऐप से जुड़े कथित अवैध सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस और ED ने जांच शुरू की। जांच का दायरा बढ़ने के साथ ही ऐप के प्रमोटरों, पैनल संचालकों, एजेंटों और कथित वित्तीय नेटवर्क की भूमिका सामने आने लगी। जांच एजेंसियों ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन सट्टे से प्राप्त रकम को हवाला और अन्य माध्यमों के जरिए अलग-अलग जगहों पर पहुंचाया जाता था। इसके बाद मामले की जांच राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण हो गई। (Mahadev Betting App Timeline)

अक्टूबर 2023 में रेड कॉर्नर नोटिस

अक्टूबर 2023 में इंटरपोल ने महादेव सट्टा ऐप के प्रमुख आरोपियों रवि उप्पल और सौरभ चंद्राकर के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया। इसका उद्देश्य दोनों की तलाश करना और उनके ठिकानों की जानकारी मिलने पर संबंधित देशों के माध्यम से कानूनी कार्रवाई करना था। उस समय तक दोनों आरोपी भारत से बाहर बताए जा रहे थे। जांच एजेंसियों ने उनके खिलाफ वित्तीय लेनदेन और कथित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया भी तेज कर दी थी। इंटरपोल नोटिस के बाद दिसंबर 2023 में दुबई के अधिकारियों ने रवि उप्पल को हिरासत में लिया था। हालांकि, करीब 45 दिन बाद उसे रिहा कर दिया गया। इस घटनाक्रम के बाद भारतीय जांच एजेंसियों की कोशिशें और तेज हो गईं। रवि उप्पल को भारत लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई, लेकिन वह तत्काल भारत नहीं लाया जा सका। (Mahadev Betting App Timeline)

जनवरी 2024 में भारत ने UAE से मांगा प्रत्यर्पण

जनवरी 2024 में ED ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से रवि उप्पल के प्रत्यर्पण का अनुरोध किया। जांच एजेंसियों का मानना था कि भारत लाकर उससे पूछताछ करने पर महादेव ऐप के वित्तीय नेटवर्क और अवैध कमाई से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। इसी दौरान रवि उप्पल और सौरभ चंद्राकर के वानुअतु पासपोर्ट हासिल करने की जानकारी भी जांच के दायरे में आई। 2024-25 के इस अवधि में रवि उप्पल और सौरभ चंद्राकर की तलाश जारी रही। जांच एजेंसियां कथित हवाला नेटवर्क, मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध सट्टेबाजी से अर्जित संपत्तियों का पता लगाने में जुटी रहीं। मामले में कई अन्य आरोपियों और कथित सहयोगियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आई। नवंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने मामले में सख्त रुख अपनाया। इससे जांच और कानूनी कार्रवाई को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हुई।

जनवरी 2026 में ED ने कुर्क की करीब 21 करोड़ की संपत्ति

जनवरी 2026 में ED ने महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में फरार रवि उप्पल सहित विभिन्न आरोपियों से जुड़ी करीब 21 करोड़ रुपए की संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया। जांच एजेंसी की यह कार्रवाई कथित अवैध कमाई और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों में की गई थी। एजेंसी का उद्देश्य अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें कानून के तहत जब्त करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाना है।महादेव सट्टा ऐप मामले में 1 नवंबर 2026 को बड़ी कार्रवाई हुई, जब CBI और ED की कोशिशों के बाद सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाया गया। भारत पहुंचने के बाद उसे रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया। अदालत ने जांच एजेंसी को पूछताछ के लिए आठ दिन की कस्टोडियल रिमांड मंजूर की। सौरभ से पूछताछ के जरिए एजेंसियां ऐप के संचालन, वित्तीय लेनदेन, हवाला नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी हैं।

4 नवंबर 2026 को दुबई में रवि उप्पल की दोबारा गिरफ्तारी

सौरभ चंद्राकर को भारत लाए जाने के तीन दिन बाद 4 नवंबर 2026 को रवि उप्पल की दुबई में दोबारा गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई। भारतीय एजेंसियों को अनौपचारिक सूत्रों से इसकी सूचना मिली है। हालांकि  UAE की ओर से अभी तक भारत सरकार को आधिकारिक पुष्टि नहीं मिली है। ED और CBI अब उसे प्रत्यर्पण के जरिए भारत लाने की कोशिश कर रही हैं। एजेंसियों के लिए यह कार्रवाई इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि रवि उप्पल को कथित तौर पर महादेव सिंडिकेट के सैकड़ों करोड़ रुपये के हवाला नेटवर्क की अहम कड़ी माना जाता है। जांच एजेंसियां रवि उप्पल से पूछताछ कर यह पता लगाना चाहती हैं कि महादेव ऐप से होने वाली अवैध कमाई किन लोगों तक पहुंचती थी। इसके अलावा हवाला के जरिए रकम किस तरह एक स्थान से दूसरे स्थान तक भेजी जाती थी और इस नेटवर्क में किन कारोबारियों, एजेंटों समेत अन्य लोगों की भूमिका थी, इसकी भी जांच की जाएगी। छत्तीसगढ़ के नेताओं और नौकरशाहों से कथित संपर्कों को लेकर भी एजेंसियां जानकारी जुटाना चाहती हैं।

महादेव सट्टा ऐप केस में आगे क्या ?

सौरभ चंद्राकर की भारत में मौजूदगी और रवि उप्पल की दुबई में गिरफ्तारी की खबर से महादेव सट्टा ऐप मामले की जांच निर्णायक दौर में पहुंचती दिखाई दे रही है। हालांकि, रवि उप्पल का भारत प्रत्यर्पण अभी बाकी है और UAE की आधिकारिक पुष्टि भी सामने नहीं आई है। ऐसे में जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत भारत लाना और पूरे सिंडिकेट की वित्तीय कड़ियों को जोड़ना है। आने वाले दिनों में दोनों प्रमुख आरोपियों से पूछताछ इस मामले में कई नए खुलासे कर सकती है। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर को भारत लाए जाने और रवि उप्पल की दुबई में गिरफ्तारी की खबर के बाद जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस कथित सट्टा सिंडिकेट के जरिए अर्जित करोड़ों रुपए आखिर किन लोगों तक पहुंचे और इसके पीछे कौन-कौन से प्रभावशाली चेहरे शामिल हैं। रवि उप्पल का भारत प्रत्यर्पण होने के बाद जांच एजेंसियों को हवाला नेटवर्क, मनी ट्रेल और विदेशों में बनाई गई संपत्तियों से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। फिलहाल पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!