Google Analytics —— Meta Pixel

आज दिल्ली दौरे पर CM विष्णुदेव साय, भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की दिखेगी झलक

Chhattisgarh Foundation Day: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज (20 नवंबर) दिल्ली दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर 1 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह में शामिल होंगे। 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और पारंपरिक कलाओं की भव्य प्रस्तुति होगी। समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। भारत मंडपम, नई दिल्ली के एम्फी थिएटर-01 में छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 6 बजे से शुरू होगा। इसमें छत्तीसगढ़ के लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करेंगे।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में अवैध धान पर बड़ी कार्रवाई, कई जिलों से 2,546 क्विंटल से ज्यादा धान जब्त

कार्यक्रम में डिप्टी CM, मंत्री, सांसद, विधायक, निगम-मंडल और आयोगों के अध्यक्षों समेत कई विशिष्ट अतिथि और गणमान्य नागरिक भी शामिल होंगे। समारोह का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ के सात पारंपरिक लोकनृत्य होंगे। इनमें गौर नृत्य, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य शामिल हैं। कलाकार पारंपरिक वेशभूषा, लोक वाद्ययंत्रों और संगीत के साथ इन नृत्यों की प्रस्तुति देंगे। इनके जरिए प्रदेश के जनजातीय जीवन, सामाजिक परंपराओं, लोक आस्थाओं और ग्रामीण संस्कृति की झलक दिखाई जाएगी। छत्तीसगढ़ के हर लोकनृत्य की अपनी अलग पहचान और परंपरा है। गौर नृत्य बस्तर की जनजातीय संस्कृति और प्रकृति से जुड़ा है। गौरा-गौरी और भोजली लोक आस्था के साथ पारंपरिक त्योहारों का प्रतिनिधित्व करते हैं। राउत नाचा यादव समाज की सांस्कृतिक पहचान और लोक परंपरा को दर्शाता है। (Chhattisgarh Foundation Day)

वहीं सुआ नृत्य महिलाओं की सामूहिक लोक अभिव्यक्ति का प्रतीक है। पंथी नृत्य सतनाम पंथ की आध्यात्मिक परंपरा को प्रदर्शित करता है, जबकि करमा नृत्य जनजातीय जीवन, प्रकृति और सामूहिक उल्लास से जुड़ा हुआ है। भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ का पवेलियन भी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय हुनर और विकास की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। पवेलियन में बस्तर की प्रसिद्ध बेलमेटल कला, जनजातीय आभूषण, पारंपरिक हस्तशिल्प, चांपा की कोसा सिल्क और हथकरघा वस्त्रों को जगह दी गई है। इसके अलावा वनोपज से तैयार हर्बल उत्पाद और कोदो, कुटकी व रागी जैसे मिलेट उत्पाद भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं। आगंतुकों को चित्रकोट जलप्रपात का 3D वर्चुअल रियलिटी अनुभव भी कराया जा रहा है। इसके माध्यम से लोग बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता को करीब से महसूस कर सकेंगे।

राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की पहचान को बढ़ावा देने की पहल

पवेलियन में स्थानीय उद्यमियों और स्टार्टअप के नवाचारों तथा नए उत्पादों को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। संस्कृति और राजभाषा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन की ओर से आयोजित इस समारोह का उद्देश्य प्रदेश की पारंपरिक लोक कलाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। साथ ही देश-विदेश से भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में पहुंचने वाले लोगों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराओं और स्थानीय कला से परिचित कराना है। इस आयोजन के जरिए छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। ऐसे में दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह प्रदेश की लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और स्थानीय कला को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का एक बड़ा अवसर होगा। लोकनृत्यों से लेकर हस्तशिल्प, कोसा सिल्क और मिलेट उत्पादों तक, छत्तीसगढ़ अपनी सांस्कृतिक समृद्धि और विकास की संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगा। (Chhattisgarh Foundation Day)

Back to top button
error: Content is protected !!