Google Analytics —— Meta Pixel

धान खरीदी शुरू होते ही सक्रिय हुए बिचौलिए, धान के अवैध कारोबार पर चौतरफा वार, कई जिलों में छापेमारी

Paddy Procurement Monitoring Drive: छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध धान के भंडारण, परिवहन और खरीदी केंद्रों में खपाने की कोशिशों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीमें लगातार जांच और छापेमारी कर रही हैं। इस दौरान कोचियों, बिचौलियों, व्यापारियों और निजी गोदामों से बड़ी मात्रा में धान जब्त किया गया है। बलौदाबाजार, महासमुंद, कांकेर और बस्तर समेत कई जिलों में हुई कार्रवाई से साफ है कि प्रशासन इस बार धान खरीदी में अनियमितताओं को रोकने के लिए सख्ती बरत रहा है। अवैध धान के खिलाफ कार्रवाई के मामले में महासमुंद जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

यह भी पढे़ं:- एक-दूसरे की प्रगति के साथी और मुश्किल समय में सहारा हैं भारत-नेपाल: PM नरेंद्र मोदी

खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग की 1 नवंबर से 23 नवंबर 2026 तक की रिपोर्ट के मुताबिक जिले में धान से जुड़े कुल 54 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 6,110.09 क्विंटल धान जब्त किया गया है। जब्त धान में से 5,798.09 क्विंटल संबंधित व्यक्तियों को सौंप दिया गया है, जबकि 312 क्विंटल धान पुलिस थानों या अन्य अधिकृत एजेंसियों को सौंपा गया है। इसके अलावा 20 से 22 नवंबर के बीच जिले की अलग-अलग तहसीलों में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान कोमाखान के ग्राम गांजर में 600 कट्टा धान जब्त किया गया। महासमुंद के बम्हनी में गांव निर्धारित मात्रा से ज्यादा भंडारित 132 कट्टा धान मिला। सरायपाली, बसना, बागबाहरा और पिथौरा क्षेत्रों में भी गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और घरों की जांच की गई। (Paddy Procurement Monitoring Drive)

कांकेर में 16 प्रकरण दर्ज, 1,237 क्विंटल धान जब्त

कार्रवाई के दौरान 21 नवंबर को अलग-अलग जगहों से 40 से 100 कट्टा तक धान जब्त किया गया। मरौद में एक प्रतिष्ठान से 60 कट्टा यानी 24 क्विंटल धान मिला। वहीं पिथौरा क्षेत्र में निजी गोदाम में 300 पैकेट रबी फसल का धान भंडारित पाया गया। 22 नवंबर को कोमाखान, पतेरापाली, चिवराकुटा और सरायपाली में भी कार्रवाई की गई। यहां 150 कट्टा, 75 कट्टा, 350 बोरा और 55 कट्टा धान जब्ती की कार्रवाई हुई। कांकेर जिले में भी अवैध धान के भंडारण और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई जारी है। जिला खाद्य अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक अब तक कोचियों और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ कुल 16 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 1,237 क्विंटल धान जब्त किया गया है। संबंधित लोगों के खिलाफ मंडी अधिनियम 1972 के तहत कार्रवाई की गई है। दो मामलों में मंडी अधिनियम की धारा 19 और 23 के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई है। (Paddy Procurement Monitoring Drive)

बलौदाबाजार में 183 कट्टा अवैध धान जब्त

प्रशासन की टीम ने चारामा, पखांजूर, कोयलीबेड़ा, कांकेर, अंतागढ़ और दुर्गूकोंदल सहित कई क्षेत्रों में जांच की। इस दौरान धान कारोबार से जुड़े फर्म संचालकों, कोचियों और अन्य लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए। चारामा क्षेत्र के कोटतरा, जेपरा, टांहकापार और हाराडुला के अलावा पखांजूर के मरोड़ा, ताड़वेयली और सावनपुर में भी कार्रवाई की गई। बलौदाबाजार जिले में भी प्रशासन ने बिचौलियों के खिलाफ कार्रवाई की है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर सोमवार को कसडोल और सोनाखान तहसील में टीम ने जांच अभियान चलाया। इस दौरान कुल 183 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया। सोनाखान तहसील में रितेश ट्रेडर्स थारगांव से 21 कट्टा, ओम ट्रेडर्स थारगांव से 42 कट्टा और मोनू किराना स्टोर सुखरी से 40 कट्टा धान जब्त किया गया। वहीं कसडोल तहसील के ग्राम सेल में राजस्व विभाग और मंडी की संयुक्त टीम ने थोक व्यापारी प्रेमलाल साहू के प्रतिष्ठान से 40 कट्टा और यशवंत जायसवाल के प्रतिष्ठान से 40 कट्टा धान जब्त किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपार्जन केंद्रों में अवैध धान खपाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। (Paddy Procurement Monitoring Drive)

बस्तर में पिकअप और गोदाम से 134 क्विंटल धान बरामद

बस्तर जिले में भी अवैध धान के परिवहन और भंडारण के खिलाफ दो बड़ी कार्रवाई की गई। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर करपावंड-मटनार मार्ग में जांच के दौरान 24 क्विंटल धान से भरी पिकअप जब्त की गई। वहीं ग्राम पंचायत मूली में शंकर उमर वैश्य के घर और गोदाम पर छापेमारी कर 110 क्विंटल अवैध धान बरामद किया गया। दोनों मामलों में धान से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर मंडी अधिनियम की धारा 19 के तहत कार्रवाई की गई है। प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो चुकी है। ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि कोचियों और बिचौलियों का अवैध धान किसानों के नाम पर खरीदी केंद्रों में न खपाया जा सके। इसके लिए उपार्जन केंद्रों, निजी गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और धान परिवहन पर नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं। जहां भी निर्धारित मात्रा से अधिक धान का भंडारण, बिना दस्तावेज परिवहन या खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी की आशंका मिल रही है, वहां मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि धान खरीदी अभियान के दौरान अवैध भंडारण और परिवहन करने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!