Google Analytics —— Meta Pixel

रिकॉर्ड हाई से धड़ाम हुए सोने-चांदी के भाव, इस साल की तेजी के बाद अब बड़ी गिरावट, चांदी 2.18 लाख और सोना 46 हजार रुपए टूटा

Gold Silver Investment Strategy: सोने और चांदी की कीमतों में इस साल जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। साल की शुरुआत में तेजी के साथ आगे बढ़ रही दोनों कीमती धातुओं ने जनवरी में रिकॉर्ड ऊंचाई को छुआ था, लेकिन अब बाजार की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। लगातार गिरावट के बीच चांदी अपने रिकॉर्ड स्तर से करीब 2.18 लाख रुपए प्रति किलो नीचे आ चुकी है, जबकि सोने की कीमत में भी करीब 46 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम की कमी दर्ज की गई है। इस बदलाव ने निवेशकों के साथ-साथ उन लोगों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है, जो सोने-चांदी को लंबे समय के निवेश का सुरक्षित विकल्प मानते हैं। ऐसे में सवाल है कि क्या यह गिरावट खरीदारी का मौका है या अभी बाजार में और उतार-चढ़ाव बाकी है?

यह भी पढ़ें:- शादी के सीजन से पहले सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट, क्या एक लाख रुपए तक पहुंचेगा भाव ? जानिए सोना सस्ता होने की 3 बड़ी वजहें

इस साल सोने और चांदी दोनों की कीमतों में तेजी का दौर देखने को मिला था। आंकड़ों के मुताबिक 29 जनवरी 2026 को चांदी की कीमत करीब 3.80 लाख रुपए प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई थी। इसके बाद से कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला और 19 नवंबर तक इसका भाव घटकर करीब 1.62 लाख रुपए प्रति किलो के आसपास आ गया। इस तरह रिकॉर्ड स्तर से चांदी करीब 2.18 लाख रुपए टूट चुकी है। सोने की बात करें तो 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत करीब 1,33,195 रुपए थी। जनवरी में तेजी के दौरान 29 जनवरी को इसका भाव करीब 1.76 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था। लेकिन अब 19 नवंबर को IBJA के आंकड़ों के मुताबिक कीमत घटकर 1,29,985 रुपए रह गई है। यानी जनवरी के उच्चतम स्तर से सोना करीब 46 हजार रुपए नीचे आ चुका है। (Gold Silver Investment Strategy)

पूरे साल बदलती रही सोने-चांदी की चाल

साल 2026 में दोनों कीमती धातुओं ने कई बार तेजी और गिरावट का दौर देखा। 31 दिसंबर 2025 को सोना 1,33,195 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,30,420 रुपए प्रति किलो थी। 31 जनवरी 2026 को सोने का भाव 1,65,795 रुपए और चांदी 3,39,350 रुपए दर्ज किया गया। फरवरी के अंत में सोना 1,50,997 रुपए और चांदी 2,66,700 रुपए पर आ गई। मार्च में सोने की कीमत 1,46,733 रुपए और चांदी 2,30,135 रुपए रही। अप्रैल में दोनों में कुछ सुधार देखने को मिला और सोना 1,50,263 रुपए, जबकि चांदी 2,40,331 रुपए पर पहुंची। मई के अंत में सोना 1,56,463 रुपए और चांदी 2,63,350 रुपए दर्ज की गई। जून में फिर गिरावट आई और सोना 1,41,286 रुपए तथा चांदी 2,25,425 रुपए पर आ गई। जुलाई में सोना 1,42,860 रुपए और चांदी 2,18,295 रुपए रही। अगस्त में दोनों की कीमतों में फिर तेजी आई। इस दौरान सोना 1,55,835 रुपए और चांदी 2,37,199 रुपए तक पहुंची।

आखिर चांदी की कीमतों में इतनी बड़ी गिरावट क्यों ?

सितंबर में सोना 1,48,379 रुपए और चांदी 2,22,273 रुपए रही। अक्टूबर के अंत तक सोना 1,40,054 रुपए और चांदी 1,81,344 रुपए पर आ गई। वहीं 19 नवंबर को सोना 1,29,985 रुपए और चांदी 1,61,575 रुपए दर्ज की गई। चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे ज्यादा निवेशकों की बिकवाली ही नहीं, बल्कि औद्योगिक मांग और वैश्विक आपूर्ति से जुड़े कारक भी अहम भूमिका निभाते हैं। चांदी का इस्तेमाल आभूषणों के अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल और कई औद्योगिक क्षेत्रों में किया जाता है। ऐसे में औद्योगिक गतिविधियों में सुस्ती आने या मांग कमजोर पड़ने पर इसकी कीमतों पर दबाव बन सकता है। दूसरी वजह वैश्विक बाजार में आपूर्ति की स्थिति है। खदानों से उत्पादन बढ़ने या बाजार में चांदी की उपलब्धता बढ़ने पर कीमतों में नरमी आ सकती है। इसके अलावा चांदी का बाजार सोने की कीमतों से भी प्रभावित होता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब सोने में बड़ी गिरावट आती है तो निवेशकों की बिकवाली का असर चांदी पर भी देखने को मिल सकता है। (Gold Silver Investment Strategy)

सोना सस्ता होने के पीछे क्या हैं तीन बड़े कारण ?

सोने की कीमतों में गिरावट की पहली बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर की मजबूती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत डॉलर में तय होती है। डॉलर मजबूत होने पर अन्य देशों के खरीदारों के लिए सोना खरीदना महंगा हो जाता है, जिससे मांग पर असर पड़ सकता है। दूसरी वजह अमेरिका में ब्याज दरों को लेकर सख्त रुख है। ब्याज दरें ऊंची रहने पर निवेशकों को बॉन्ड और बैंक डिपॉजिट जैसे विकल्पों में बेहतर रिटर्न की उम्मीद रहती है। सोने से नियमित ब्याज नहीं मिलता, इसलिए ऐसे माहौल में इसकी निवेश मांग प्रभावित हो सकती है। तीसरी वजह बड़े निवेशकों की मुनाफावसूली है। जब सोने की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचती हैं तो निवेशक अपना मुनाफा सुरक्षित करने के लिए बिकवाली शुरू कर सकते हैं। बाजार में बिकवाली बढ़ने से कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिलती है। कीमतों में लगातार गिरावट के बीच निवेशकों के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि अभी सोना-चांदी खरीदना चाहिए या कुछ समय इंतजार करना चाहिए। कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया के मुताबिक, सोने-चांदी की खरीदारी एक साथ बड़ी रकम लगाकर करने के बजाय किश्तों में करना बेहतर रणनीति हो सकती है। इसके तहत कुछ खरीदारी अभी की जा सकती है और बाकी रकम से 15 से 20 दिन के अंतराल पर खरीदारी की जा सकती है।

सोना खरीदते समय हॉलमार्क और शुद्धता जरूर जांचें

निवेश के लिहाज से भी एक-दो महीने के बजाय छह महीने से एक साल तक का नजरिया रखने की सलाह दी गई है। हालांकि, बाजार में गिरावट के दौरान भी कीमतें और नीचे जा सकती हैं। इसलिए निवेश से पहले अपनी जरूरत, जोखिम उठाने की क्षमता और निवेश की अवधि को ध्यान में रखना जरूरी है। सोने की कीमत कम होने के बावजूद आभूषण खरीदते समय उसकी शुद्धता से समझौता नहीं करना चाहिए। ग्राहकों को हमेशा BIS हॉलमार्क वाला प्रमाणित सोना खरीदना चाहिए। हॉलमार्किंग से सोने की शुद्धता और कैरेट की जानकारी मिलती है। इसके साथ ही हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन (HUID) नंबर की भी जांच करनी चाहिए। सोने की कीमत अलग-अलग कैरेट के हिसाब से बदलती है। 24 कैरेट सोना 99.9 प्रतिशत शुद्ध माना जाता है, जबकि 22 कैरेट में 91.6 प्रतिशत सोना होता है। 21 कैरेट में शुद्धता 87.5 प्रतिशत और 18 कैरेट में 75 प्रतिशत होती है। इसलिए आभूषण खरीदते समय कैरेट के साथ उसकी शुद्धता का प्रमाण जरूर देखना चाहिए। इसके अलावा खरीदारी से पहले IBJA जैसे स्रोतों से उस दिन का बाजार भाव पता करना चाहिए। दुकानदार से सोने का सही वजन, मेकिंग चार्ज, GST और अंतिम बिल की जानकारी लेना भी जरूरी है। (Gold Silver Investment Strategy)

असली चांदी की पहचान के लिए किन बातों पर दें ध्यान ?

चांदी खरीदते समय उसकी शुद्धता और प्रमाणिकता की जांच करना भी जरूरी है। सामान्य तौर पर असली चांदी चुंबक से नहीं चिपकती, हालांकि ज्यादा मैग्नेट टेस्ट से उसकी शुद्धता प्रमाणित नहीं होती। आइस टेस्ट में चांदी पर रखी बर्फ तेजी से पिघल सकती है, क्योंकि चांदी ऊष्मा की अच्छी सुचालक होती है। इसके अलावा चांदी को सफेद कपड़े से रगड़ने पर काले निशान आ सकते हैं। लेकिन यह तरीका भी शुद्धता की पक्की जांच नहीं है। किसी धातु की वास्तविक शुद्धता जानने के लिए प्रमाणित हॉलमार्क और विश्वसनीय ज्वेलर से जांच कराना अधिक बेहतर है। सोने और चांदी की कीमतों में आई बड़ी गिरावट ने एक बार फिर साबित किया है कि कीमती धातुओं का बाजार भी उतार-चढ़ाव से अछूता नहीं है। जनवरी में रिकॉर्ड ऊंचाई छूने के बाद नवंबर में कीमतों का इस स्तर तक गिरना निवेशकों के लिए बड़ा बदलाव है। आने वाले समय में डॉलर की मजबूती, अमेरिकी ब्याज दरें, औद्योगिक मांग और वैश्विक आर्थिक परिस्थितियां दोनों धातुओं की कीमतों को प्रभावित कर सकती हैं। ऐसे में जल्दबाजी में निवेश करने के बजाय बाजार के रुझान को समझकर फैसला लेना ही समझदारी होगी।

Back to top button
error: Content is protected !!