Google Analytics —— Meta Pixel

दो दिवसीय फिलीपींस दौरे पर रवाना हुए PM मोदी, ASEAN और ईस्ट एशिया समिट में लेंगे हिस्सा

PM Modi Philippines Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय फिलीपींस दौरे पर रवाना हो गए हैं। इस यात्रा के दौरान वे 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा को भारत की क्षेत्रीय कूटनीति और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बढ़ती रणनीतिक भूमिका के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रधानमंत्री की इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य आसियान देशों के साथ भारत की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना, क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देना और वैश्विक चुनौतियों पर सदस्य देशों के साथ विचार-विमर्श करना है।

यह भी पढ़ें:- बिजली बिल नहीं भरने वालों पर गिरेगी गाज! छत्तीसगढ़ के 7 लाख उपभोक्ताओं ने नहीं चुकाया बकाया, 31 दिसंबर के बाद कटेंगे कनेक्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 और 17 नवंबर को फिलीपींस की राजधानी मनीला में रहेंगे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक 16 नवंबर को प्रधानमंत्री फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की ओर से आयोजित आधिकारिक डिनर में शामिल होंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों और सहयोग के अलग-अलग पहलुओं पर भी चर्चा की संभावना है। वहीं 17 नवंबर को प्रधानमंत्री 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इस दौरान उनकी कई वैश्विक नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी प्रस्तावित हैं। फिलीपींस रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आसियान देशों के साथ भारत के संबंध उसकी एक्ट ईस्ट नीति के केंद्र में हैं। भारत की क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय रणनीति में आसियान की महत्वपूर्ण भूमिका है। (PM Modi Philippines Visit)

पूर्वी एशिया समिट में क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत आसियान देशों के साथ अपनी घनिष्ठ मित्रता और साझेदारी को बहुत महत्व देता है। दोनों पक्षों के बीच संबंध सदियों पुराने सभ्यतागत आदान-प्रदान पर आधारित हैं, जो समय के साथ व्यापार, कनेक्टिविटी, समुद्री सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और जन-जन के संपर्क जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विस्तृत हुए हैं। प्रधानमंत्री के मुताबिक आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में वे सदस्य देशों के नेताओं के साथ मिलकर व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति को आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही विकास, संपर्क और समृद्धि के साझा लक्ष्यों को नई गति देने के प्रयास किए जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी 17 नवंबर को 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे। यह सम्मेलन क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर संवाद और सहयोग का एक महत्वपूर्ण मंच माना जाता है। इसमें हिंद-प्रशांत क्षेत्र की शांति, स्थिरता और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान होगा।

समुद्री सहयोग को मजबूती देने की तैयारी

प्रधानमंत्री ने कहा कि वे सम्मेलन में शामिल होने वाले नेताओं के साथ हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग को मजबूत करने के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए उत्सुक हैं। मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में समुद्री सुरक्षा, क्षेत्रीय संतुलन, आर्थिक सहयोग और अंतरराष्ट्रीय नियमों पर आधारित व्यवस्था को मजबूत करना इस क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। भारत और आसियान के संबंध केवल व्यापार और आर्थिक गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनमें समुद्री सुरक्षा, कनेक्टिविटी और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग जैसे रणनीतिक विषय भी शामिल हैं। भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के साथ ही ‘MAHASAGAR’ विजन भी इस साझेदारी को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। भारत का प्रयास है कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्वतंत्र, सुरक्षित, स्थिर और समृद्ध वातावरण तैयार हो। इसके लिए आसियान देशों के साथ आर्थिक साझेदारी, समुद्री संपर्क, तकनीकी सहयोग और सुरक्षा के क्षेत्रों में समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री की यह यात्रा इन प्राथमिकताओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर आगे रखने का अवसर भी होगी। (PM Modi Philippines Visit)

फिलीपींस में भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे PM मोदी

आधिकारिक बैठकों और शिखर सम्मेलनों के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस में रह रहे भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री नेकहा कि वे वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से बातचीत करने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों में रहने वाले भारतीय समुदाय के सदस्य दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। फिलीपींस में भारतीय समुदाय की मौजूदगी दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को भी मजबूती प्रदान करती है। प्रधानमंत्री की इस मुलाकात को भारत और फिलीपींस के बीच जन-जन के संपर्क को बढ़ावा देने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिलीपींस यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब हिंद-प्रशांत क्षेत्र वैश्विक राजनीति, व्यापार और सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण बनता जा रहा है। ऐसे में आसियान और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलनों में भारत की भागीदारी क्षेत्रीय सहयोग और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगी।

PM Modi Japan Tour

भारत लगातार यह प्रयास कर रहा है कि वैश्विक मंचों पर उसकी प्राथमिकताओं और राष्ट्रीय हितों को प्रभावी ढंग से रखा जाए। आसियान देशों के साथ मजबूत संबंध, समुद्री सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और क्षेत्रीय स्थिरता भारत की विदेश नीति के प्रमुख आधार हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया है कि यह यात्रा आसियान के साथ भारत की साझेदारी को नई ऊर्जा देगी और शांतिपूर्ण, समृद्ध के साथ मजबूत हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दो दिवसीय फिलीपींस दौरा महज कूटनीतिक मुलाकातों तक सीमित नहीं है, बल्कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की रणनीतिक ताकत और बढ़ते वैश्विक प्रभाव को स्थापित करने का एक अहम अवसर भी है। अब सबकी नजरें आसियान और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलनों में होने वाली चर्चाओं और प्रधानमंत्री की द्विपक्षीय बैठकों पर रहेंगी। देखना होगा कि इन बैठकों से भारत और आसियान के रिश्तों को कितनी नई मजबूती मिलती है और क्षेत्रीय सहयोग की दिशा में क्या अहम पहल सामने आती हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!