जाति-धर्म बताकर 5 से 10 लाख में बेचते थे नवजात, 10 शहरों तक फैला नेटवर्क

Newborn Baby Trafficking Network: राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त करने वाले संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ है। इस गिरोह के सदस्य आर्थिक रूप से कमजोर और अविवाहित गर्भवती महिलाओं को मुफ्त इलाज और सुरक्षित प्रसव का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते थे। प्रसव के बाद नवजात बच्चों को उनकी जाति, धर्म, जन्म की तारीख और वजन जैसी जानकारियों के साथ संभावित खरीदारों के सामने पेश किया जाता था। इसके बाद बच्चों का सौदा 5 से 10 लाख रुपए तक में किया जाता था। खरीदार परिवार को बच्चा अपना दिखाने के लिए फर्जी जन्म प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जाता था। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क केवल रायपुर तक सीमित नहीं था। इसके तार ओडिशा, रायगढ़, बिलासपुर, मुंबई, गुजरात, विशाखापट्टनम, हैदराबाद, चेन्नई और अहमदाबाद तक जुड़े होने के संकेत मिले हैं। बच्चों को एक शहर से दूसरे शहर तक पहुंचाने के लिए सड़क मार्ग, ट्रेन और फ्लाइट का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
यह भी पढ़ें:- धान के कटोरे में ठगों की सेंध, निवेश के नाम पर लाखों की ठगी, लोगों की गाढ़ी कमाई पर डाका !
इस पूरे मामले का खुलासा ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली 21 साल की गर्भवती महिला की शिकायत के बाद हुआ। आरोपियों ने महिला को मुफ्त इलाज और अच्छे अस्पताल में प्रसव कराने का भरोसा देकर रायपुर बुलाया था। महिला आर्थिक रूप से कमजोर थी और आरोपियों के भरोसे रायपुर पहुंच गई। महिला का प्रसव गुढ़ियारी के एकता नगर स्थित श्री साईं अस्पताल में कराया गया। इसके बाद महिला और उसके नवजात बच्चे को अलग-अलग घरों में रखा गया। इसी दौरान नवजात बच्चे का भिलाई के एक दंपती से करीब 8 लाख रुपए में सौदा तय किया गया। पुलिस के मुताबिक, इस सौदे में कृतिका साहू को 5 लाख रुपए और अहिल्या नामदेव को 3 लाख रुपए मिलने थे। आरोपियों की बातचीत सुनने के बाद महिला को बच्चे की खरीद-फरोख्त की साजिश का पता चला। 17 नवंबर को मौका मिलते ही वह घर से निकलकर पुलिस के पास पहुंच गई। महिला की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लैब टेक्नीशियन कृतिका साहू समेत तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया। इसके बाद जांच आगे बढ़ी और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आई। (Newborn Baby Trafficking Network)
बच्चों की शक्ल, जाति और धर्म बताकर तय होती थी कीमत
पुलिस की जांच में सामने आया है कि नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के लिए बाकायदा संभावित खरीदारों से संपर्क किया जाता था। बच्चों की तस्वीरें और उनसे जुड़ी जानकारी वॉट्सऐप के माध्यम से साझा की जाती थीं। इसमें बच्चे की शक्ल, जाति, धर्म, जन्म की तारीख और वजन जैसी जानकारियां दी जाती थीं। DCP वेस्ट जोन राबिनसन गुड़िया के मुताबिक आरोपियों के मोबाइल फोन से वॉट्सऐप चैट और अन्य डिजिटल जानकारियां मिली हैं। इनके आधार पर पता चला है कि बच्चों की तस्वीरें किन लोगों को भेजी गईं और उनके साथ किस तरह की बातचीत हुई। पुलिस के अनुसार सामान्य तौर पर बच्चों का सौदा 4 से 5 लाख रुपए में होता था, जबकि कुछ मामलों में यह रकम 8 से 10 लाख रुपए तक पहुंच जाती थी। इस नेटवर्क का सबसे गंभीर पहलू फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार कराने से जुड़ा है। पुलिस को जांच में पता चला है कि खरीदारों को बच्चा अपना दिखाने के लिए जन्म प्रमाण पत्र बनवाकर दिया जाता था। इसके लिए कुछ निजी अस्पतालों के रिकॉर्ड और दस्तावेजों का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है।
रोजाना 500 रुपए देकर कराते थे नवजात की देखभाल
जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ मामलों में अस्पताल के रजिस्टर और मेडिकल पर्चियों में गर्भवती महिला की जगह उस महिला का नाम दर्ज कराया जाता था, जिसे बच्चा चाहिए होता था। इससे जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया आसान हो जाती थी और दस्तावेजों में खरीदार परिवार को ही बच्चे का वास्तविक परिवार दिखाया जा सकता था। आरोप है कि इसके बदले अस्पताल को करीब 10 हजार रुपए दिए जाते थे और प्रसव का बाकी खर्च अलग से वहन किया जाता था। पुलिस ने इस मामले में तीन निजी अस्पतालों में प्रसव कराने और उनकी भूमिका की जांच शुरू की है। पुलिस के मुताबिक नवजात बच्चों को खरीदार तक पहुंचाने से पहले कुछ समय तक सुरक्षित स्थानों पर रखा जाता था। इस दौरान उनकी देखभाल करने वाले लोगों को रोजाना 500 रुपए तक दिए जाते थे। सुंदरगढ़ की महिला और उसके नवजात बच्चे को भी अहिल्या नामदेव के घर पर रखा गया था। आरोप है कि बच्चे की देखभाल के लिए कृतिका साहू रोजाना 500 रुपए देती थी।
वॉट्सऐप ग्रुप में होती थी बच्चों की सौदेबाजी
पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से वॉट्सऐप चैट और डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। जांच में ऐसे ग्रुप और बातचीत की जानकारी सामने आई है, जिनके जरिए बच्चों की तस्वीरें और दूसरी जानकारियां साझा की जाती थीं। संभावित खरीदारों से बातचीत के बाद सौदे की रकम तय की जाती थी। पुलिस अब इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नेटवर्क में कितने खरीदार सक्रिय थे और किन लोगों ने अब तक बच्चों को खरीदा है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह में कुछ लोग गर्भवती महिलाओं की तलाश करते थे, कुछ अस्पतालों से संपर्क बनाते थे, जबकि अन्य लोग खरीदारों और पैसों के लेनदेन की जिम्मेदारी संभालते थे। शुरुआती जांच में इस नेटवर्क के तार रायपुर से बाहर कई शहरों तक जुड़े होने के संकेत मिले हैं। ओडिशा, रायगढ़ और बिलासपुर के अलावा मुंबई, गुजरात, विशाखापट्टनम, हैदराबाद, चेन्नई और अहमदाबाद तक बच्चों को पहुंचाने की जानकारी पुलिस को मिली है। (Newborn Baby Trafficking Network)
15 से 20 बच्चों की तस्वीरें मिलीं, असली संख्या की जांच
पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क में अलग-अलग शहरों में हैंडलर्स सक्रिय थे। कुछ लोग नवजात बच्चों की व्यवस्था करते थे, कुछ संभावित खरीदारों की तलाश करते थे और कुछ बच्चों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का काम करते थे। पुलिस अब ओडिशा बॉर्डर से लेकर मुंबई और दूसरे शहरों तक फैले संपर्कों की जांच कर रही है। पुलिस को शुरुआती जांच में करीब 15 से 20 नवजात बच्चों की तस्वीरें और उनसे संबंधित डेटा मिला है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इसे बच्चों की खरीद-फरोख्त की अंतिम संख्या नहीं माना जा सकता। आरोपियों के मोबाइल से डेटा डिलीट किए जाने की भी जानकारी मिली है। अब आरोपियों के मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जाएंगे। इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि कितने बच्चों की तस्वीरें खरीदारों को भेजी गईं, कितने सौदे तय हुए और वास्तव में कितने नवजात बच्चों को दूसरे परिवारों तक पहुंचाया गया। (Newborn Baby Trafficking Network)
3 महिलाओं से शुरू हुई जांच, अब 6 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में शुरुआती कार्रवाई के दौरान लैब टेक्नीशियन कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका को गिरफ्तार किया गया था। जांच आगे बढ़ने पर डॉक्टर, पुरुष नर्स प्रकाश कौरव और अश्वनी शर्मा समेत तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। इस तरह मामले में अब तक कुल छह गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुलिस ने 17 नवंबर 2026 को अपराध क्रमांक 307/26 के तहत BNS की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब पुलिस फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, अस्पतालों के रिकॉर्ड, वॉट्सऐप चैट, बैंक खातों और नकद लेनदेन की कड़ियों को जोड़ रही है। पुलिस का कहना है कि नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। मामले में आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है। मामले में सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि जिन बच्चों को सुरक्षा और मां की ममता मिलनी चाहिए थी, उन्हें लाखों रुपए के सौदे का हिस्सा बना दिया गया। फिलहाल पुलिस 15 से 20 बच्चों की तस्वीरों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि इस नेटवर्क के कितने और चेहरे बेनकाब होते हैं और कितने बच्चों की खरीद-फरोख्त का सच सामने आता है।



