Google Analytics —— Meta Pixel

शराबी पति की रोज-रोज की मारपीट से टूटा सब्र, पत्नी ने कुल्हाड़ी से काट डाला, गिरफ्तार

मोहला-मानपुर में घरेलू हिंसा का खौफनाक अंत, नशे में घर पहुंचकर पत्नी से मारपीट करता था पति। गुस्से में महिला ने चेहरे, गर्दन और सीने पर किए कई वार, मौके पर हुई मौत। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

मोहला-मानपुर। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में घरेलू हिंसा से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब के नशे में पत्नी के साथ आए दिन मारपीट करने वाले पति की हत्या उसी की पत्नी ने कुल्हाड़ी से हमला कर दी। बताया जा रहा है कि लंबे समय से पति की प्रताड़ना झेल रही महिला ने गुस्से में यह खौफनाक कदम उठाया। घटना खड़गांव थाना क्षेत्र के सिवनी गांव की है। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में दुर्ग जेल भेज दिया गया।

नशे में घर पहुंचा पति, फिर शुरू हुआ विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर की रात कारजू राम पुराम शराब के नशे में अपने घर पहुंचा था। आरोप है कि घर पहुंचते ही उसने पत्नी मालती बाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। पति की लगातार प्रताड़ना से परेशान महिला का गुस्सा इस दौरान बेकाबू हो गया।

इसी बीच मालती बाई ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और पति पर हमला कर दिया। उसने कारजू राम के चेहरे, गर्दन और सीने पर कई वार किए। हमले में गंभीर रूप से घायल कारजू राम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की मां ने थाने पहुंचकर दी सूचना

घटना की जानकारी अगले दिन मृतक की मां जांगय बाई ने खड़गांव पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से खून लगी कुल्हाड़ी सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए।

पूछताछ में पत्नी ने कबूला जुर्म, दुर्ग जेल भेजी गई

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी मालती बाई से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में महिला ने कुल्हाड़ी से पति पर हमला करने और उसकी हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।

इसके बाद पुलिस ने 18 नवंबर को मालती बाई को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में दुर्ग जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

घटना ने एक बार फिर घरेलू हिंसा और शराब की लत से जुड़े गंभीर सामाजिक सवालों को सामने ला दिया है।

Back to top button
error: Content is protected !!