Google Analytics —— Meta Pixel

एक-दूसरे की प्रगति के साथी और मुश्किल समय में सहारा हैं भारत-नेपाल: PM नरेंद्र मोदी

PM Modi Welcomes Balendra: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में भारत और नेपाल के ऐतिहासिक रिश्तों, साझा विरासत और भविष्य की साझेदारी को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि नेपाल के प्रधानमंत्री बनने के बाद अपनी पहली द्विपक्षीय यात्रा पर भारत आए बालेंद्र शाह का स्वागत करते हुए मुझे बेहद खुशी हो रही है। कुछ महीने पहले जब उन्होंने विश्व के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में UN को संबोधित किया था, तब हमें उनकी दूरदर्शिता की स्पष्ट झलक दिखाई दी थी और आज कुछ घंटों की बातचीत में मैंने नेपाल के भविष्य और भारत-नेपाल संबंधों के लिए उनके क्लियर विजन और कमिटमेंट को महसूस किया है। इस साल नेपाल की जनता ने उन्हें जो ऐतिहासिक जनादेश दिया है, वह नेपाल की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और उम्मीदों को दर्शाता है।

यह भी पढे़ं:- नंदकुमार साय को लगी चोट, CM साय ने दिखाई दरियादिली; हेलीकॉप्टर से लेकर पहुंचे रायपुर, अस्पताल में भर्ती

PM मोदी ने कहा कि भारत एक सशक्त और समृद्ध नेपाल की विकास यात्रा में हमेशा से सहभागी रहा है। इसी भावना से आज हमने अपने संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोस का नहीं, बल्कि अपनेपन और अटूट विश्वास का रिश्ता है। हमारी खुशियां साझी हैं और हमारी चुनौतियां भी। हम एक-दूसरे की प्रगति में साथी हैं और मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा भी। अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि के लिए हम गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और आज नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को नई मजबूती देने के लिए हम चौबीस हजार करोड़ नेपाली रुपए के डेवलपमेंट कोऑपरेशन पैकेज की घोषणा करते हैं। हमारा संकल्प होगा कि प्रभावित परिवारों का जीवन फिर पटरी पर लौटे, नए अवसर पैदा हों और भविष्य की आपदाओं से निपटने के लिए नेपाल की क्षमता भी और मजबूत हो। (PM Modi Welcomes Balendra)

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और गहरे पीपल-टू-पीपल टाइज के धागों से बुने हैं। भगवान राम और माता सीता हमारी साझा सभ्यता और आस्था की पहचान हैं। 2018 में जनकपुर की पावन धरती पर मैंने कहा था, “नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं, नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं। 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई। इस ऐतिहासिक अवसर ने हमारी साझा आस्था को नई ऊर्जा दी। इसके बाद से करोड़ों श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंच रहे हैं। 2025 में ही देश और दुनिया से लगभग 30 करोड़ श्रद्धालुओं ने अयोध्या की यात्रा की। आज शुरू की गई ट्रेन सेवा ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ से हम इस पवित्र रिश्ते को एक नया आयाम दे रहे हैं। इससे अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अब जनकपुर जाकर माता सीता के दर्शन करना भी सुगम हो जाएगा। हम लुम्बिनी और बोधगया सहित दोनों देशों के बौद्ध और शिव-शक्ति से जुड़े पवित्र स्थलों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए भी मिलकर काम करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज हमने उत्तराखंड और नेपाल के बीच, धारचूला रोड ब्रिज का उद्घाटन और बनबसा में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का शिलान्यास किया है। इसके साथ-साथ हम नेपाल की ओर दोधारा-चांदनी इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का काम भी तेजी से आगे बढ़ाएँगे। इन पहलों से उत्तराखंड और नेपाल के बीच व्यापार और लोगों की आवाजाही और सुविधाजनक होगी। साथ ही हम बिहार, उत्तर प्रदेश और भारत के अन्य राज्यों और नेपाल के बीच रोड, रेल और बॉर्डर कनेक्टिविटी के प्रोजेक्ट्स को भी नई गति देंगे। नेपाल के ट्रांजिट ट्रेड को और सुगम बनाने के लिए हम कांडला और पारादीप पोर्ट का एक्सेस उपलब्ध कराएंगे। मुझे विश्वास है कि बेहतर ट्रेड, कनेक्टिविटी और इन्वेस्टमेंट के इन सभी प्रयासों से नेपाल के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। नेपाल की नदियों में स्वच्छ ऊर्जा की अपार संभावनाएं हैं। भारत का विशाल एनर्जी मार्केट इन संभावनाओं को नेपाल की आर्थिक समृद्धि का एक मजबूत आधार बना सकता है। (PM Modi Welcomes Balendra)

PM मोदी ने कहा कि आज लोअर अरुण हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट का शिलान्यास और अरुण-3 को समय पर पूरा करने की हमारी प्रतिबद्धता इसी विजन का हिस्सा है। भारत कई सालों से नेपाल के लिए पेट्रोलियम पदार्थों और अन्य आवश्यक वस्तुओं का विश्वसनीय सप्लायर रहा है। हमारी नेबरहुड फर्स्ट पॉलिसी की भावना के अनुरूप इस साल ऑयल सप्लाई से जुड़ी गंभीर चुनौतियों के बावजूद हमने नेपाल को फ्यूल, फर्टिलाइजर्स और अन्य आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई बनाए रखी। आज मोतिहारी-अमलेखगंज पाइपलाइन का फेज टू का लोकार्पण और झापा पेट्रोलियम टर्मिनल का शिलान्यास इस साझेदारी को और मजबूत करेगा। नेपाल की युवा पीढ़ी प्रतिभा, ऊर्जा और बड़े सपनों से भरी है। उनके सपनों को साकार करने में भारत पूरी प्रतिबद्धता से सहभागी बनना चाहता है। इस संकल्प को साकार करने के लिए हम नेपाल में स्टार्ट-अप इनक्यूबेटर, इनोवेशन हब और IIT का एक ऑफशोर कैंपस स्थापित करेंगे। हम नेपाली स्टूडेंट्स के लिए भारत में लॉ और टेक्नोलॉजी में स्कॉलरशिप्स के अवसर बढ़ाएंगे और फूड प्रोसेसिंग और वैल्यू-एडिशन को बढ़ावा देने के लिए हम नेपाल में एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने में भी सहयोग करेंगे।

उन्होंने कहा कि रामायण की कथा आज फिल्मों और आधुनिक टेक्नॉलजी के माध्यम से नई पीढ़ी और पूरी दुनिया तक पहुंच रही है। हम चाहते हैं कि भारत और नेपाल के युवा क्रिएटर्स मिलकर अपनी साझा विरासत को नए माध्यमों से दुनिया तक पहुंचाएं। इसी दिशा में अगली WAVES समिट में हम नेपाल के एक बड़े डेलिगेशन का स्वागत करेंगे। स्पोर्ट्स खासकर क्रिकेट में भी हम नेपाल में इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास और खिलाड़ियों की ट्रेनिंग में सहयोग बढ़ाएंगे। आज हम अपने साझा भविष्य को नई दिशा देने के लिए एक जॉइंट विजन डॉक्यूमेंट जारी कर रहे हैं। यह ‘विकसित भारत और समुन्नत नेपाल’ के अपने-अपने संकल्पों को मिलकर साकार करने का ब्लू-प्रिंट है। हमारे पास स्पष्ट लक्ष्य हैं, आपसी विश्वास है, उन्हें साकार करने का सामर्थ्य भी है और सबसे बढ़कर हमारे साथ माता सीता, भगवान राम और भगवान बुद्ध के आशीर्वाद है। मुझे विश्वास है कि इसी भावना के साथ हम अपने साझा विजन को ठोस उपलब्धियों में बदलेंगे। और साथ मिलकर भारत-नेपाल संबंधों का एक नया सुनहरा अध्याय लिखेंगे। (PM Modi Welcomes Balendra)

Back to top button
error: Content is protected !!