पंजाब में 6 साल बाद फिर साथ आए BJP-SAD, 2027 का चुनाव मिलकर लड़ेंगे, PM मोदी ने जताई खुशी

BJP SAD Alliance in Punjab: पंजाब की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। लंबे वक्त तक एक-दूसरे के साथ सत्ता में रहे बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल ने एक बार फिर हाथ मिला लिया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ऐलान किया है कि दोनों पार्टियां 2027 का विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी। इसके साथ ही अकाली दल की NDA में वापसी हो गई है। गठबंधन ने पंजाब को नशामुक्त बनाने, किसानों की समस्याएं दूर करने और युवाओं को रोजगार देने का संकल्प लिया है। शाह ने घोषणा की है कि भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (SAD) आगामी 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव एक साथ मिलकर लड़ेंगे। आज से अकाली दल NDA के साथी के रूप में राजनीति में काम करेंगे।
यह भी पढ़ें:- बस्तर से बलरामपुर तक रोजगार के अवसर, कहीं प्लेसमेंट कैंप तो कहीं सीधी भर्ती, छत्तीसगढ़ में रोजगार के खुले कई दरवाजे
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा और अकाली दल और NDA जो लड़ेगा, पंजाब में कई प्रमुख चीजों की घोषणापत्र का हम ऐलान करेंगे मगर एक चीज मैं बहुत स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि पंजाब से नशा, भ्रष्टाचार का उन्मूलन हमारा प्रमुख लक्ष्य होगा और पंजाब में राष्ट्रवादी शक्तियों को मजबूत करना हमारा प्रमुख लक्ष्य होगा। अभी वहीं की जो सरकार है, अरविंद केजरीवाल यह वादा करके आए थे कि 3 महीने में वो नशे को खत्म कर देंगे। वहां नशा खत्म नहीं हुआ बल्कि बढ़ा। 2017 में राहुल गांधी यह वादा करके आए थे कि इस कार्यकाल में हम नशे को खत्म कर देंगे मगर उनकी पार्टी ने भी नशे के लिए कुछ नहीं किया। एक वादा जो वहां मैं करके आया हूं, उसे दोहराना चाहता हूं कि 31 दिसंबर 2029 तक हम पंजाब को पूरी तरह से नशे से मुक्त कर देंगे। किसानों की समस्या, पंजाब की आर्थिक विकास की चिंता और पंजाब के युवा की रोजगार की चिंता, इसके बारे में नितिन नवीन और सुखबीर सिंह बादल के बीच 3 महीने तक लंबी चर्चा होने के बाद एक रोडमैप बना है और इस रोडमैप पर हमारी NDA की बनने वाली सरकार आगे बढ़ेगी।

शाह ने कहा कि वहां जो AAP पार्टी की सरकार चल रही है, वो एक तरह से वादा खिलाफी वाली सरकार है। इन्होंने अपना कोई वादा पूरा नहीं किया है और पंजाब की जनता तय करके बैठी है कि जिन्होंने गुरुओं का अपमान किया है, वो सरकार और वो व्यक्ति, दोनों को हम सहन नहीं करेंगे। आज जब भाजपा और अकाली दल साथ में आ रहे हैं तो मुझे विश्वास है कि पंजाब की जनता का यह फैसला और मजबूत होगा और परिवर्तन होगा। मुझे भरोसा है कि पंजाब की जनता, मोदी जी के नेतृत्व में NDA को भारी बहुमत देगी, पंजाब को नशा मुक्त बनाने का जो दोनों पार्टियों का फैसला है, उसको आशीर्वाद देगी। पंजाब के किसानों की समस्या को समाप्त करने का हमारा जो संकल्प है, उसे पंजाब की जनता का साथ मिलेगा और हिंदू-सिख भाईचारे को भी पंजाब की जनता का आशीर्वाद मिलेगा। वहीं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि आज कार्तिक पूर्णिमा भी है और गुरु पर्व की भी आपको बहुत-बहुत बधाई देता हूं। आज बहुत पावन दिन है और आज पंजाब हित में बहुत बड़ा निर्णय हुआ है। मैं सुखबीर सिंह बादल जी को और उनके पार्टी के सदस्यों को बहुत-बहुत शुमकामनाएं देता हूं कि आपका NDA गठबंधन में शामिल होना हम सबकी ताकत को बढ़ाएगा। (BJP SAD Alliance in Punjab)

नितिन नवीन ने कहा कि जिस प्रकार से पीएम मोदी लगातार सिख समाज के लिए, पंजाब के विकास के लिए जो अपना योगदान दिया है तो मुझे पूरी उम्मीद है कि NDA गठबंधन हम लोग साथ में आ रहे हैं हम पंजाब के उस संकल्प को जिसमें हमारी सरकार ने पीएम मोदी के नेतृत्व में नशा मुक्त पंजाब बनाने का जो संकल्प लिया है पंजाब के युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा और विकास मुक्त सरकार जो विकास के साथ-साथ हर आम आदमी की चिंता करें। ऐसी सरकार बनाने का हम संकल्प लेंगे। हम पंजाब को फिर से विकसित पंजाब की दिशा में आगे बढ़ेंगे और विकसित भारत बनाने के सपने में पंजाब का योगदान अमूल्य होगा। सीट बंटवारे को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा की कि हमारे बड़े की भूमिका में रहेंगे और जब मैंने कहा कि स्वाभाविक गठबंधन है, तो सीटों के आंकड़े 117 रहेंगे और हम पूरी ताकत के साथ लड़ेंगे। आंकड़ों का गणित चीजों को देखकर किया जाता है और वो समय पर हम लोग करेंगे।

शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि यह सिर्फ एक राजनीतिक गठबंधन नहीं है, बल्कि एक भावनात्मक जुड़ाव है। जैसा कि मेरे स्वर्गीय पिता कहा करते थे, अकाली दल और BJP का रिश्ता अटूट है, जो बहुत गहराई से जुड़ा हुआ है… यह गठबंधन पंजाब के हित में, देश के हित में और सिख समुदाय के हित में है। आपने देखा ही होगा कि यह गठबंधन कितने लंबे समय तक चला और इसके दौरान कितनी सरकारें बनीं; पंजाब तरक्की कर रहा है। पंजाब में शांति रही है और भाईचारा कायम रहा है। शिरोमणि अकाली दल कोई नई पार्टी नहीं है, यह भारत के इतिहास की दूसरी सबसे पुरानी पार्टी है। देश की आज़ादी में शिरोमणि अकाली दल के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का सबसे बड़ा योगदान रहा है। आज़ादी के बाद भी चाहे गरीबों का मुद्दा हो, पंजाब का मुद्दा हो, मज़दूरों का मुद्दा हो या फिर देश का मुद्दा शिरोमणि अकाली दल ने हमेशा संघर्ष किया है। बादल ने आगे कहा कि ये पंजाब की जनता की भावना का गठबंधन है हर वर्ग चाहती है कि बीजेपी और अकाली दल एक साथ हो।

भाजपा-SAD के गठबंधन पर पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि आज बहुत शुभ दिन है कि शिरोमणि अकाली दल और भाजपा का गठबंधन हुआ। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने बुरा हाल कर दिया था इसलिए अच्छी सरकार आएगी और पंजाब का भला होगा, पंजाब फिर से खुशहाल होगा… सबसे पहले तो हम नशे को खत्म करेंगे। नशा एक बहुत बड़ी बीमारी है जो पंजाब में चल रहा है। पंजाब में हालात बहुत खराब हैं। वहां पर नौजवानों के लिए रोजगार नहीं है। औद्योगीकरण करेंगे और जब डबल इंजन की सरकार आएगी तो पंजाब तरक्की करेगा। मैंने पहले भी कहा है और फिर कह रहा हूं कि हमारी लड़ाई 117 सीटों पर है। आज जो मौजूदा सरकार है, लोग उससे बड़े तंग हैं। पंजाब में नशे का एक बहुत बड़ा मुद्दा है। पंजाब में माली हालत बहुत बुरी है। पंजाब में गैंगस्टरवाद है, नौजवानों को नौकरी नहीं मिल रही, किसान दुखी है, कर्मचारी दुखी है, क्योंकि उनको DA नहीं मिल रहा है; इन सब मुद्दों के लिए लोगों को एक उम्मीद है कि भारतीय जनता पार्टी और SAD की सरकार आएगी, पंजाब में सरकार बनेगी और दोबारा पंजाब को खुशहाल करेगी। AAP को हराने के सवाल पर उन्होंने कहा कि 100 प्रतिशत। हमारे साथ अवाम है, हमारे साथ लोग हैं। लोग यहां तक कहते हैं कि आचार संहिता लग जाए, हम इनको गांव में नहीं घुसने देंगे।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि पंजाब और पंजाब के लोगों के कल्याण को सबसे ऊपर रखते हुए, मुझे बहुत खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल की NDA परिवार में वापसी हुई है और वह भी श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर। हमारा यह गठबंधन स्वाभाविक है, जो यह सुनिश्चित करेगा कि पंजाब को एक ऐसी जन-हितैषी सरकार मिले, जो राज्य को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाए। अटल जी, आडवाणी जी और सरदार प्रकाश सिंह बादल जी द्वारा सींचा गया अकाली दल-भाजपा गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारा यह गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा। भाजपा सांसद तरुण चुघ ने कहा कि आज गुरु नानक साहब जी का गुरु पुरब है और बहुत पवित्र दिन है बुराई के खिलाफ और भारत पर हो रहे हमलों के बारे में जो उन्होंने बोला और उस समय के समाज को इन सब के लिए लड़ने के लिए तैयार किया। सर्वप्रथम तो हम आज गुरु पर्व पर माथा टेकने आए हैं। अभी भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल का गठजोड़ हुआ है। पंजाब को नशे से बचाने के लिए, पंजाब के अंदर कानून-व्यवस्था बनाने के लिए, पंजाब को विकास की राह पर लाने के लिए ये गठजोड़ किया है। (BJP SAD Alliance in Punjab)

भाजपा नेता गौरव भाटिया ने कहा कि बहुत ही ऐतिहासिक गठबंधन है और पंजाब की जनता भी इंतजार कर रही थी। पंजाब में NDA की सरकार बनेगी और हमारा जो संकल्प है कि पंजाब को नशा मुक्त करना है उसकी तरफ बढ़ता हुआ ये एक मजबूत कदम है और हम सब चाहते हैं कि पंजाब का विकास हो और जो लोग पंजाब में सीएम बनकर केवल अपनी तिजोरी भर रहे हैं और पंजाब को उन्होंने नशे की तरफ धकेल दिया ऐसे लोगों को पंजाब की जनता उखाड़ फेंकेगी। भाजपा नेता RP सिंह ने कहा कि यह गठबंधन पंजाब के हित में है। हमारा पहले भी गठबंधन रहा है; हमने तीन बार सरकार बनाई और हमारा गठबंधन 24 साल तक चला। कुछ कारणों से यह गठबंधन कमजोर पड़ा और आखिरकार टूट गया, लेकिन पंजाब की जनता चाहती थी कि यह गठबंधन फिर से वापस आए। अब इस गठबंधन के बनने से, पंजाब से आम आदमी पार्टी पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि पंजाब के लोगों ने वही दर्द झेला है जो दिल्ली के लोगों ने 10 सालों तक झेला था। दिल्ली को लूटने वाला एक गैंग पंजाब पहुंच गया था और उसने पंजाब को बर्बाद करने का काम किया। पंजाब में कानून-व्यवस्था फेल हो गई है। पंजाब में नशे के असर के कारण कई परिवार तबाह हो गए हैं। पंजाब बदलाव के लिए तैयार है। आने वाले चुनावों में पंजाब में NDA अपनी सरकार बनाएगा।



