छोटी-छोटी बातों पर खूनी खेल, छत्तीसगढ़ में 6 हत्याओं से दहला प्रदेश, गुस्से ने छीन ली जिंदगियां

Murder Cases in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में आपसी विवाद और गुस्से में हत्या की कई घटनाएं सामने आई हैं। कहीं घरेलू सामान खरीदकर लौटते समय पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद हत्या की वजह बन गया तो कहीं खाने को लेकर हुए झगड़े में पत्नी ने पति की जान ले ली। वहीं गुलेल से पत्थर मारने की बात, छत पर लकड़ी जलाने और शराब के नशे में हुए विवाद ने भी खूनी रूप ले लिया। इन घटनाओं में महिलाओं, पुरुषों और एक ढाई माह के मासूम की जान चली गई। अलग-अलग जिलों में सामने आई इन 6 घटनाओं ने पारिवारिक और आपसी विवादों के हिंसक रूप लेने की गंभीर तस्वीर सामने रखी है। रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद पति ने अपनी 22 साल पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पति सत्यनारायण पहाड़ी कोरवा (26 साल) ने पहले पत्नी को हाथ-मुक्कों और बांस के डंडे से बुरी तरह पीटा। इसके बाद पैर से गला दबाकर उसकी जान ले ली।
यह भी पढ़ें:- रिकॉर्ड हाई से धड़ाम हुए सोने-चांदी के भाव, इस साल की तेजी के बाद अब बड़ी गिरावट, चांदी 2.18 लाख और सोना 46 हजार रुपए टूटा
पुलिस के अनुसार 15 नवंबर को पति-पत्नी घरेलू सामान खरीदने के लिए कोनपारा विजयपुर गए थे। वहां से लौटते समय दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया गया कि शराब के नशे में हुए विवाद के बाद आरोपी ने पत्नी पर हमला कर दिया और उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद मृतका की मां की शिकायत पर कापू पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने कोनपारा गांव के बऊराहीपारा में दबिश देकर आरोपी पति को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बांस का डंडा भी जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। बलरामपुर जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के पलगी छतौलीपारा में पति-पत्नी के बीच खाने को लेकर हुआ विवाद हत्या में बदल गया। शराब के नशे में दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद गुस्से में पत्नी ने तराजू के बाट से पति के सिर पर जोरदार हमला कर दिया।
छत पर लकड़ी जलाने की बात पर खूनी संघर्ष
हमले में गंभीर चोट लगने से प्रभात कुम्हरिया की मौत हो गई। घटना के बाद घर के कमरे में उसका शव खून से लथपथ हालत में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी पत्नी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है। बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित अशोक नगर के बगड़ाई मंदिर के पास अटल आवास में 18 नवंबर को दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। छत पर लकड़ी जलाने की बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से नुकीले हथियारों से हमला किया गया। घटना में करीब 19 से 20 साल के मयंक ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष के सुदामा साहू, बिट्टू मानिकपुरी और एक अन्य युवक घायल हो गए। तीनों घायलों को उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
गुलेल से पत्थर मारने की बात पर हत्या
शुरुआती जानकारी में छत पर लकड़ी जलाने को लेकर विवाद की बात सामने आई है, हालांकि दोनों पक्षों के बीच झगड़े की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। एक युवक की मौत और तीन लोगों के घायल होने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। कबीरधाम जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र के डेंगुरजाम गांव में 18 नवंबर को मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। गुलेल से पत्थर मारने की बात को लेकर शुरू हुए विवाद में गांव के ही एक परिवार के तीन सदस्यों ने मिलकर इतवारी बैगा पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर कुकदुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वैज्ञानिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने मामले में मोहन बैगा (45), उसकी पत्नी आमबाई उर्फ रामबाई बैगा (40) और बेटे रामदयाल बैगा (20) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल डंडा भी जब्त किया गया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मां की गोद में मौजूद ढाई माह के मासूम की मौत
कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में 17 नवंबर को पति-पत्नी के बीच हुए विवाद का दर्दनाक परिणाम सामने आया। शराब के नशे में पति द्वारिका प्रसाद केंवट अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए उससे विवाद कर रहा था। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया। इस दौरान मां की गोद में मौजूद ढाई माह के मासूम को भी डंडे की चोट लग गई। गंभीर हालत में बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत में लेकर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। कोरिया जिले के बैकुंठपुर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सलका गांव में 17 नवंबर को आपसी विवाद के बाद एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान साले ने अपने ही जीजा पर हमला कर दिया।जानकारी के मुताबिक रात करीब 8 बजे सलका गांव के बसोरपारा निवासी जितेंद्र बसोर और उसके साले सन्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद 20 साल के सन्नी ने अपने जीजा जितेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मामूली विवाद से हत्या तक पहुंच रहे मामले
आरोप है कि उसने मुक्कों और हाथ में पहने लोहे के कड़े से जितेंद्र पर हमला किया। घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जितेंद्र को जिला अस्पताल बैकुंठपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी सन्नी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण सिटी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने वारदात में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की आगे की विवेचना की जा रही है। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में सामने आई इन घटनाओं में विवाद की वजह भले ही अलग-अलग रही, लेकिन नतीजा एक जैसा रहा। घरेलू झगड़े, शराब के नशे में कहासुनी, खाने को लेकर विवाद और छोटी-छोटी बातों पर हुए झगड़ों ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। इन वारदातों में पांच वयस्कों और एक मासूम की जान चली गई। घटनाएं यह सवाल भी खड़ा करती हैं कि आखिर मामूली विवादों के दौरान बढ़ता गुस्सा किस तरह जानलेवा हिंसा में बदल रहा है।



