Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में धान बेचने पर किसानों को प्रति एकड़ मिलेगा 13,839 रुपए बोनस, 15 क्विंटल बेचने पर भी 21 क्विंटल का लाभ

Chhattisgarh Paddy Procurement: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी से पहले राज्य सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लिया है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान उत्पादक किसानों को कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपए की आदान सहायता राशि दी जाएगी। खास बात यह है कि किसान अगर प्रति एकड़ निर्धारित 21 क्विंटल की खरीदी सीमा से कम यानी 15 क्विंटल धान भी बेचते हैं, तब भी उन्हें पूरी सहायता राशि मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इसकी घोषणा की। राज्य सरकार के इस फैसले से प्रदेश के धान उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा। सहायता राशि किसानों के आधार लिंक्ड बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से भेजी जाएगी। भुगतान धान के सत्यापित बोए गए रकबे के आधार पर किया जाएगा। इसके लिए किसानों का एग्रीस्टैक में पंजीयन और डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से धान के रकबे का सत्यापन अनिवार्य होगा, जिन क्षेत्रों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का डाटा उपलब्ध नहीं है, वहां जिला कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर रकबे का सत्यापन किया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें:- 14 दिसंबर से छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र, धान से रोजगार तक सरकार को घेरेगा विपक्ष, 10 दिन सत्र चलाने की मांग

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए कॉमन ग्रेड धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। वहीं राज्य सरकार किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदेगी। इस तरह समर्थन मूल्य और निर्धारित राशि के बीच 659 रुपए प्रति क्विंटल का अंतर है। इसी अंतर को अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ की खरीदी सीमा से गुणा करने पर 13,839 रुपए की सहायता राशि निर्धारित की गई है। सरकार के फैसले के मुताबिक किसान एक एकड़ में धान की फसल लेकर 15 क्विंटल धान बेचते हैं, तब भी उन्हें 13,839 रुपए की पूरी सहायता राशि मिलेगी। इसी तरह 2.5 एकड़ में धान की खेती करने वाले किसान को 34,597.50 रुपए और 0.8 एकड़ के लिए 11,071.20 रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। यानी किसानों को बेचे गए धान की मात्रा के बजाय सत्यापित बोए गए रकबे के आधार पर निर्धारित सहायता का लाभ मिलेगा।

इन किसानों को मिलेगा योजना का लाभ

कृषक उन्नति योजना का लाभ खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत उन किसानों को मिलेगा, जिनका धान मार्कफेड की ओर से सहकारी समितियों और लैम्पस के माध्यम से उपार्जित किया जाएगा। इसके अलावा छत्तीसगढ़ बीज और जैविक प्रमाणीकरण संस्था में धान बीज उत्पादन के लिए पंजीकृत किसानों को बीज निगम की ओर से उपार्जित धान बीज के सत्यापित रकबे के आधार पर सहायता राशि दी जाएगी। हालांकि ग्रीष्मकालीन धान की फसल को इस योजना के दायरे से बाहर रखा गया है। योजना के तहत सहायता राशि का भुगतान कृषि भूमि सीलिंग कानून के प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा। अगर किसी किसान को पात्रता से अधिक राशि का भुगतान हो जाता है तो अतिरिक्त राशि की वसूली संबंधित किसान से की जाएगी। (Chhattisgarh Paddy Procurement)

15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी

छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से शुरू होगी। राज्य सरकार पंजीकृत किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदेगी। एक एकड़ में अधिकतम 21 क्विंटल धान का उपार्जन किया जाएगा। धान खरीदी का यह अभियान 31 जनवरी 2027 तक चलेगा। इसके साथ ही कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली आदान सहायता राशि से किसानों को निर्धारित समर्थन मूल्य और राज्य सरकार की ओर से तय राशि के अंतर का लाभ भी मिलेगा। इस फैसले से प्रदेश के धान किसानों को कम मात्रा में धान बेचने पर भी पूरी निर्धारित सहायता राशि मिल सकेगी। सरकार का दावा है कि कृषक उन्नति योजना के जरिए किसानों की आय बढ़ाने और खेती को आर्थिक रूप से प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। अब किसानों की नजर धान खरीदी की शुरुआत और योजना की सहायता राशि के भुगतान पर रहेगी। (Chhattisgarh Paddy Procurement)

Back to top button
error: Content is protected !!