बस्तर से बलरामपुर तक रोजगार के अवसर, कहीं प्लेसमेंट कैंप तो कहीं सीधी भर्ती, छत्तीसगढ़ में रोजगार के खुले कई दरवाजे
Chhattisgarh Employment Opportunities: छत्तीसगढ़ में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए कई महत्वपूर्ण अवसर सामने आए हैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में रोजगार मेले, निजी कंपनियों में सीधी भर्ती, सरकारी संस्थाओं में नियुक्ति और स्कूलों में प्रवेश की प्रक्रिया जारी है। दंतेवाड़ा, कांकेर और जगदलपुर में नवंबर के आखिरी सप्ताह में रोजगार मेले लगेंगे। वहीं बेमेतरा, दुर्ग, कांकेर, कोरबा और राजनांदगांव में CSC के जिला समन्वयक के पदों पर आवेदन मांगे गए हैं। दंतेवाड़ा के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार देने के लिए 28 नवंबर 2026 को गीदम स्थित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) में एक दिवसीय निःशुल्क रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इसमें तीन निजी कंपनियां कुल 150 पदों पर सीधी भर्ती करेंगी।
यह भी पढे़ं:- छत्तीसगढ़ में अवैध धान पर प्रशासन का शिकंजा, धमतरी और रायगढ़ में 3,969 क्विंटल से ज्यादा धान जब्त
के.के. एंटरप्राइजेज में 50 पदों पर भर्ती होगी। इनमें 25 पद पुरुषों के लिए प्रोडक्ट चेकिंग, मेंटेनेंस, मशीन ऑपरेटर और असेंबली लाइन के होंगे। वहीं 25 पद महिलाओं के लिए बल्ब असेंबली, टेस्टिंग और पैकिंग के निर्धारित हैं। इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई और डिप्लोमा पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आयु सीमा 18 से 35 वर्ष रखी गई है। चयनित उम्मीदवारों को गुजरात के राजकोट में 15,964 से 24,368 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। इसके साथ पीएफ, ईएसआई, आवास, बस, कैंटीन और यूनिफॉर्म की सुविधा भी दी जाएगी। हेवन सिक्योरिटी एंड कॉर्पोरेट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड में सिक्योरिटी गार्ड के 50 पदों पर महिला और पुरुष दोनों अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। इसके लिए 8वीं, 10वीं, 12वीं या स्नातक पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आयु सीमा 18 से 40 साल निर्धारित है। चयनित अभ्यर्थियों को हैदराबाद में 18 हजार से 21 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन के साथ ईपीएफ, आवास और मेडिकल सुविधा मिलेगी।
कांकेर में 27 नवंबर को प्लेसमेंट कैंप
वहीं श्रामिन टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड में इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन के 50 पदों पर सिर्फ पुरुष अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। इसके लिए 10वीं, 12वीं, स्नातक या आईटीआई/एनटीसी/एनसीवीटी पास उम्मीदवार पात्र होंगे। आयु सीमा 18 से 35 वर्ष है। चयनित युवाओं को 15,235 से 18 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन के साथ पेट्रोल भत्ता, ईपीएफ और मेडिकल सुविधा मिलेगी। इनकी नियुक्ति पालनार, कुआकोंडा, बारसूर, किरंदुल और कटेकल्याण क्षेत्र में की जाएगी। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए रोजगार कार्यालय में जीवित पंजीयन अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल और छायाप्रति, रोजगार पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति, पासपोर्ट साइज फोटो और बायोडाटा लेकर पहुंचना होगा। ज्यादा जानकारी के लिए 07856-252520 पर संपर्क किया जा सकता है। कांकेर में 27 नवंबर को जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, कोड़ेजुंगा में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन होगा। यह मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। निजी कंपनियों की ओर से कुल 169 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें सिक्योरिटी गार्ड के 100 पद, बैंक असिस्टेंट के 30 पद, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के 9 पद, हाउसकीपिंग स्टाफ के 10 पद और इंश्योरेंस एडवाइजर के 20 पद शामिल हैं।
आईफोन बनाने वाली कंपनी में नौकरी का मौका
इच्छुक उम्मीदवार रोजगार मेले में सीधे पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा ई-रोजगार पोर्टल https://erojgar.cg.gov.in/ पर भी अपना पूरा बायोडाटा जमा कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर कंपनियां प्राथमिक चयन करेंगी और इसके बाद इंटरव्यू के लिए उम्मीदवारों को फोन से सूचना दी जाएगी। बस्तर जिले की युवतियों के लिए भी रोजगार का विशेष अवसर है। बेंगलुरु स्थित आईफोन निर्माण करने वाली कंपनी में असेंबली ऑपरेटर के पदों पर भर्ती के लिए 26 नवंबर को जगदलपुर में रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। यह भर्ती विशेष रूप से बस्तर जिले की युवतियों के लिए रखी गई है। आवेदन के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है। इच्छुक युवतियां 26 नवंबर को सुबह 10 बजे आड़ावाल स्थित जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज में पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकती हैं। प्रशासन ने पात्र युवतियों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर पहुंचने की अपील की है। (Chhattisgarh Employment Opportunities)
CSC में जिला समन्वयक के 5 पदों पर भर्ती
CSC e-Governance Services India Limited ने छत्तीसगढ़ के पांच जिलों में जिला समन्वयक (District Coordinator) के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसके तहत बेमेतरा, दुर्ग, कांकेर, कोरबा और राजनांदगांव में एक-एक पद पर नियुक्ति की जाएगी। इस तरह कुल पांच पदों पर भर्ती होगी। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 30 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी CSC की आधिकारिक वेबसाइट https://csc.gov.in के करियर सेक्शन में उपलब्ध है। उम्मीदवारों को अंतिम तारीख से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है। बलरामपुर में 27 नवंबर 2026 को प्रस्तावित संभाग स्तरीय विशाल रोजगार मेला स्थगित कर दिया गया है। जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज में आयोजित होने वाला यह मेला अब दिसंबर 2026 में प्रस्तावित है। आयोजन की नई तारीख और स्थान की जानकारी अलग से जारी की जाएगी।
सैनिक स्कूल में छठवीं और नौवीं में प्रवेश
इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 11 कंपनियों के माध्यम से कुल 1,631 पदों पर सीधी भर्ती होनी है। इनमें नर्सिंग, केयरटेकर, सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मशीन ऑपरेटर, कंप्यूटर ऑपरेटर, फील्ड ऑफिसर, टीचर और बीमा सखी जैसे पद शामिल हैं। इन पदों के लिए 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और जीएनएम/एएनएम की योग्यता निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवारों को ई-रोजगार पोर्टल erojgar.cg.gov.in या सीजी रोजगार ऐप पर ऑनलाइन पंजीयन कर संबंधित पद के लिए आवेदन करना होगा। इंटरव्यू के समय शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, रोजगार पंजीयन कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और बायोडाटा साथ लाना होगा। आवेदन और चयन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। ज्यादा जानकारी के लिए 9685672368 पर संपर्क किया जा सकता है। छात्रों के लिए सैनिक स्कूल अंबिकापुर में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के तहत कक्षा छठवीं और नौवीं में प्रवेश का अवसर है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख 2 दिसंबर 2026 रात 11 बजकर 50 मिनट निर्धारित की गई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से 31 जनवरी 2027 को अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE-2027) आयोजित की जाएगी।
स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 25 पदों पर भर्ती
अभ्यर्थी www.nta.ac.in या https://exams.nta.nic.in/sainik-school-society पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। नियमित आवेदन और परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 2 दिसंबर है। इसके बाद 3 से 6 दिसंबर तक 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन किया जा सकेगा। आवेदन में सुधार के लिए 7 से 9 दिसंबर तक का समय दिया गया है। परीक्षा शहर की जानकारी 11 जनवरी 2027 को जारी होगी, जबकि प्रवेश पत्र 25 जनवरी से डाउनलोड किए जा सकेंगे। कक्षा छठवीं की परीक्षा 150 मिनट और कक्षा नौवीं की परीक्षा 180 मिनट की होगी। छठवीं की परीक्षा 13 भाषाओं में और नौवीं की परीक्षा अंग्रेजी माध्यम में आयोजित की जाएगी। परीक्षा से जुड़ी जानकारी के लिए 011-40759000 या 011-69227700 पर संपर्क किया जा सकता है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के छह स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में 25 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) का परिणाम जारी होने के बाद अब मेरिट सूची में शामिल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन और स्कूल चयन के लिए काउंसलिंग होगी। (Chhattisgarh Employment Opportunities)
चयनित पात्र उम्मीदवारों के नियुक्ति आदेश होंगे जारी
दस्तावेज सत्यापन 25 नवंबर को सुबह 10 बजे से सेजेस कन्या खैरागढ़ में किया जाएगा। वहीं 27 नवंबर को सुबह 10 बजे से इसी स्थान पर काउंसलिंग होगी। भर्ती के तहत सहायक शिक्षक के 13, शिक्षक के 6, व्याख्याता के 3, सहायक शिक्षक प्रयोगशाला के 2 और प्रधान पाठक प्राथमिक का एक पद शामिल है। मेरिट सूची में शामिल उम्मीदवारों को अपने मूल प्रमाण-पत्र, अंकसूचियां, जरूरी दस्तावेजों की दो सेट छायाप्रति और दो फोटो लेकर पहुंचना होगा। काउंसलिंग के दौरान विद्यालयवार रिक्त पदों की सूची प्रदर्शित की जाएगी। अभ्यर्थी मेरिट क्रम के अनुसार उपलब्ध विद्यालयों में से अपना चयन कर सकेंगे। एक बार विद्यालय चुनने के बाद उसमें बदलाव का मौका नहीं मिलेगा। काउंसलिंग के बाद कलेक्टर की मंजूरी से चयनित पात्र उम्मीदवारों के नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे। इस तरह प्रदेश के अलग-अलग जिलों में नौकरी और शिक्षा से जुड़े कई अवसर उपलब्ध हैं। युवाओं और विद्यार्थियों को सलाह है कि वे संबंधित भर्ती और प्रवेश प्रक्रिया की अंतिम तारीख, पात्रता और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी पहले से जांच लें, ताकि किसी भी अवसर से चूकना न पड़े।



