Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में शर्मनाक घटना: नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार, POCSO एक्ट में जेल

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नाबालिग छात्रा से अश्लील हरकत और छेड़छाड़ के आरोप में प्राथमिक शाला का शिक्षक गिरफ्तार। घरघोड़ा पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत कार्रवाई की।

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक प्राथमिक शाला के शिक्षक पर नाबालिग छात्रा के साथ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। मामले की शिकायत मिलने के बाद घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

स्कूल जाने से डरने लगी थी बच्ची, परिजनों को बताई आपबीती

मिली जानकारी के अनुसार, घटना के बाद छात्रा के व्यवहार में बदलाव आने लगा था। वह लगातार स्कूल जाने से इनकार कर रही थी। बच्ची के इस बदले हुए व्यवहार को देखकर परिजनों ने उससे वजह जानने की कोशिश की। इसी दौरान उसने अपने साथ हुई कथित घटना की जानकारी परिवार को दी।

बच्ची ने बताया कि स्कूल में शिक्षक उसे एक कमरे में ले गया था, जहां उसके साथ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ की गई। नाबालिग की बात सुनकर परिजन सकते में आ गए।

दादी की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई

बच्ची की आपबीती सामने आने के बाद उसकी दादी ने घरघोड़ा थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को सुरक्षित वातावरण देना और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनना बेहद जरूरी है। खासकर बच्चों के व्यवहार में अचानक बदलाव आने पर अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

पुलिस ने नाबालिग पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी है।

Back to top button
error: Content is protected !!