Google Analytics —— Meta Pixel

धान के कटोरे में ठगों की सेंध, निवेश के नाम पर लाखों की ठगी, लोगों की गाढ़ी कमाई पर डाका !

Share Market Fraud: छत्तीसगढ़ में निवेश के नाम पर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। शेयर बाजार में कम समय में रकम दोगुनी करने और हर महीने मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ठग लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। दुर्ग में एक व्यक्ति से 31 लाख रुपए, रायगढ़ में ग्रामीण महिलाओं से 70.77 लाख रुपए और राजनांदगांव में छह गुना मुनाफे का लालच देकर 87 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। इन घटनाओं में ठगों ने कहीं खुद को शेयर बाजार का विशेषज्ञ और चार्टर्ड अकाउंटेंट बताया तो कहीं मुख्यमंत्री का पीए बनकर लोगों को अपने जाल में फंसाया। दुर्ग में शेयर बाजार में निवेश कर हर महीने मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 31 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है।

यह भी पढ़ें:- छोटी-छोटी बातों पर खूनी खेल, छत्तीसगढ़ में 6 हत्याओं से दहला प्रदेश, गुस्से ने छीन ली जिंदगियां

आरोपी ने खुद को शेयर बाजार का जानकार, विदेशी मुद्रा और सोने का कारोबारी होने के साथ पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट बताया था। उसने पिछले पांच वर्षों से ट्रेडिंग करने और दूसरे लोगों को निवेश कराकर अच्छा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया था। उसकी बातों में आकर मोहन नगर निवासी आकाश कुमार रंगारी ने अलग-अलग किश्तों में लाखों रुपए आरोपी के बताए बैंक खातों में जमा कर दिए। एएसपी मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक ठगी की शुरुआत 13 दिसंबर 2023 को हुई थी। इसी दिन पीड़ित आकाश की मुलाकात और बातचीत आरोपी योगेश साहू से हुई थी। आरोपी ने कम समय में ज्यादा रिटर्न देने का लालच देकर पीड़ित को निवेश के लिए तैयार कर लिया। इसके बाद आकाश ने अपने बैंक खाते से IMPS, NEFT, RTGS और UPI के माध्यम से IDFC फर्स्ट बैंक और HDFC बैंक के तीन अलग-अलग खातों में कुल 31 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। (Share Market Fraud)

न मुनाफा मिला, न मूल रकम लौटी

लंबे समय तक इंतजार करने के बाद भी जब पीड़ित को न तो निवेश पर मुनाफा मिला और न ही उसकी मूल रकम वापस की गई, तब उसे ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद आकाश ने लेनदेन से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध कराए। पुलिस ने शिकायत की जांच की और मामला सही पाए जाने पर मोहन नगर थाने में अपराध दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी योगेश साहू पुराना और शातिर बदमाश है। वह फिलहाल एक अन्य मामले में दुर्ग केंद्रीय जेल में सजा काट रहा है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। रायगढ़ जिले में शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी करने और मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ग्रामीण महिलाओं से 70 लाख 77 हजार 901 रुपए की ठगी की गई। इस मामले में साइबर थाना पुलिस ने एक और महिला आरोपी मीरा सोनवानी (57) को गिरफ्तार किया है। वह मुख्य आरोपी मेनका सारथी की मां है। पुलिस के मुताबिक, मीरा अपनी बेटी के साथ मिलकर गांव की महिलाओं को निवेश के लिए प्रेरित करती थी और उनसे रकम जुटाने में मदद करती थी। इसके बदले उसे 5 से 10 हजार रुपए तक दिए जाते थे।

कर्ज लेकर किया निवेश, बाद में मिली धमकी

मामला पुसौर थाना क्षेत्र के जतरी गांव का है। यहां की हारा बाई निषाद सहित कई महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मेनका सारथी गांव आने पर महिलाओं को शेयर मार्केट में निवेश से मोटा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाती थी। उसने कम समय में रकम दोगुनी करने का दावा किया था। साथ ही रकम दोगुनी नहीं होने पर खुद और अपने पति की गारंटी पर पैसे लौटाने की बात कही थी। महिलाएं आरोपी के झांसे में आ गईं और नकद व ऑनलाइन माध्यम से लाखों रुपए निवेश के लिए दे दिए। शिकायत के मुताबिक, 6 अप्रैल 2025 से 24 अक्टूबर 2025 के बीच अकेले हारा बाई निषाद से 17 लाख 53 हजार रुपए लिए गए। वहीं, गांव की अन्य महिलाओं को मिलाकर ठगी की कुल रकम 70 लाख 77 हजार 901 रुपए तक पहुंच गई। शुरुआत में मेनका ने कुछ महिलाओं को मुनाफे की रकम लौटाकर उनका भरोसा जीत लिया। लेकिन बाद में न तो मुनाफा मिला और न ही मूल रकम वापस की गई। महिलाओं ने जब अपने पैसे मांगे तो पता चला कि निवेश के नाम पर जुटाई गई रकम का इस्तेमाल निजी कामों में किया गया है। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर महिलाओं को शिकायत करने पर जेल भिजवाने की धमकी भी दी गई।

मां समेत चार आरोपी गिरफ्तार

कई महिलाओं ने कर्ज लेकर इस योजना में पैसे लगाए थे, जिसके चलते अब उन्हें कर्ज की किस्तें चुकाने में परेशानी हो रही है। बैंक खातों के लेनदेन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साइबर थाना रायगढ़ में 22 जुलाई 2026 को अपराध क्रमांक 11/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) में मेनका सारथी, उसके पति अक्षय सारथी और मीरा सोनवानी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस ने 6 अक्टूबर को सक्ती जिले के बरतुंगा गांव से मुख्य आरोपी मेनका सारथी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में मिनकेतन सिदार की भूमिका भी सामने आई। इसके बाद मिनकेतन सिदार और अक्षय सारथी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। वहीं, फरार चल रही मीरा सोनवानी को मुखबिर की सूचना पर ग्राम जतरी में दबिश देकर पकड़ा गया। पूछताछ और बैंक खातों के लेनदेन की जांच में उसकी संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के बैंक खातों से संबंधित जानकारी भी जब्त की है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। (Share Market Fraud)

CM का पीए बनकर 87 हजार रुपए ठगे

राजनांदगांव जिले में ठगी का एक अलग तरीका सामने आया है। यहां तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलपति का पीए बनकर अज्ञात आरोपी ने एक व्यक्ति से 87 हजार रुपए की ठगी कर ली। आरोपी ने छह गुना मुनाफा देने का लालच देकर पीड़ित को अपने जाल में फंसाया। मामला बसंतपुर थाना क्षेत्र के भरेगांव का है। जानकारी के मुताबिक, अज्ञात व्यक्ति ने सोशल मीडिया के माध्यम से एक ऐप तैयार किया था। इसके जरिए पीड़ित पवन टंडन को बिजनेस में निवेश करने पर छह गुना रकम लौटाने का भरोसा दिलाया गया। आरोपी ने कहा कि जितनी ज्यादा रकम निवेश की जाएगी, उतना ही ज्यादा मुनाफा मिलेगा। खुद को मुख्यमंत्री का पीए बताकर आरोपी ने पीड़ित का भरोसा जीता और ऐप के माध्यम से 87 हजार रुपए जमा करा लिए। रकम जमा करने के बाद जब पीड़ित को वादे के मुताबिक पैसे नहीं मिले तो उसे ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद पवन टंडन ने बसंतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी की पहचान और ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। (Share Market Fraud)

निवेश के नाम पर ठगी से कैसे बचें ?

शेयर बाजार में निवेश करना गलत नहीं है, लेकिन बिना जांच-पड़ताल किसी व्यक्ति या संस्था को अपनी मेहनत की कमाई सौंपना जोखिम भरा हो सकता है। मोटे मुनाफे और कम समय में रकम दोगुनी करने के दावों से सावधान रहने की जरूरत है। निवेश करने से पहले संबंधित कंपनी और ब्रोकर की विश्वसनीयता की जांच करें। किसी अनजान व्यक्ति के बताए बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर न करें। फर्जी ट्रेडिंग एक्सपर्ट, सोशल मीडिया पर मिलने वाले निवेश प्रस्तावों और अनजान ऐप से दूरी बनाए रखें। किसी भी योजना में निवेश करने से पहले उसकी पूरी जानकारी जुटाएं। अगर कोई व्यक्ति खुद को सरकारी अधिकारी या किसी बड़े पदाधिकारी का करीबी बताकर पैसे मांगता है, तो उसकी पहचान की स्वतंत्र रूप से पुष्टि जरूर करें। ऑनलाइन ठगी होने पर बिना देर किए पुलिस और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने या वापस पाने की संभावना बढ़ सकती है।

Back to top button
error: Content is protected !!